मौसम की अनिश्चितता के बीच कृषि विभाग की एडवाइजरी जारी, बुआई में जल्दबाजी न करें किसान
09 जुलाई 2026, भोपाल: मौसम की अनिश्चितता के बीच कृषि विभाग की एडवाइजरी जारी, बुआई में जल्दबाजी न करें किसान – प्रदेश में मौसम की अनिश्चित परिस्थितियों और कई जिलों में अपेक्षाकृत कम वर्षा को देखते हुए कृषक कल्याण एवं कृषि विकास विभाग, मध्य प्रदेश ने किसानों के लिए महत्वपूर्ण कृषि परामर्श (एडवायजरी) जारी की है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि किसानों को घबराने की आवश्यकता नहीं है, बल्कि कृषि वैज्ञानिकों की सलाह के अनुसार परिस्थितियों का आकलन करते हुए ही खरीफ फसलों की बुआई का निर्णय लेना चाहिए।
कृषि विभाग का कहना है कि खरीफ सीजन में अच्छी और स्थिर पैदावार के लिए मौसम की स्थिति के अनुरूप कृषि कार्य करना सबसे अधिक आवश्यक है। जिन क्षेत्रों में अभी तक पर्याप्त वर्षा नहीं हुई है, वहां किसान बुआई में जल्दबाजी न करें। पर्याप्त नमी के बिना की गई बुआई से बीजों का अंकुरण प्रभावित हो सकता है, जिससे दोबारा बुआई की नौबत आने पर किसानों की लागत बढ़ने के साथ समय और संसाधनों की भी हानि होगी।
कृषि संचालक उमाशंकर भार्गव ने विभाग के मैदानी अमले को निर्देश दिए हैं कि वे किसानों से लगातार संपर्क बनाए रखें और उन्हें मौसम तथा कृषि वैज्ञानिकों की सलाह के अनुरूप मार्गदर्शन दें। उन्होंने कहा कि प्रत्येक जिले की वर्षा की स्थिति और स्थानीय परिस्थितियों के अनुसार किसानों को उचित सलाह दी जाए, ताकि वे सही समय पर बुआई कर बेहतर उत्पादन प्राप्त कर सकें।
विभाग ने किसानों से अपील की है कि वे मौसम पूर्वानुमान पर लगातार नजर रखें, खेतों में पर्याप्त नमी बनने के बाद ही बुआई करें तथा प्रमाणित बीजों और अनुशंसित कृषि तकनीकों का उपयोग करें। साथ ही जहां संभव हो, वर्षा जल का संरक्षण और उपलब्ध सिंचाई संसाधनों का बेहतर उपयोग करने पर भी जोर दिया गया है।
कृषि विभाग का मानना है कि वैज्ञानिक सलाह के अनुरूप कृषि कार्य करने से मौसम की अनिश्चितताओं का प्रभाव काफी हद तक कम किया जा सकता है। विभाग ने भरोसा दिलाया है कि प्रदेशभर में कृषि विस्तार अधिकारी और मैदानी अमला किसानों के साथ निरंतर संपर्क में रहेगा तथा हर स्तर पर आवश्यक तकनीकी सहायता और मार्गदर्शन उपलब्ध कराएगा, ताकि खरीफ सीजन में किसानों को बेहतर उत्पादन और आर्थिक लाभ मिल सके।
आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture

