थाईपिंग अमरूद की खेती से किसान कमा रहे 8 से 10 लाख रुपये तक, गुना कलेक्टर कन्याल ने उन्नत कृषक के फार्म का किया भ्रमण
30 अगस्त 2026, भोपाल: थाईपिंग अमरूद की खेती से किसान कमा रहे 8 से 10 लाख रुपये तक, गुना कलेक्टर कन्याल ने उन्नत कृषक के फार्म का किया भ्रमण – मध्यप्रदेश के गुना जिले में किसान अब परंपरागत खेती के साथ उद्यानिकी और सब्जी उत्पादन को अपनाकर अपनी आय बढ़ा रहे हैं। थाईपिंग अमरूद की उन्नत खेती इसका एक सफल उदाहरण बनकर सामने आई है। कई किसान थाईपिंग अमरूद की खेती से सालाना 8 से 10 लाख रुपये तक की आय अर्जित कर रहे हैं। शनिवार को तहसील मधुसूदनगढ़ के प्रवास के दौरान कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल ने उन्नत कृषक गिरराज अग्रवाल के फार्म का भ्रमण किया और वहां थाईपिंग अमरूद के बगीचे का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने किसान से अमरूद की उन्नत खेती, उत्पादन, खेती की तकनीक और इससे होने वाली आय के संबंध में विस्तार से जानकारी ली।
कलेक्टर कन्याल ने कहा कि जिले में हॉर्टीकल्चर के प्रति किसानों का रुझान लगातार बढ़ रहा है। खेती के पैटर्न में थोड़ा बदलाव कर किसान पारंपरिक फसलों के साथ उद्यानिकी एवं सब्जी उत्पादन को अपनाकर अतिरिक्त आय अर्जित कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि जिले में कई किसानों ने उद्यानिकी और सब्जी उत्पादन के क्षेत्र में सफल मॉडल प्रस्तुत किए हैं।
वैज्ञानिक तरीके से खेती पर जोर
कलेक्टर ने कहा कि थाईपिंग अमरूद जैसी फसलों की विशेषता यह है कि इनके पौधे अपेक्षाकृत कम समय में विकसित हो जाते हैं। यदि इनका रोपण और प्रबंधन व्यवस्थित एवं वैज्ञानिक तरीके से किया जाए, तो किसानों की आय में उल्लेखनीय वृद्धि हो सकती है। उन्होंने किसानों को पारंपरिक खेती के साथ नई एवं लाभकारी फसलों को अपनाने के लिए प्रेरित किया। कलेक्टर ने कहा कि उद्यानिकी फसलों के माध्यम से किसान अपनी कृषि आय के स्रोतों में विविधता ला सकते हैं और बाजार की मांग के अनुसार उत्पादन कर बेहतर आमदनी प्राप्त कर सकते हैं।
सब्जी उत्पादन से भी अच्छी आय
कलेक्टर श्री कन्याल ने बताया कि जिले में कुछ किसान केवल सब्जी उत्पादन से ही लगभग 5 लाख रुपये वार्षिक तक का लाभ अर्जित कर रहे हैं। ऐसे सफल किसानों के मॉडल दूसरे किसानों के लिए भी प्रेरणा का काम कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि मधुसूदनगढ़ क्षेत्र में कृषि आधारित उद्योगों के विकास की भी अपार संभावनाएं हैं। यदि क्षेत्र में एग्रीकल्चर बेस्ड इंडस्ट्री विकसित होती है तो इससे किसानों को स्थानीय स्तर पर बाजार उपलब्ध कराने के साथ रोजगार और आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।
निर्माणाधीन नगर परिषद भवन का भी किया निरीक्षण
मधुसूदनगढ़ प्रवास के दौरान कलेक्टर श्री कन्याल ने निर्माणाधीन नगर परिषद भवन का भी निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण एजेंसी को भवन का निर्माण गुणवत्तापूर्ण तरीके से करने और निर्धारित समय-सीमा से पहले कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं होना चाहिए। निर्धारित समय से पहले गुणवत्तापूर्ण तरीके से निर्माण पूरा करना एक बेहतर उदाहरण होगा। कलेक्टर श्री कन्याल ने ओवरब्रिज के समीप सिंचाई विभाग की भूमि पर आयोजित अमृत हरित महाअभियान में भी सहभागिता की।
उन्होंने अभियान के तहत पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया और लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनके संरक्षण की अपील की। इस दौरान एसडीएम राघौगढ़ श्री अमित सोनी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture

