धार: पशुपालन मंत्री ने गोटवाला फार्म का किया भ्रमण
03 फरवरी 2026, धार: धार: पशुपालन मंत्री ने गोटवाला फार्म का किया भ्रमण – ग्राम सुंद्रेल स्थित गोटवाला फार्म मध्यप्रदेश की सबसे पुरानी बकरी पालन एवं प्रजनन केंद्र इकाई का गत दिनों मध्यप्रदेश शासन के पशुपालन विभाग (स्वतंत्र प्रभार) के मंत्री श्री लखन पटेल द्वारा भ्रमण किया गया। इस अवसर पर फार्म के संस्थापक श्री दीपक पाटीदार (भारत सरकार द्वारा राष्ट्रीय “बकरी पंडित” पुरस्कार से सम्मानित) द्वारा संचालित उन्नत नस्लों की बकरी पालन इकाई का मंत्री ने अवलोकन किया। भ्रमण के दौरान सिरोही, सोजत, बीटल, करौली, बरबरी सहित अन्य नस्लों की गुणवत्ता, प्रजनन प्रणाली एवं वैज्ञानिक प्रबंधन मॉडल की जानकारी प्राप्त की।
मंत्री श्री पटेल ने फार्म में विकसित जीरो वेस्टेज मॉडल का भी निरीक्षण किया, जिसमें बकरी के मैंगनी/मल से वर्मी कम्पोस्ट तैयार कर ऑर्गेनिक सब्जी उत्पादन सहित संसाधनों के समुचित उपयोग की प्रक्रिया अपनाई जा रही है। इस दौरान श्री दीपक पाटीदार से मध्यप्रदेश में बकरी पालन की संभावनाओं, इसके विस्तार, एंटरप्रेन्योरशिप डेवलपमेंट तथा शासन एवं उद्यमियों के संयुक्त सहयोग से पीपीपी मॉडल विकसित करने पर विस्तृत चर्चा की गई।
इसके पश्चात मंत्री श्री पटेल ने शिव नर्सरी का भ्रमण किया, जहाँ नर्सरी के संस्थापक श्री शिवजी पाटीदार द्वारा संपूर्ण नर्सरी की विस्तृत जानकारी दी गई। मंत्री ने यहाँ टमाटर, मिर्च, पपीता, तरबूज सहित विभिन्न फसली एवं नर्सरी पौधों की सफल खेती का अवलोकन किया। तदुपरांत ग्राम पंचायत द्वारा मंत्री का स्वागत किया गया। पंचायत द्वारा विकसित पशु बाजार में गिर गायों की उन्नत नस्लों का अवलोकन कर मंत्री श्री पटेल ने पंचायत के कार्यों एवं पशुपालक एवं व्यापारी बंधुओं के प्रयासों की सराहना की। इस कार्यक्रम में जिले के उप संचालक पशुपालन डॉ. आर. एस. सिसोदिया सहित विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। मंत्री श्री लखन पटेल ने श्री दीपक पाटीदार के कार्यों की प्रशंसा करते हुए आवश्यक सहयोग प्रदान करने करने की बात कही।
आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture

