राज्य कृषि समाचार (State News)

सहकारी समिति की लापरवाही से अटका फसल बीमा, जनसुनवाई में शिकायत के बाद किसानों को मिली राहत

26 अगस्त 2026, भोपाल: सहकारी समिति की लापरवाही से अटका फसल बीमा, जनसुनवाई में शिकायत के बाद किसानों को मिली राहत – मध्यप्रदेश के विदिशा जिले में जनसुनवाई कार्यक्रम में कलेक्टर अंशुल गुप्ता के समक्ष किसानों द्वारा प्रस्तुत शिकायत पर त्वरित कार्रवाई करते हुए फसल बीमा की समस्या का समाधान किया गया। सिरोंज तहसील के ग्राम एवं पोस्ट दीपना खेड़ा निवासी किसानों ने सहकारी समिति प्रबंधक की लापरवाही के कारण फसल बीमा नहीं होने की शिकायत जनसुनवाई में की थी। आवेदन मिलते ही कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए, जिसके बाद किसानों की फसल बीमा राशि बैंक द्वारा उनके खातों में जमा कर दी गई।

किसानों ने सहकारी समिति पर लगाए लापरवाही के आरोप

दीपना खेड़ा निवासी किसान गोविंद रघुवंशी, देवेंद्र रघुवंशी और आनंद रघुवंशी ने जनसुनवाई में आवेदन देकर बताया कि उन्होंने 27 जुलाई को सहकारी समिति दीपना खेड़ा में अपने ऋण खाते की पूरी राशि जमा कर दी थी। किसानों के अनुसार, इसके बावजूद समिति प्रबंधक की लापरवाही के चलते समय पर उनका फसल बीमा नहीं हो सका। इससे उन्हें संभावित आर्थिक नुकसान की चिंता बनी हुई थी।

किसानों ने आवेदन में बताया कि 25 मार्च के बाद लगातार पांच दिन बैंक बंद रहने के कारण भी उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ा। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि समिति प्रबंधक ने पहले प्रति लाख रुपये पर 2 हजार रुपये की राशि बताई थी, जिसे बाद में बढ़ाकर 3 हजार रुपये प्रति लाख कर दिया गया। इससे किसानों पर अतिरिक्त आर्थिक भार पड़ा।

समय पर नहीं हुई बीमा प्रक्रिया

किसानों के अनुसार, उन्होंने जुलाई में संबंधित राशि पूरी तरह जमा कर दी थी, लेकिन इसके बावजूद फसल बीमा की प्रक्रिया पूरी नहीं हुई। उन्हें बैंक से जुड़ी आवश्यक जानकारी भी समय पर नहीं मिल सकी। किसानों ने कलेक्टर से मामले की जांच कराने, जल्द फसल बीमा करवाने और संभावित आर्थिक नुकसान से बचाने की मांग की थी।

कलेक्टर के निर्देश पर हुआ त्वरित समाधान

कलेक्टर अंशुल गुप्ता ने किसानों की समस्या को गंभीरता से लेते हुए सीसीबी के सीईओ विनय प्रकाश सिंह को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। निर्देशों के पालन में प्रकरण का त्वरित निराकरण किया गया और किसानों की फसल बीमा राशि बैंक द्वारा उनके खातों में जमा कर दी गई।

जनसुनवाई में हुई त्वरित कार्रवाई से किसानों को बड़ी राहत मिली। किसानों ने जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनकी समस्या पर तत्काल संज्ञान लिया गया और समय पर फसल बीमा का लाभ सुनिश्चित कराया गया।

आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture