राज्य कृषि समाचार (State News)

किसानों की सुविधा सर्वोपरि, उपार्जन में कोई दिक्कत न हो – राजस्व मंत्री करण सिंह वर्मा  

02 अप्रैल 2026, भोपाल: किसानों की सुविधा सर्वोपरि, उपार्जन में कोई दिक्कत न हो – राजस्व मंत्री करण सिंह वर्मा  – आगामी 10 अप्रैल से शुरू होने वाले गेहूं उपार्जन को लेकर तैयारियों के संबंध में राजस्व मंत्री  करण सिंह वर्मा ने कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में संबंधित अधिकारियों की बैठक लेकर तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। जिले में गेंहूं उपार्जन के लिये आवश्यक व्यवस्थाओं के बारे में कलेक्टर श्री बालागुरू के. ने विस्तार से जानकारी दी।

बैठक में राजस्व मंत्री वर्मा ने कहा कि किसान देश का अन्नदाता है। उपार्जन के दौरान किसानों को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी उपार्जन केंद्रों पर छाया, पेयजल, बैठने की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। इसके साथ ही तौल कांटों की पर्याप्त व्यवस्था और उनकी नियमित जांच करने के भी निर्देश दिए।

 राजस्व मंत्री श्री वर्मा ने कहा कि गेहूं की तौल निर्धारित मानकों के अनुसार ही की जाए और तौल में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी या अनियमितता पाये जाने पर कड़ी कार्रवाई की जाये। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि व्यापारी किसी भी प्रकार से स्थिति का अनुचित लाभ न उठा सकें, इसके लिए सख्त मॉनिटरिंग की जाए। उन्होंने यह भी कहा कि उपार्जन केंद्रों पर किसानों के साथ शिष्टाचारपूर्ण व्यवहार किया जाए और सर्वेयर नियमों के अनुसार कार्य करें। किसी भी किसान को अनावश्यक रूप से परेशान न किया जाए। मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे नियमित रूप से उपार्जन केंद्रों का निरीक्षण करें और यदि कहीं कोई अनियमितता पाई जाए तो तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करें।

 किसानों की समस्याओं के त्वरित समाधान पर भी विशेष जोर देते हुए राजस्व मंत्री श्री वर्मा ने कहा कि शिकायतों का निराकरण तत्काल किया जाए, ताकि किसानों को बार-बार भटकना न पड़े। उन्होंने यह भी बताया कि जिले के लिए आवश्यक बारदाने की पर्याप्त व्यवस्था उपलब्ध है और इस दिशा में किसी प्रकार की कमी नहीं आने दी जाएगी। बैठक के दौरान राजस्व मंत्री श्री वर्मा ने बताया कि फूड प्रोसेसिंग कंपनी आईटीसी द्वारा इस वर्ष 40 प्रतिशत गेंहू खरीदने की संभावना है। बैठक में उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि समन्वय के साथ कार्य करते हुए गेहूं उपार्जन प्रक्रिया को सुचारू, पारदर्शी और किसानों के हित में सफल बनाया जाए। बैठक में राजस्व मंत्री श्री वर्मा ने भैरूंदा एसडीएम श्री सुधीर कुशवाह से वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से गेहूं उपार्जन के लिये की गई व्यवस्थाओं की जानकारी ली।

बैठक में सीहोर विधायक सुदेश राय ने उपार्जन की प्रक्रिया को सुचारू रूप से संचालित करने तथा किसानों की समस्यओं के त्वरित निराकरण के संबंध में अनेक सझाव दिये। बैठक में जिला भाजपा अध्यक्ष श्री नरेश मेवाड़ा, एसडीएम श्री तन्मय वर्मा, इछावर एसडीएम श्रीमती स्वाती मिश्रा, डीडीए श्री आशोक कुमार उपाध्याय, प्रभारी जिला आपूर्ति अधिकारी श्रीमती रेशमा भामोर, कनष्ठि आपूर्ति अधिकारी श्री आकाश चंदेल, डीपीएम श्री दिनेश बर्फा सहित सभी संबंधित अधिकारी उपस्थित थे। सभी अनुभागों के एसडीएम, तहसीलदार एवं नायब तहसीलदार सहित संबंधित विभाग के अधिकारी वीसी के माध्यम से बैठक में शामिल हुए।

किसान पंजीयन और गेंहू के रकबे में बढ़ोत्तरी

बैठक में जानकारी दी गई कि सीहोर जिले में गेहूं पंजीयन में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है। वर्ष 2025-26 में जहां 88,292 किसानों ने पंजीयन कराया था, वहीं इस वर्ष यह संख्या बढ़कर 1,02,485 हो गई है, जो 116.08 प्रतिशत वृद्धि को दर्शाता है। इसी तरह पंजीकृत रकबा भी बढ़ा है। पिछले वर्ष 2,00,293 हेक्टेयर रकबा दर्ज था, जो इस वर्ष बढ़कर 2,44,959 हेक्टेयर हो गया है। यह 111.19 प्रतिशत वृद्धि है।

जिले में बनाए गए हैं 240 उपार्जन केंद्र

उपार्जन केंद्रों की बात करें तो जिले में 240 उपार्जन केंद्र बनाये जाने हैं, जिसमें से 212 उपार्जन केन्द्र बनाये जा चुके हैं। शेष केन्द्रों के लिये स्व-सहायता समूहों के प्रस्ताव राज्य शासन को भेजे गये हैं। अनुमति प्राप्त होते ही ये भी बना दिये जायेंगे। वर्ष 2025-26 में जिले में कुल 6,32,577 मीट्रिक टन गेहूं का उपार्जन किया गया था।

न्यूनतम समर्थन मूल्य

इस वर्ष गेहूं का न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) 2585 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया है, जिस पर राज्य सरकार द्वारा 40 रुपये का बोनस दिया जाएगा। इस प्रकार किसानों को कुल 2625 रुपये प्रति क्विंटल का समर्थन मूल्य प्राप्त होगा।

आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture

Advertisements