राज्य कृषि समाचार (State News)

कम लागत में बंपर कमाई! गेंदा फूल से किसान नाथूराम ने कमाए ₹2.12 लाख, बदल गई जिंदगी

14 मई 2026, भोपाल: कम लागत में बंपर कमाई! गेंदा फूल से किसान नाथूराम ने कमाए ₹2.12 लाख, बदल गई जिंदगी – मध्यप्रदेश के टीकमगढ़ जिले के विकासखंड जतारा अंतर्गत ग्राम खाकरौन के कृषक श्री नाथूराम कुशवाहा पिता श्री भैयालाल कुशवाहा ने उद्यानिकी विभाग की पहल एवं पुष्प क्षेत्र विस्तार (एमआईडीएच योजना) के मार्गदर्शन में गेंदा फूल की खेती कर उल्लेखनीय आर्थिक सफलता प्राप्त की है।

पूर्व में श्री कुशवाहा पारंपरिक रूप से सब्जियों की खेती करते थे, जिसमें लागत अधिक और लाभ अपेक्षाकृत कम होता था। इसी दौरान उद्यानिकी विभाग के अधिकारियों/कर्मचारियों द्वारा उनसे संपर्क कर उन्हें विभागीय पोर्टल एमपीएफएसटीएस पर पंजीयन कराने के लिए प्रेरित किया गया। पंजीयन उपरांत लॉटरी में चयनित होने पर उन्हें एमआईडीएच योजना के तहत उच्च गुणवत्ता युक्त गेंदा बीज उपलब्ध कराया गया।

विभाग के मार्गदर्शन में कृषक द्वारा जुलाई माह में पहली बार 0.500 हेक्टेयर क्षेत्र में गेंदा फूल की खेती की गई। बेहतर उत्पादन एवं बाजार की मांग को देखते हुए उन्होंने जनवरी-फरवरी माह में भी गेंदा फसल का विस्तार किया। इस फसल में कम लागत और अधिक मुनाफा होने के कारण उन्हें अच्छा आर्थिक लाभ प्राप्त हुआ।
वर्ष 2025-26 में श्री कुशवाहा द्वारा लगभग 50 से 55 क्विंटल गेंदा फूल का उत्पादन किया गया। इस खेती में कुल लागत 35,000 रुपये आई, जबकि कुल आय 2,12,500 रुपये प्राप्त हुई। इस प्रकार उन्हें 1,77,500 रुपये की शुद्ध आय अर्जित हुई, जो उनकी पूर्व खेती की तुलना में काफी अधिक है।

कृषक द्वारा उत्पादित गेंदा फूल का विक्रय टीकमगढ़ एवं झांसी मंडियों में किया गया, जहां उन्हें उचित मूल्य मिला। आज श्री नाथूराम कुशवाहा अन्य किसानों के लिए प्रेरणा स्रोत बन गए हैं और क्षेत्र में फूलों की खेती को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।

आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture

Advertisements