किसानों को निर्धारित शेड्यूल के अनुसार मिले बिजली – कलेक्टर रायसेन
28 अक्टूबर 2026, रायसेन: किसानों को निर्धारित शेड्यूल के अनुसार मिले बिजली – कलेक्टर रायसेन – कलेक्टर श्री रोहित सिसोनिया ने विद्युत विभाग के अधिकारियों की बैठक लेकर जिले में बिजली आपूर्ति व्यवस्था की समीक्षा की तथा उपभोक्ताओं और किसानों को निर्बाध एवं निर्धारित समय-सारणी के अनुसार विद्युत उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
कलेक्टर श्री सिसोनिया ने कहा कि किसानों को निर्धारित शेड्यूल के अनुसार बिजली उपलब्ध कराई जाए, ताकि उन्हें कृषि कार्यों में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। यदि अपरिहार्य कारणों से विद्युत आपूर्ति के समय में बदलाव किया जाना आवश्यक हो, तो इसकी सूचना किसानों को पर्याप्त समय पहले दी जाए, जिससे वे अपनी कृषि गतिविधियों की योजना बना सकें। उन्होंने विद्युत विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि बिजली आपूर्ति के दौरान आने वाली तकनीकी समस्याओं का प्राथमिकता से निराकरण किया जाए। कहीं भी तकनीकी खराबी आने पर विद्युत विभाग का अमला तत्काल मौके पर पहुंचकर जल्द से जल्द सुधार कार्य सुनिश्चित करे।
कलेक्टर ने कहा कि बिजली उपभोक्ताओं की समस्याओं को गंभीरता से सुना जाए और उनका संवेदनशीलता एवं तत्परता के साथ निराकरण किया जाए। आमजन को अनावश्यक रूप से परेशान न होना पड़े, इसके लिए विभागीय अमला जिम्मेदारी के साथ कार्य करे। कलेक्टर श्री सिसोनिया ने सभी एसडीएम को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने विकास खंडों में आगामी 15 से 20 दिनों तक प्रतिदिन विद्युत विभाग के कार्यों एवं बिजली आपूर्ति व्यवस्था की समीक्षा करें। साथ ही किसानों और आम उपभोक्ताओं से संबंधित शिकायतों के निराकरण की भी नियमित मॉनिटरिंग करें, ताकि जिले में विद्युत व्यवस्था सुचारू बनी रहे।
आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture


