बुरहानपुर : विद्यार्थियों ने मंडी संचालन, एवं कृषि विपणन की प्रक्रियाओं को जाना
22 अगस्त 2026, बुरहानपुर: बुरहानपुर : विद्यार्थियों ने मंडी संचालन, एवं कृषि विपणन की प्रक्रियाओं को जाना – कृषि विज्ञान केंद्र बुरहानपुर में ग्रामीण कृषि कार्य अनुभव के लिए आए सेज विश्वविद्यालय इंदौर, एलएनसीटी भोपाल एवं ओरिएंटल कॉलेज के विद्यार्थियों ने महात्मा ज्योतिबा फुले सब्जी एवं फल मंडी का शैक्षिक भ्रमण किया। भ्रमण का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को मंडी के दैनिक संचालन, किसानों एवं व्यापारियों के समक्ष आने वाली चुनौतियों तथा मंडी में उपलब्ध सुविधाओं की प्रत्यक्ष जानकारी प्रदान करना था। यह भ्रमण कृषि विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं प्रमुख डॉ. संदीप कुमार सिंह के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया।
मंडी निरीक्षक श्री संतोष दीक्षित एवं श्री मनीष गराड़े ने विद्यार्थियों को मंडी की कार्यप्रणाली एवं व्यवस्थाओं की विस्तार से जानकारी दी। इस दौरान विद्यार्थियों ने मंडी में उपस्थित किसानों एवं व्यापारियों से संवाद किया तथा किसानों के लिए मंडी में उपलब्ध विभिन्न सुविधाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की। विद्यार्थियों ने अपनी जिज्ञासाएं भी रखीं, जिनका अधिकारियों एवं संबंधितो द्वारा समाधान किया गया। भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने फल एवं सब्जियों के उत्पादन में रासायनिक पदार्थों के अत्यधिक प्रयोग से होने वाले संभावित दुष्प्रभावों को लेकर भी व्यापारियों से चर्चा की। उन्होंने प्राकृतिक स्वाद एवं गुणवत्ता बनाए रखने तथा सुरक्षित कृषि उत्पादों को बढ़ावा देने की आवश्यकता पर जोर दिया। व्यापारियों ने भी इस विषय को गंभीरता से लेते हुए आवश्यक जागरूकता की आवश्यकता बताई। यह शैक्षिक भ्रमण विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायक एवं ज्ञानवर्धक रहा।
कृषि विज्ञान केंद्र के प्रयास से विद्यार्थियों को कृषि विपणन की वास्तविक चुनौतियों एवं संभावनाओं को नजदीक से समझने का अवसर मिला। इससे विद्यार्थियों में किसानों एवं व्यापारियों के प्रति संवेदनशीलता बढ़ी तथा उन्हें कृषि क्षेत्र का व्यावहारिक ज्ञान प्राप्त हुआ। भ्रमण में लगभग 25 विद्यार्थियों द्वारा सहभागिता की गई।
आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture

