उज्जैन: मिर्च के साथ गेंदे की अंतरवर्तीय खेती से हो रही अतिरिक्त आय
30 अक्टूबर 2026, उज्जैन: उज्जैन: मिर्च के साथ गेंदे की अंतरवर्तीय खेती से हो रही अतिरिक्त आय – आधुनिक कृषि तकनीकों और उद्यानिकी विभाग के मार्गदर्शन को अपनाकर किसान खेती को लाभ का बेहतर माध्यम बना सकते हैं। इसी का उदाहरण ग्राम अमलाखेड़ी, तहसील तराना, जिला उज्जैन के किसान श्री विशाल पाटीदार हैं, जो उद्यानिकी विभाग से जुड़कर विभाग द्वारा सुझाई गई मिर्च की वैरायटी की खेती कर रहे हैं और इसके साथ गेंदे के फूलों की खेती से अतिरिक्त आय भी प्राप्त कर रहे हैं।
किसान श्री पाटीदार ने एक बीघा खेत में मिर्च की फसल लेने के लिए जून माह में पौध तैयार की तथा जुलाई माह में खेत में रोपाई की। फसल में पानी के बेहतर प्रबंधन और नमी बनाए रखने के उद्देश्य से उन्होंने ड्रिप सिंचाई पद्धति एवं मल्चिंग तकनीक का उपयोग किया। इन आधुनिक कृषि पद्धतियों को अपनाकर वे फसल प्रबंधन को अधिक व्यवस्थित बना रहे हैं।
मिर्च के साथ गेंदे की खेती, अतिरिक्त आय का माध्यम – किसान श्री पाटीदार ने मिर्ची की फसल के बीच गेंदे के फूलों के पौधे भी लगाए हैं। इस प्रयोग से उन्हें मिर्ची के साथ गेंदे के फूलों की उपज प्राप्त करने का अवसर मिल रहा है। गेंदे की अंतरवर्तीय खेती से अतिरिक्त आय का माध्यम तैयार हुआ है। साथ ही, गेंदे के पौधे कुछ कीटों के प्रबंधन में सहायक हो सकते हैं तथा खेत में निमेटोड के प्रभाव को नियंत्रित करने में भी मदद कर सकते हैं। इस प्रकार किसान एक ही खेत में अलग-अलग फसलों के माध्यम से खेती की उपयोगिता बढ़ाने का प्रयास कर रहे हैं।
विभागीय मार्गदर्शन से आधुनिक खेती की ओर बढ़ते कदम – उद्यानिकी विभाग के मार्गदर्शन में किसान श्री विशाल पाटीदार ने मिर्ची की खेती में आधुनिक तकनीकों और अंतरवर्तीय फसल पद्धति को अपनाया है। उनका यह प्रयास अन्य किसानों के लिए भी प्रेरणादायक है कि वे पारंपरिक खेती के साथ वैज्ञानिक पद्धतियों को अपनाकर उत्पादन और आय बढ़ाने की दिशा में आगे बढ़ सकते हैं। किसान श्री विशाल पाटीदार ने अन्य किसान भाइयों से अपील की है कि वे उद्यानिकी विभाग से जुड़ें, विभागीय मार्गदर्शन प्राप्त करें और आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाकर अपनी खेती को अधिक लाभकारी बनाने का प्रयास करें।
आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture


