राज्य कृषि समाचार (State News)

मध्यप्रदेश में मत्स्य निवेश को मिलेगी नई दिशा

एकीकृत मत्स्य उद्योग नीति-2026 के तहत निवेशकों के साथ मंथन, जल संसाधनों के बेहतर उपयोग पर जोर

20 अगस्त 2026, भोपाल: मध्यप्रदेश में मत्स्य निवेश को मिलेगी नई दिशा- मध्य प्रदेश में मत्स्य क्षेत्र को उत्पादन तक सीमित न रखते हुए इसे आधुनिक, सशक्त और रोजगारोन्मुख उद्योग के रूप में विकसित करने की दिशा में सरकार ने कदम तेज कर दिए हैं। इसी उद्देश्य से मछुआ कल्याण तथा मत्स्य विकास विभाग के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री नारायण सिंह पंवार ने बुधवार को मंत्रालय में मध्यप्रदेश एकीकृत मत्स्य उद्योग नीति-2026 के अंतर्गत कार्यप्रणाली एवं नीतिगत प्रावधानों को लेकर निवेशकों के साथ महत्वपूर्ण बैठक की।

बैठक में प्रदेश के विभिन्न जलाशयों में मत्स्य निवेश की संभावनाओं, उपलब्ध जल संसाधनों के बेहतर उपयोग और मत्स्य उत्पादन को बढ़ाने के उपायों पर विस्तार से चर्चा हुई। राज्यमंत्री ने निवेशकों से उनके सुझाव प्राप्त किए और निवेश के दौरान सामने आने वाली संभावित चुनौतियों तथा आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर भी विचार-विमर्श किया।

श्री पंवार ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश सरकार निवेशकों के लिए अनुकूल वातावरण तैयार करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि मत्स्य विभाग को केवल उत्पादन से जोड़कर नहीं देखा जा रहा है, बल्कि इसे व्यापार, उद्योग और रोजगार के महत्वपूर्ण क्षेत्र के रूप में विकसित करने का प्रयास किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि निवेशकों की सुविधा सरकार की प्राथमिकता है। उनकी आवश्यकताओं को समझते हुए निवेश से संबंधित कठिनाइयों का निराकरण किया जाएगा तथा बेहतर व्यवस्थाएं उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। प्रदेश में निवेश करने वाले उद्यमियों को हरसंभव सहयोग प्रदान किया जाएगा।

राज्यमंत्री ने कहा कि सरकार की नीतियां निवेशकों के हितों को ध्यान में रखकर तैयार की जा रही हैं। मध्यप्रदेश में उद्योग एवं निवेश के लिए लगातार अनुकूल वातावरण बनाया जा रहा है, ताकि अधिक से अधिक निवेश आकर्षित हो और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी बढ़ें।

बैठक में प्रमुख सचिव श्री स्वतंत्र कुमार सिंह ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप प्रदेश में उपलब्ध जल संसाधनों की क्षमता का वैज्ञानिक एवं व्यवस्थित उपयोग करते हुए मत्स्य उत्पादन को बढ़ावा दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि नई नीति के माध्यम से मत्स्य क्षेत्र में निवेश की संभावनाओं को विस्तार देने और उपलब्ध संसाधनों का अधिक प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture