Ad DesktopAd TabletAd Mobile
राज्य कृषि समाचार (State News)

धार : बदनावर में महक रहे विदेशी फूल और ब्लूबेरी

मुख्य सचिव श्री जैन ने की सराहना

19 जून 2026, धार: धार : बदनावर में महक रहे विदेशी फूल और ब्लूबेरी – इंदौर संभाग के धार जिले का बदनावर क्षेत्र अब पारंपरिक खेती से आगे बढ़कर आधुनिक और मुनाफे वाली बागवानी का गढ़ बनता जा रहा है। मध्य प्रदेश के मुख्य सचिव श्री अनुराग जैन ने विकासखंड बदनावर के ग्राम रूपाखेड़ा और तिलगारा का दौरा कर यहाँ के किसानों द्वारा किए जा रहे चमत्कारी नवाचारों को देखा। शेडनेट हाउस में लहलहाती ब्लूबेरी और पॉली हाउस में मुस्कुराते विदेशी फूलों (जरबेरा, लिथियन्सन, जिप्सोफिला) को देखकर मुख्य सचिव बेहद अभिभूत हुए और उन्होंने उद्यानिकी विभाग व क्षेत्र के प्रगतिशील किसानों की प्रशंसा की।

किसानों के हौसले और समृद्धि की सराहना –  जब कृषक श्री खेमराज पाटीदार, श्री मोहन पाटीदार और श्री रामलाल पाटीदार ने अपनी सफलता की कहानी साझा की, तो मुख्य सचिव ने उनके जज्बे को सराहा। किसानों ने बताया कि कैसे आधुनिक तकनीक अपनाकर वे गुलाब, ब्लू डेजी और व्हाइट डेजी जैसे उच्च गुणवत्ता वाले फूलों की खेती से अपनी आय को कई गुना बढ़ा रहे हैं। मुख्य सचिव ने कहा कि धार के किसानों की यह सफलता पूरे प्रदेश के अन्नदाताओं के लिए प्रेरणास्रोत है।

जल समृद्धि से कृषि समृद्धि: ‘खेत का पानी खेत में’ का संकल्प – संवाद के दौरान मुख्य सचिव श्री जैन ने किसानों की ग्रीष्मकालीन सिंचाई की चिंता को दूर करते हुए जल समृद्धि का एक सकारात्मक मार्ग दिखाया। उन्होंने किसानों को प्रेरित करते हुए कहा कि “यदि हम सब मिलकर ‘खेत का पानी खेत में’ के संकल्प को जमीन पर उतारें, तो पानी की हर बूंद को सहेजा जा सकता है। बारिश के पानी को रोककर धरती माता की गोद में उतारें (वॉटर रीचार्जिंग)। इससे कुएं और नलकूप खुद-ब-खुद रीचार्ज होंगे, भू-जल स्तर बढ़ेगा और गर्मी के मौसम में भी हमारी फसलें हरी-भरी रहेंगी।”

Ad DesktopAd TabletAd Mobile

भविष्य की ओर बढ़ते कदम: नवाचारों को मिलेगा और विस्तार –   उद्यानिकी विभाग के शानदार मैदानी कार्यों से प्रसन्न होकर मुख्य सचिव ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि इस मॉडल को आगे बढ़ाया जाए। उन्होंने कहा कि शासन का लक्ष्य किसानों को समृद्ध बनाना है, इसलिए जिले में ऐसे नवाचारों और आधुनिक तकनीकों का दायरा और अधिक बढ़ाया जाए ताकि ज्यादा से ज्यादा किसान इससे लाभान्वित हो सकें।

इस सकारात्मक और प्रेरक भ्रमण के दौरान मुख्य सचिव के साथ धार कलेक्टर श्री राजीव रंजन मीना, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री अभिषेक चौधरी, इंदौर संभाग के संयुक्त संचालक उद्यान श्री दयाराम जाटव तथा उप संचालक उद्यान श्री नीरज सांवलिया सहित अन्य अधिकारी और बड़ी संख्या में उत्साही किसान उपस्थित रहे।

आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture