Ad DesktopAd TabletAd Mobile
राज्य कृषि समाचार (State News)

किसान ने की बगैर हम्माली के राशि काटने की शिकायत

11 अप्रैल 2023, इंदौर: किसान ने की बगैर हम्माली के राशि काटने की शिकायत – बगैर हम्माली के किसान से हम्माली की राशि वसूल करने का एक मामला सामने आया है। संयुक्त किसान मोर्चा ने इस अवैध वसूली को बंद करने की मांग की है। उधर, सगड़ोद के पीड़ित किसान श्री लक्ष्मी नारायण पिता प्रभु सिंह मकवाना ने इसकी लिखित शिकायत मंडी प्रशासन से की है।

संयुक्त किसान मोर्चा के नेताद्वय श्री रामस्वरूप मंत्री और श्री बबलू जाधव ने बताया कि इंदौर की चोइथराम मंडी सहित सभी मंडियों में हम्मालों द्वारा किसानों के माल की उतराई -चढ़ाई नहीं करने के बावजूद उनके बिल में से हम्माली काटी जा रही है,जो सरासर गलत है।उन्होंने सगड़ोद के किसान श्री लक्ष्मीनारायण मकवाना के साथ हुई घटना बताई। श्री जाधव ने कहा कि किसान मंडी में अपना माल लेकर आते हैं और खुद ही गाड़ी में से खाली भी करते हैं, इसके बावजूद भी उनसे हम्माली वसूली जा रही है।मंडियों में पहले ही मनमाने तरीके से हम्माली की दर बढ़ा दी गई है ।इलेक्ट्रॉनिक बड़े तौल कांटों पर भी किसानों से ही हम्माली ली जा रही है। संयुक्त किसान मोर्चा ने हम्माली के नाम पर किसानों से हो रही इस जबरिया वसूली पर रोक लगाने की मांग की है।

सगड़ोद के पीड़ित किसान श्री लक्ष्मी नारायण पिता प्रभु सिंह मकवाना ने कृषक जगत को बताया कि 6 अप्रैल की रात को वाहन क्रमांक एमपी 09 -जीजी 7756 से मंडी में लहसुन की फसल लाया था। मंडी में प्रवेश के पूर्व 10 रु प्रवेश शुल्क लिया ,लेकिन रसीद नहीं दी। मंडी के अंदर हम्मालों ने लहसुन उतारने से मना कर दिया, तो हमने स्वयं फसल वाहन से उतारी। अगले दिन नीलामी के लिए 4 कट्टे खाली किए थे , जिसे फिर से भरने के लिए 5 रुपए /कट्टा अलग से मजदूरों को दिए थे। लहसुन के 16 कट्टे (वजन 906 किलो 400 ग्राम ) 2330 रुपए /क्विंटल के भाव बिके जिसकी कुल राशि 21119 रु में से हम्माली के 133 रुपए काटकर शेष राशि 20986 आरटीजीएस कर दी। इस पर आपत्ति लेते हुए मैंने कहा कि गाड़ी में से माल तो हम्मालों ने नहीं , बल्कि हमने उतारा था तो हम्माली कैसी ? तो बताया गया कि ऐसा कोई नियम नहीं है। इसके बाद इस मामले की लिखित शिकायत चोइथराम मंडी को की गई है। यह तो किसानों के साथ अन्याय है।

Ad DesktopAd TabletAd Mobile
Ad DesktopAd TabletAd Mobile

(नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़,  टेलीग्राम )

कृषक जगत को व्हाट्सएप पर फॉलो करें
खेती-किसानी की ताज़ा खबरें, सीधे आपके फ़ोन पर
चैनल फॉलो करें