आगर मालवा : अमृत सरोवर बना जल संरक्षण का मॉडल
30 अक्टूबर 2026, आगर मालवा: आगर मालवा : अमृत सरोवर बना जल संरक्षण का मॉडल – जल संरक्षण और ग्रामीण विकास की दिशा में प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के अमृत सरोवर अभियान ने आगर-मालवा जिले में एक नई कहानी लिखी है। जिले के सुसनेर ब्लॉक के सुदूर ग्राम गरड़ा में निर्मित अमृत सरोवर तालाब आज केवल एक जलाशय नहीं, बल्कि किसानों की खुशहाली और गांव की समृद्धि का आधार बन गया है।
कुछ समय पहले तक गरड़ा गांव में जल संकट एक बड़ी चुनौती थी। वर्षा का जल तेजी से बह जाता था, भू-जल स्तर लगातार गिर रहा था और रबी की फसल के लिए किसानों को पर्याप्त पानी नहीं मिल पाता था। इसी समस्या के समाधान के लिए जिला प्रशासन के मार्गदर्शन में महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) एवं अन्य योजनाओं के अभिसरण से अमृत सरोवर तालाब का निर्माण कार्य कराया गया। आज यह अमृत सरोवर अपनी पूरी क्षमता के साथ लबालब भरा हुआ है। विशाल जल राशि को देखकर ग्रामीणों के चेहरे पर संतोष है। इस तालाब के बनने से कई प्रत्यक्ष लाभ गांव को मिले हैं।जिनमें भू-जल स्तर में वृद्धि, तालाब में जलभराव से आसपास के कुओं और नलकूपों के जलस्तर में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। सिंचाई सुविधा में विस्तार हुआ है अब किसान रबी और जायद की फसल के लिए भी पर्याप्त पानी उपलब्ध होने से दोहरी फसल ले पा रहे हैं, जिससे उनकी आय में वृद्धि हो रही है। पशुधन को भी सहारा मिल गया है । गांव के पशुओं के लिए वर्ष भर पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित हुई है। रोजगार का सृजन तालाब निर्माण के दौरान स्थानीय ग्रामीणों को मनरेगा के तहत रोजगार प्राप्त हुआ। पर्यावरण संरक्षण तालाब के कैचमेंट एरिया में हरियाली बढ़ी है तथा जैव विविधता को भी लाभ मिला है।
गत दिनों कलेक्टर डॉ शेर सिंह मीना एवं जिला पंचायत सीईओ श्री बीएस सोलंकी ने गरड़ा अमृत सरोवर का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने तालाब की गुणवत्ता, जल भराव क्षमता और इसके रखरखाव की सराहना की तथा ग्रामीणों से संवाद कर इसके लाभों की जानकारी ली। ग्रामीणों ने बताया कि इस तालाब ने उनके गांव की तस्वीर बदल दी है। ग्राम गरड़ा के ग्रामीणों का कहना है कि अमृत सरोवर ने उनके लिए अमृत के समान कार्य किया है। यह तालाब आने वाले कई वर्षों तक गांव की जल जरूरतों को पूरा करता रहेगा। निश्चित ही गरड़ा का अमृत सरोवर जिले के अन्य क्षेत्रों ,गांवों के लिए जल संरक्षण का एक प्रेरणादायक मॉडल बन गया है।
आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture


