Ad DesktopAd TabletAd Mobile
राज्य कृषि समाचार (State News)

स्लॉट बुकिंग नहीं होने और खरीदी मात्रा कम दर्ज़ होने पर किसानों ने ज्ञापन सौंपा

22 अप्रैल 2026, (उमेश खोड़े, कृषक जगत, पांढुर्ना):  स्लॉट बुकिंग नहीं होने और खरीदी मात्रा कम दर्ज़ होने पर किसानों ने ज्ञापन सौंपा – ग्राम पारडी तहसील पांढुर्ना के किसानो ने स्लॉट बुकिंग नहीं होने और खरीदी मात्रा कम दर्ज़ होने संबंधी समस्याओं  को लेकर कलेक्टर और तहसीलदार ,पांढुर्ना को  पृथक -पृथक ज्ञापन सौंपकर समस्या समाधान की मांग की गई।  ज्ञापन सौंपने के बाद भारतीय किसान संघ ( भाकिसं ) पांढुर्ना के जिला मंत्री श्री नीरज दुबे ने कहा कि किसानों की समस्या के समाधान हेतु प्रयासरत हैं।  यदि शीघ्र  हल नहीं  हुई  तो पांढुर्ना सहित प्रदेश में बड़ा आंदोलन किया जाएगा।

ग्राम पारडी के किसान सर्व श्री मनोहर कोरडे ,बिजाराम हजारे ,हेमराज बारंगे, संजय बारंगे, राजू कोरडे ,अजय बोबड़े, दुर्गादास , शुभम कोरडे ,नीलेश तथा ग्राम रायबासा के श्री मधुकर पांसे ने कृषक जगत को बताया कि हम सभी किसानों ने गेहूं उपार्जन हेतु पंजीयन कराया है , लेकिन वर्तमान में स्लॉट बुकिंग की समस्या आ रही है। पोर्टल पर सैटेलाइट द्वारा असत्यापित दर्शाया जा रहा है।  इसके अलावा जिन किसानों को स्लॉट बुकिंग  से संबंधित  सन्देश मिले हैं , उसमें खरीदी की मात्रा बहुत कम ( जैसे 2  एकड़ पर 7  क्विंटल ) दर्शायी जा  रही है, जो कि वास्तविक उत्पादन से बहुत कम है। इस समस्या पर क्षेत्र के पटवारी ने कहा कि इस बारे में हम कुछ नहीं कर सकते  हैं।  किसानों ने सैटेलाइट समस्या के शीघ्र समाधान करने तथा गेहूं खरीदी की मात्रा का पुनः  निर्धारण करने की मांग की है।

ज्ञापन सौंपने के बाद पत्रकारों से मुखातिब भाकिसं के जिला मंत्री श्री नीरज दुबे ने कहा कि हम लोगों ने मुख्यमंत्री के सामने किसानों की समस्या रखी है। स्लॉट बुकिंग नहीं होने की समस्या बहुत जगह से आ रही है। प्रशासनिक परेशानियों के कारण कार्य पूर्ण नहीं हो पा रहे हैं। शासन ने आश्वस्त किया है कि जल्द ही किसानों के स्लॉट बुक हो जाएंगे।  इसके लिए हम प्रयासरत हैं।  यदि जल्दी कोई समाधान नहीं किया तो पांढुर्ना सहित प्रदेश में बड़ा आंदोलन किया जाएगा। एक अन्य सवाल  कि ऐसा तो नहीं  कि सरकार की तैयारियां पूरी नहीं है, इसलिए वह समय पास कर रही है ? के जवाब में श्री दुबे ने कहा कि सरकार की ऐसी मंशा हो सकती है। किसानों की समस्या को लेकर सरकार, आपदा में अवसर तलाशने का प्रयास कर रही है। लेकिन हम किसानों के हित में लगे हुए हैं। जल्द से जल्द कोई निर्णय लेकर किसानों के हित में अवश्य कोई कार्रवाई करेंगे।

Ad DesktopAd TabletAd Mobile

आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture

कृषक जगत को व्हाट्सएप पर फॉलो करें
खेती-किसानी की ताज़ा खबरें, सीधे आपके फ़ोन पर
चैनल फॉलो करें