मुख्यमंत्री ने किसानों को राहत राशि का सिंगल क्लिक से किया अंतरण
08 सितम्बर 2025, अशोकनगर: मुख्यमंत्री ने किसानों को राहत राशि का सिंगल क्लिक से किया अंतरण – मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा शनिवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्राकृतिक आपदा,अतिवृष्टि और बाढ़ से हुई क्षति की राहत राशि का सिंगल क्लिक से अंतरण किया गया। उन्होंने प्रदेश में मानसून काल वर्ष 2025 में प्राकृतिक आपदा, अतिवृष्टि और बाढ़ से हुई विभिन्न क्षतियों जैसे फसलक्षति, पशुहानि, मकान क्षति एवं अन्य क्षति के लिये प्रभावितों को राहत राशि का वितरण किया गया। इस दौरान मुख्यमंत्री डॉ.यादव द्वारा अशोकनगर जिले के 890 हितग्राहियों को 56 लाख 55 हजार 381 रुपये की राहत राशि सिंगल क्लिक के माध्यम से अंतरित की गई। जिसमें तहसील बहादुरपुर के 186 कृषकों को 11 लाख 35 हजार 146 रुपये की राशि तथा तहसील नईसराय के 704 कृषकों को 45 लाख 20 हजार 235 रुपये की राहत राशि का अंतरण किया गया।
दो कृषक हितग्राहियों के किया संवाद – मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा जिले के दो कृषक हितग्राहियों से फसल क्षति की राहत राशि के संबंध में संवाद किया। उन्होंने तहसील बहादुरपुर के ग्राम बरखेडा भोगी निवासी कल्याण ऊर्फ जितेंद्र सिंह दांगी से मक्का फसल के नुकसान की क्षति के अंतर्गत सरकार द्वारा प्रदत्त 10450 रुपये राहत राशि के संबंध में जानकारी ली। इसी प्रकार तहसील नईसराय के ग्राम कांकडा निवासी श्री प्रदीप रघुवंशी से मक्का फसल की क्षति हेतु प्रदत्त राहत राशि 10900 रुपये के संबंध में जानकारी ली। इस दौरान मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि संकट की इस घड़ी में सरकार कृषकों के साथ कृषक हिम्मत एवं जीवटता के साथ अगली फसल की तैयारी करें।
प्रतीक स्वरूप राहत राशि स्वीकृत आदेशों का किया वितरण – इस अवसर प्राकृतिक आपदा से हुई फसल क्षति के प्रभावित किसानों के खाते में राहत राशि स्वीकृत आदेशों का वितरण कलेक्टर श्री आदित्य सिंह,चंदेरी विधायक श्री जगन्नाथ सिंह रघुवंशी,जिला पंचायत अध्यक्ष श्री अजय प्रताप सिंह यादव,नगर पालिका अध्यक्ष श्री नीरज मनोरिया द्वारा प्रतीक कृषकों को किया गया। इस अवसर पर अशोकनगर एनआईसी कक्ष में कलेक्टर श्री आदित्य सिंह,चंदेरी विधायक श्री जगन्नाथ सिंह रघुवंशी,जिला पंचायत अध्यक्ष श्री अजय प्रताप सिंह यादव,नगर पालिका अध्यक्ष श्री नीरज मनोरिया,संयुक्त कलेक्टर श्री आर.बी.सिण्डोस्कर,डिप्टी कलेक्टर श्री इसरार खान सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं हितग्राही कृषकगण उपस्थित रहे।
आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture