ट्रैक्टर में ईंधन की कम खपत का राज: खेती में कैसे उपयोगी है एडवांस्ड फ्यूल फिल्ट्रेशन
लेखक: श्री निरंजन किर्लोस्कर, मैनेजिंग डायरेक्टर, फ्लीटगार्ड फिल्टर्स प्राइवेट लिमिटेड
20 मई 2026, नई दिल्ली: ट्रैक्टर में ईंधन की कम खपत का राज: खेती में कैसे उपयोगी है एडवांस्ड फ्यूल फिल्ट्रेशन – अक्सर हम कहते हैं की खेती भारत की अर्थव्यवस्था की बुनियाद है। किसी ज़माने में खेती से जुड़े कामकाज में लोगों को बहुत ज़्यादा शारीरिक मेहनत करनी पड़ती थी, लेकिन आज इस क्षेत्र को काफी हद तक भरोसेमंद मशीनों का सहारा मिल गया है। आज के किसान के लिए, ट्रैक्टर सिर्फ़ खेत की जुताई का साधन नहीं रह गया है, बल्कि उनके लिए एक ऐसी ताकत और सबसे ज़रूरी चीज़ बन गया है, जिस पर पूरे मौसम में फ़सल की पैदावार निर्भर है। और इस मशीन के रुकते ही, सारा काम ठप पड़ जाता है। आज के दौर में खेती का तरीका धीरे-धीरे आधुनिक होता जा रहा है और इंजन भी पहले से ज़्यादा दमदार हो गए हैं, लेकिन ईंधन में मिलावट एक ऐसी छिपी हुई समस्या है जिस पर अक्सर किसी का ध्यान नहीं जाता।
बुआई या कटाई के दौरान अगर मशीन कुछ घंटों के लिए भी अचानक खराब हो जाए, तो इससे काम में देरी होने के साथ-साथ किसानों को पैसों का भी नुकसान हो सकता है। इसलिए, फसल की पैदावार को बनाए रखने और किसानों की आय की सुरक्षा के लिए इस बात का ध्यान रखना बहुत ज़रूरी है कि, खेत में ट्रैक्टर भरोसेमंद तरीके से अपना काम करता रहे।
इसके साथ-साथ, भारत स्टेज (BS) मानकों के अनुरूप नए ट्रैक्टर उत्सर्जन नियम (TREM) भी ट्रैक्टरों को पहले की तुलना में ज्यादा स्वच्छ बनाने पर ज़ोर दे रहे हैं जिसमें ईंधन की खपत काफी कम हो। इन नीतियों से इस सच्चाई को और मजबूती मिली है कि, स्वच्छ ईंधन का उपयोग करना अब केवल एक विकल्प नहीं रह गया है।
आधुनिक इंजन: दमदार, लेकिन बेहद नाजुक
आज के ट्रैक्टर, बीते दौर की मशीनों की तुलना में काफी अलग होते हैं। पुराने इंजन काफी सरल लेकिन मजबूत हुआ करते थे। वे घटिया दर्जे वाले ईंधन और इस्तेमाल में लापरवाही को भी बड़े आराम से झेल लेते थे। लेकिन आज के ट्रैक्टरों में बहुत अधिक सटीकता से काम करने वाले फ्यूल सिस्टम लगे होते हैं, जिन्हें कम ईंधन खर्च करके ज़्यादा पावर देने के लिए डिज़ाइन किया गया है। इससे प्रदूषण कम होने के साथ-साथ पहले के मुकाबले ज्यादा काम कर पाना संभव हुआ है, लेकिन ये नए इंजन बहुत ज़्यादा नाजुक भी होते हैं।
अगर इसे सरल शब्दों में कहें तो, धूल के बेहद छोटे कण भी फ्यूल सिस्टम को भारी नुकसान पहुँचा सकते हैं। अगर यह गंदगी या जंग इंजन के भीतर पहुँच जाए, तो इससे इंजेक्टर और फ्यूल पंप धीरे-धीरे घिसने लगता है। ऐसे मामलों में, बाहर से देखकर लगता है कि ट्रैक्टर ठीक-ठाक काम कर रहा है, लेकिन इससे इंजन के अंदरूनी हिस्से को होने वाला नुकसान आपकी जेब भारी पड़ने लगता है। धीरे-धीरे ईंधन की खपत बढ़ जाती है, पावर कम हो जाती है, और धुआं भी ज़्यादा निकलने लगता है। इसकी वजह से, आगे चलकर आपको ट्रैक्टर की मरम्मत पर बहुत ज़्यादा खर्च करना पड़ सकता है।
आज के ज़माने के इंजन सिर्फ़ ईंधन पर ही निर्भर नहीं रहते, बल्कि सुरक्षा के लिए बनाए गए सिस्टम की भूमिका भी बहुत अहम होती है, जिनमें लुब्रिकेशन फिल्ट्रेशन, एयर इनटेक फिल्ट्रेशन, कूलेंट फिल्ट्रेशन, हाइड्रोलिक फिल्ट्रेशन और क्रैंककेस वेंटिलेशन सिस्टम शामिल हैं। ये सारी चीज़ें एक साथ मिलकर इंजन की सेहत को बनाए रखते हैं, इसके खास पुर्ज़ों को खराब होने से बचाते हैं और ट्रैक्टर की उम्र बढ़ाते हैं।
खेती के लिए मौजूदा हालात इस समस्या को और गंभीर बनाते हैं
खेती का काम खुले खेतों में धूल-मिट्टी के बीच होता है, और इसी वजह से वहाँ साफ़-सफ़ाई बनाए रखना मुश्किल है। ट्रैक्टर के लिए इस्तेमाल होने वाला ईंधन भी अक्सर किसानों तक पहुँचने से पहले एक लंबा सफ़र तय करता है। यह बात तो स्पष्ट है कि खेती का काम ज़्यादातर ग्रामीण इलाकों में होता है, जहाँ अक्सर पुराने टैंकों या लोहे के ड्रमों में ईंधन जमा करके रखा जाता है। इस वजह से, ईंधन में धूल, नमी और पानी बहुत आसानी से मिल जाती है।
ट्रैक्टर धूल भरे खेतों, बदलते तापमान और मुश्किल इलाकों में भी लगातार काम करते हैं, जिसकी वजह से उनके इंजन को गंदगी से बचाना और भी ज़्यादा ज़रूरी हो जाता है।
पानी तो सबसे ज़्यादा खतरनाक होता है। आमतौर पर पानी को “डीज़ल बग” कहा जाता है, क्योंकि इसकी वजह से लगने वाली जंग अक्सर कुछ हानिकारक सूक्ष्मजीवों को पनपने में मदद करती है। यह डीजल बग ईंधन के बहाव को रोक सकता है या इंजन को भी नुकसान पहुँचा सकता है।
एक सामान्य फ्यूल फिल्टर दिखाई देने वाली गंदगी को तो रोक सकता है, लेकिन यह पानी और बहुत बारीक कणों को असरदार तरीके से रोकने में नाकाम रहता है।
क्यों एडवांस्ड फ्यूल फिल्ट्रेशन असली बदलाव लाने में कारगर है
आज के आधुनिक और एडवांस्ड फ्यूल फिल्ट्रेशन सिस्टम दो-परतों वाली सुरक्षा प्रणालियों की तरह काम करते हैं। इसकी पहली परत पानी और धूल के बड़े कणों को बाहर निकाल देती है। जबकि सुरक्षा की दूसरी परत उन बहुत ही बारीक कणों को रोकने का काम करती है, जो इंजेक्टर को नुकसान पहुँचा सकते हैं। इस प्रकार, दो-परतों वाला यह सिस्टम इंजन तक पहुँचने से पहले ही ईंधन को साफ कर देता है।
इसके ज़रिए किसानों को इन चार अहम पहलुओं में बहुत अधिक लाभ होता है:
• इससे ईंधन की खपत कम होती है।
• इससे किसान को अपने उसी ट्रैक्टर से ज़्यादा पावर हासिल करने में मदद मिलती है।
• इससे ज़्यादा काम के मौसम में खराबी आने की संभावना कम होती है।
• इससे रखरखाव और मरम्मत का खर्च काफी कम हो जाता है।
भरोसेमंद फ़िल्ट्रेशन सिस्टम यह सुनिश्चित करने में भी अहम भूमिका निभाते हैं कि खेती के व्यस्त मौसम में ट्रैक्टर बिना रुके चलता रहे, जिससे किसानों का समय बचता है और काम की रफ़्तार बनी रहती है।
इसके अलावा, फ़िल्टर बदलने पर बहुत कम खर्च आता है और इंजेक्टर बदलने या खेती के मौसम में काम रुकने से होने वाले नुकसान की तुलना में यह खर्च बेहद मामूली है।
सोच में एक छोटा-सा बदलाव
आज के दौर का एडवांस्ड फ्यूल फिल्ट्रेशन सिस्टम किसान के लिए एक बड़ी पूंजी है। ये सिस्टम इंजन को बेहद उबड़-खाबड़ रास्तों, ईंधन में बदलाव, प्रदर्शन पर बुरा असर डालने वाले दूसरे कारकों से होने वाली छोटी-मोटी खराबी से अच्छी तरह बचाते हैं। अच्छे फिल्ट्रेशन सिस्टम पर खर्च करना, असल में अपने ट्रैक्टर के लिए बीमा खरीदने जैसा ही है।
साफ़-सुथरे ईंधन के इस्तेमाल से इंजन लंबे समय तक चलते हैं, बेहतर प्रदर्शन करते हैं, और इस तरह प्रदूषण से जुड़े नए नियमों का भी पालन होता है। अगर फ़िल्ट्रेशन सिस्टम का अच्छी तरह रखरखाव किया जाए, तो इससे निश्चित तौर पर खेती के मुश्किल कामों के दौरान भी ऐसे उपकरण लगातार भरोसेमंद प्रदर्शन करते रहते हैं।
ट्रैक्टर टेक्नोलॉजी लगातार आगे बढ़ रही है, लिहाजा फ्यूल फिल्ट्रेशन टेक्नोलॉजी को भी इसके साथ कदम मिलाकर चलना होगा। आज के एडवांस्ड फ्यूल फिल्ट्रेशन पहले की तुलना में कई गुना बेहतर हैं जो चुपचाप अपना काम करते रहते हैं, लेकिन उनका असर बहुत बड़ा और ज़बरदस्त होता है। ये सिस्टम किसानों के लिए बेहद मददगार हैं। इंजन को किसी भी अनदेखे खतरे से बचाने वाले आज के एडवांस्ड फ्यूल फिल्ट्रेशन सिस्टम, भारतीय किसानों को बेहतर पैदावार और कम खर्च के साथ एक उज्जवल भविष्य की ओर ले जा रहे हैं।
कभी-कभी, छोटी-सी सुरक्षा ही बड़े बदलाव की वजह बन जाती है।
आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture

