Ad DesktopAd TabletAd Mobile
राज्य कृषि समाचार (State News)

किसानों की सिंचाई सुविधाएं बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास : श्री चौबे

8 मार्च 2021, दुर्ग। किसानों की सिंचाई सुविधाएं बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास : श्री चौबे – किसानों के लिए सिंचाई सुविधाएं बढ़ाने की दिशा में हम निरंतर कार्य कर रहे हैं। खेती किसानी को बढ़ावा देने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है और किसानों के हितों में अनेक योजनाएं शासन ने आरंभ की है। यह बात कृषि एवं जलसंसाधन मंत्री श्री रवींद्र चौबे ने कही। वे नवागांव पुरदा में एनीकट कम कासवे के भूमिपूजन के अवसर पर ग्रामीणों को संबोधित कर रहे थे। इसका निर्माण 3 करोड़ 82 लाख रुपए की लागत से किया जाना है। इस अवसर पर कृषि मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ शासन द्वारा निरंतर कृषि हित में योजनाएं बनाई गई हैं इसका सीधा असर कृषि पर नजर आ रहा है। कर्जमाफी होने से और धान खरीदी का उचित मूल्य मिलने से किसान खेती की ओर वापस लौटे हैं। इसका प्रमाण इस साल हुई रिकार्ड धान खरीदी में दिखता है।

राजीव गाँधी किसान न्याय योजना के माध्यम से किसानों को राशि ऐसे समय में दी गई जब उन्हें कृषि कार्य के लिए इसकी विशेष आवश्यकता थी। गोधन न्याय योजना के माध्यम से पशुपालकों के लिए भी आर्थिक अवसर बढ़ाये गये। गोधन न्याय योजना के माध्यम से जैविक खेती की ओर भी रास्ता खुलेगा। कृषि मंत्री ने कहा कि धमधा क्षेत्र में किसानों के हितों को बढ़ावा देने के लिए अनेक कार्य किये जा रहे हैं।

विशेष रूप से सिंचाई सुविधाओं के विस्तार की दृष्टि से बड़ा काम किया जा रहा है। कृषि मंत्री ने कहा कि नरवा योजना के माध्यम से भूमिगत जल के रिचार्ज के लिए कार्य हो रहा है। भूमिगत जल का स्तर बढऩे से किसानों को बड़ा लाभ होगा और दूसरी फसल लेने में उन्हें खासी मदद मिलेगी। कृषि मंत्री ने इस अवसर पर हितग्राहियों को सामग्री वितरण भी किया। इस मौके पर जनप्रतिनिधि एवं अधिकारीगण मौजूद रहे।कृषि मंत्री ने दनिया उदवहन सिंचाई योजना का भी भूमिपूजन किया। इसकी लागत 7 करोड़ 71 लाख रुपए है।

Ad DesktopAd TabletAd Mobile
Ad DesktopAd TabletAd Mobile