राज्य कृषि समाचार (State News)

कृषि स्टार्टअप से देश की अगली कृषि क्रांति: कलेक्टर

08 नवंबर 2025, जबलपुर: कृषि स्टार्टअप से देश की अगली कृषि क्रांति: कलेक्टर – कलेक्टर श्री राघवेन्द्र सिंह ने जवाहरलाल नेहरू कृषि विश्वविद्यालय में कृषि क्षेत्र में हो रहे नवाचारों की सराहना करते हुए कहा कि कृषि स्टार्टअप देश की अगली कृषि क्रांति का सूत्रपात करेंगे। उन्होंने सूक्ष्म एवं लघु व्यवसाय को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ऐसी रोजगारोन्मुख गतिविधियों को निरंतर प्रोत्साहन देने पर बल दिया। कलेक्टर श्री सिंह, जवाहरलाल नेहरू कृषि विश्वविद्यालय के कृषि व्यवसाय प्रबंधन संस्थान द्वारा आयोजित 30 दिवसीय व्यावहारिक प्रशिक्षण कार्यक्रम के उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रहे थे। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय, भारत सरकार की वित्त पोषित आर.के.व्ही.वाय. रफ्तार परियोजना के अंतर्गत मध्य भारत के एकमात्र एग्री बिजनेस इनक्यूबेटर ‘जवाहर राबी’ के तत्वावधान में आयोजित किया गया है।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए जे.एन.के.वी.वी. के कुलगुरु प्रो. पी. के. मिश्रा ने संस्थान द्वारा स्थापित 63 एग्री स्टार्टअप कंपनियों और उनके आर्थिक तथा व्यावसायिक योगदान पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने भविष्य में मूल्य संवर्धन और कृषि यांत्रिकीकरण को और अधिक सुदृढ़ करने के लिए विशेष प्रयास करने का आह्वान किया। संस्था के निदेशक डॉ. मोनी थॉमस ने कार्यक्रम के बारे में विस्तृत जानकारी साझा करते हुए मध्यप्रदेश में एग्री स्टार्टअप की भूमिका को रेखांकित किया। उन्होंने वित्त पोषित एग्री स्टार्टअप की एक डाक्यूमेंट्री प्रस्तुति भी दी, जिसके बाद राज्य के 20 जिलों से आए 41 प्रशिक्षणार्थियों ने अपने व्यावसायिक विचारों और उत्पादों को अतिथियों के सामने प्रस्तुत किया।

कलेक्टर श्री सिंह ने प्रत्येक स्टार्टअप के प्रति गहन रुचि दिखाई और जिलों में कृषि विकास के लिए उन्हें और अधिक प्रयास करने की सलाह दी। इस महत्वपूर्ण अवसर पर कुलसचिव, अधिष्ठाता कृषि एवं अभियांत्रिकी संकाय, संचालक शिक्षण, संचालक अनुसंधान सेवाएं, संचालक विस्तार  सेवाएं , समस्त विभागाध्यक्षों सहित विश्वविद्यालय के कई वरिष्ठ पदाधिकारी और छात्र- छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम को सफल बनाने में डॉ. लवीना शर्मा, श्री दीपांशु पटेल, श्रीमती अनुपमा वर्मा, श्री लवकेश पटेल, एवं श्री जय वर्मा ने विशिष्ट सहयोग दिया।

आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture

Advertisements