राज्य कृषि समाचार (State News)

बालाघाट : कृषि महाविद्यालय में गाजर घास उन्मूलन एवं जन जागरूकता अभियान आयोजित

27 अगस्त 2026, बालाघाट: बालाघाट : कृषि महाविद्यालय में गाजर घास उन्मूलन एवं जन जागरूकता अभियान आयोजित – कृषि महाविद्यालय की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई द्वारा महाविद्यालय परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में विशेष गाजर घास उन्मूलन एवं जनजागरूकता अभियान आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य गाजर घास के कृषि, पर्यावरण, मानव एवं पशु स्वास्थ्य पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों के प्रति विद्यार्थियों एवं आमजन को जागरूक करना तथा इसके प्रभावी नियंत्रण के लिए सामूहिक प्रयासों को बढ़ावा देना रहा।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को गाजर घास की पहचान, इसके तेजी से फैलने के कारणों, जीवन चक्र तथा वैज्ञानिक एवं सुरक्षित नियंत्रण के उपायों की जानकारी दी गई। बताया गया कि गाजर घास एक हानिकारक खरपतवार है, जो कृषि उत्पादन को प्रभावित करने के साथ-साथ एलर्जी, त्वचा एवं श्वसन संबंधी समस्याएं भी उत्पन्न कर सकती है। इसके प्रसार को रोकने के लिए फूल एवं बीज बनने से पहले ही इसे हटाकर सुरक्षित तरीके से नष्ट करना आवश्यक है। इसके पश्चात एनएसएस स्वयंसेवकों एवं विद्यार्थियों ने महाविद्यालय परिसर, खेतों तथा आसपास के क्षेत्रों में गाजर घास उन्मूलन अभियान चलाया। विद्यार्थियों ने समूहों में कार्य करते हुए गाजर घास को हटाया तथा उसका सुरक्षित निपटान किया। अभियान के दौरान गाजर घास हटाते समय आवश्यक सावधानियां एवं स्वास्थ्य सुरक्षा के उपायों पर भी विशेष ध्यान दिया गया।

कार्यक्रम के माध्यम से स्वच्छ एवं स्वस्थ पर्यावरण के प्रति विद्यार्थियों में जागरूकता, सामाजिक उत्तरदायित्व, श्रम की गरिमा एवं जनसेवा की भावना को मजबूत करने का संदेश दिया गया। साथ ही यह भी बताया गया कि गाजर घास का उन्मूलन केवल एक दिवसीय गतिविधि नहीं, बल्कि निरंतर जन जागरूकता और सामूहिक प्रयासों से चलने वाला अभियान है। कार्यक्रम में महाविद्यालय के अधिष्ठाता डॉ. घनश्याम देशमुख, राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी डॉ. शैलेन्द्र भलावे, डॉ. अतुल श्रीवास्तव, डॉ. विक्रम सिंह गौर, डॉ. श्रद्धा करचो एवं डॉ. रमेश अमुले सहित शिक्षक गण एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।

आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture