गुना में गुलाब की खेती से किसान कमा रहे 15 लाख का मुनाफा, अब 30 लाख तक पहुंचाने का लक्ष्य
20 नवंबर 2026, गुना: गुना में गुलाब की खेती से किसान कमा रहे 15 लाख का मुनाफा, अब 30 लाख तक पहुंचाने का लक्ष्य – मध्यप्रदेश के गुना जिले में किसान अब परंपरागत खेती के साथ लाभकारी उद्यानिकी फसलों की ओर तेजी से बढ़ रहे हैं। पॉलीहाउस में गुलाब, थाई पिंक अमरूद के बगीचे, मसाला फसलें और आधुनिक तकनीक से सब्जियों का उत्पादन कर किसान अपनी आय बढ़ा रहे हैं। इसी क्रम में कलेक्टर किशोर कन्याल ने ग्राम भदौरा में किसान श्री नर्मदा शंकर भार्गव के खेत का भ्रमण कर विभिन्न उद्यानिकी गतिविधियों का निरीक्षण किया।
इस दौरान कलेक्टर ने पॉलीहाउस में गुलाब की खेती, शेडनेट हाउस में टमाटर, मटर, गोभी, ककड़ी, मूली और ब्रोकली सहित विभिन्न सब्जियों के उत्पादन का जायजा लिया। साथ ही अमरूद और आम के फलोद्यानों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने किसान से उत्पादन, आधुनिक तकनीक, खेती की लागत, विपणन और इससे होने वाली आय के संबंध में जानकारी ली।
गुलाब उत्पादन 8 लाख फूल प्रति एकड़ तक पहुंचाने का लक्ष्य
कलेक्टर किशोर कन्याल ने कहा कि गुना जिले में पॉलीहाउस आधारित गुलाब की खेती किसानों के लिए लाभकारी व्यवसाय बनकर उभर रही है। वर्तमान में किसान एक एकड़ में गुलाब की खेती से करीब 15 लाख रुपये तक का मुनाफा कमा रहे हैं। प्रशासन का प्रयास है कि आधुनिक तकनीक और बेहतर उत्पादन प्रबंधन के माध्यम से प्रति एकड़ गुलाब उत्पादन को 5 लाख फूल से बढ़ाकर 7 से 8 लाख फूल तक पहुंचाया जाए।
उन्होंने कहा कि उत्पादन बढ़ाने के साथ फूलों की गुणवत्ता, ग्रेडिंग, पैकेजिंग, ब्रांडिंग और मार्केटिंग पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा, ताकि किसानों को बेहतर बाजार और उचित कीमत मिल सके। इन प्रयासों के जरिए प्रति एकड़ सालाना मुनाफे को 25 से 30 लाख रुपये तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है। कलेक्टर ने कहा कि विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने के लिए किसानों की आय में केवल दोगुनी नहीं, बल्कि कई गुना वृद्धि जरूरी है। जिला प्रशासन और उद्यानिकी विभाग किसानों को आधुनिक तकनीक और लाभकारी खेती से जोड़ने के लिए लगातार प्रयास कर रहे हैं।
उद्यानिकी फसलों का रकबा 16 से बढ़ाकर 30 प्रतिशत करने की तैयारी
कलेक्टर ने बताया कि पिछले दो वर्षों में जिले में उद्यानिकी फसलों का रकबा तेजी से बढ़ा है। वर्तमान में कुल कृषि रकबे के करीब 16 प्रतिशत हिस्से में उद्यानिकी फसलों की खेती हो रही है। इसे बढ़ाकर 30 प्रतिशत तक ले जाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। उपसंचालक उद्यान जिला गुना के.पी.एस. किरार ने बताया कि जिले के किसान अब धनिया, लहसुन, प्याज, मिर्च, गेंदा, पॉलीहाउस में गुलाब, थाई पिंक अमरूद और ड्रिप व मल्चिंग तकनीक से सब्जियों की खेती की ओर आकर्षित हो रहे हैं।
उन्होंने कहा कि किसानों के बीच उद्यानिकी खेती को लेकर उत्साह और सकारात्मक माहौल बन रहा है। जिला प्रशासन और कलेक्टर किशोर कन्याल के मार्गदर्शन में विभाग अधिक से अधिक किसानों को आधुनिक तकनीक, फसल विविधीकरण और बेहतर विपणन व्यवस्था से जोड़ने का प्रयास कर रहा है, ताकि उनकी आय में उल्लेखनीय वृद्धि हो सके। उन्होंने बताया कि गुना को गुलाब और अन्य उच्च मूल्य वाली उद्यानिकी फसलों के प्रमुख उत्पादन केंद्र के रूप में स्थापित करने की दिशा में लगातार काम किया जा रहा है।
आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture


