Ad DesktopAd TabletAd Mobile
राज्य कृषि समाचार (State News)

प्रजेंटेशन नहीं देखना, खाद की आपूर्ति सुनिश्चित करें : मुख्यमंत्री श्री चौहान

मुख्यमंत्री ने खाद वितरण की समीक्षा में दिए निर्देश

17 अक्टूबर 2022, भोपाल । प्रजेंटेशन नहीं देखना, खाद की आपूर्ति सुनिश्चित करें : मुख्यमंत्री श्री चौहान – मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने प्रदेश के कई हिस्सों से आ रही खाद की कमी की शिकायतों पर निवास कार्यालय में वरिष्ठ अधिकारियों की बैठक ली। उन्होंने अधिकारियों को फटकार लगाते हुए कहा कि मुझे प्रजेंटेशन नहीं देखना, अधिकारी मैदान में जाएं और समस्या का समाधान करें। मार्कफेड के प्वाइंट बनाना पड़ें या कुछ और करना पड़े उसे करें, लेकिन किसानों की शिकायतें नहीं आना चाहिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि म.प्र. को आवश्यकता अनुसार खाद उपलब्ध करवाने में केन्द्र सरकार का भी पूरा सहयोग मिल रहा है। केंद्रीय रसायन और उर्वरक मंत्री श्री मनसुख लाल मंडाविया से भी समय-समय पर चर्चा होती है और प्रदेश के किसानों के लिए उर्वरक की आपूर्ति का कार्य बिना बाधा के होता रहा है।

बैठक में मार्कफेड द्वारा खाद के एक से अधिक विक्रय पाइंट बनाने और स्कंध खत्म होने के पहले भंडारण सुनिश्चित करने पर सहमति हुई। श्री चौहान ने कहा कि प्रदेश में पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध है। ऐसे में मार्कफेड और अन्य संबंधित संस्थाओं द्वारा ऐसी व्यवस्थाएँ सुनिश्चित की जाएँ कि खाद न मिलने की कहीं से भी शिकायत नहीं आए।

Ad DesktopAd TabletAd Mobile
Ad DesktopAd TabletAd Mobile

मुख्य सचिव श्री इकबाल सिंह बैंस ने बैठक में वर्चुअली हिस्सा लेते हुए कहा कि पिछले साल इस तरह की शिकायतें नहीं आई थीं। संयुक्त प्रयासों के अच्छे परिणाम आ रहे हैं। सभी संबंधित विभाग और संस्थाएँ मिल कर मॉनिटरिंग कर रहे हैं। खाद के वितरण के लिए माइक्रो मैनेजमेंट जरूरी है।

कृषक जगत को व्हाट्सएप पर फॉलो करें
खेती-किसानी की ताज़ा खबरें, सीधे आपके फ़ोन पर
चैनल फॉलो करें
मध्य प्रदेश में उपलब्ध हैं पर्याप्त उर्वरक

अपर मुख्य सचिव कृषि श्री अजीत केसरी ने बताया कि प्रदेश में पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध है। केन्द्र सरकार से प्रदेश की माँग पर उर्वरकों की रेक निरंतर मिल रही हैं। हाल में हुई समीक्षा में यह बात सामने आई है कि सहकारिता क्षेत्र में यूरिया, डीएपी उर्वरकों की 70 प्रतिशत से कम मात्रा का उठाव किया गया है। जिला विपणन अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि नगद विक्रय केन्द्र पर खाद के इच्छुक किसानों के लिए व्यवस्थित प्रबंध सुनिश्चित करें।