देवास: लापरवाह पटवारियों को तत्काल जारी करें नोटिस
02 अक्टूबर 2026, देवास: देवास: लापरवाह पटवारियों को तत्काल जारी करें नोटिस – कलेक्टर श्री ऋतु राज सिंह की अध्यक्षता में मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में समय-सीमा पत्रों के निराकरण की प्रगति एवं अंतरविभागीय समन्वय से जुड़े मामलों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में कलेक्टर श्री सिंह ने “मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान” एवं सीएम हेल्पलाइन पोर्टल पर दर्ज शिकायतों की विभागवार समीक्षा की तथा अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि शिविरों में प्राप्त प्रत्येक शिकायत का शत-प्रतिशत गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित किया जाए।
लापरवाह पटवारियों पर सख्त रुख – कलेक्टर श्री ऋतु राज सिंह ने निर्देश दिए कि शासकीय कार्य में लापरवाही बरतने वाले पटवारियों के विरुद्ध तत्काल अनुशासनात्मक कार्रवाई प्रस्तावित की जाए। उन्होंने कहा कि शासन की महत्वपूर्ण योजनाओं जैसे स्वामित्व अधिकार अभिलेखों के हस्तांतरण, विलेख के निष्पादन व पंजीकरण, फार्मर पंजीयन, राजस्व वसूली, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि में आधार पंजीयन, ई-केवाईसी, लैंड लिंकिंग, लघु सिंचाई संगणना, कृषि संगणना तथा शून्य प्रतिशत गिरदावरी करने वाले पटवारियों का यह कृत्य घोर लापरवाही, स्वेच्छाचारिता और उच्चाधिकारियों के आदेशों की अवहेलना है और सिविल सेवा आचरण नियम की शर्तों का उल्लंघन है।
कलेक्टर श्री सिंह ने कहा कि जिन 93 परिवीक्षाधीन (प्रोबेशनर) पटवारियों द्वारा शासकीय कार्य संपादन से इंकार किया जा रहा है। उन्होंने सभी एसडीएम को निर्देशित किया कि ऐसे सभी परिवीक्षाधीन पटवारियों को तत्काल कारण बताओ सूचना जारी कर 3 दिवस (गुरुवार तक) में कार्य प्रारंभ करने हेतु निर्देशित करें। तय समय-सीमा में कार्य न करने और सुधार न होने की दशा में परिवीक्षा अवधि में ही सेवा से पृथक करने (बर्खास्तगी) तथा निलंबन व विभागीय जांच जैसी सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।कलेक्टर श्री सिंह ने बताया कि राष्ट्रसेवा और सामाजिक सहभागिता को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से गांधी जयंती से 10 अक्टूबर तक जिले में ‘सेवा मेरा योगदान’ अभियान संचालित किया जाएगा। इसका मूल उद्देश्य सेवा को जनभागीदारी और सामाजिक जिम्मेदारी में बदलना है।
बैठक में नगर निगम आयुक्त श्री दिलीप कुमार, जिला पंचायत सीईओ श्री नवीन कुमार धुर्वे, डीएफओ श्री अमित सिंह, अपर कलेक्टर श्री शोभाराम सोलंकी, अपर कलेक्टर श्री संजीव जैन एवं संयुक्त कलेक्टर श्रीमती विशाखा देशमुख सहित अन्य विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित थे ।
आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture


