किसान कल्याण वर्ष में वसूली का नया अध्याय?
लेखक: सचिन बोन्द्रिया
27 जून 2026, इंदौर: किसान कल्याण वर्ष में वसूली का नया अध्याय? – इन दिनों सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक कथित वसूली संबंधी वीडियो ने कृषि विभाग की कार्यप्रणाली को लेकर नई चर्चाओं को जन्म दे दिया है। वीडियो के सामने आने के बाद कृषि आदान व्यापार से जुड़े कई लोगों की शिकायतें और अनुभव भी चर्चा का विषय बनने लगे हैं। दिलचस्प बात यह है कि इन चर्चाओं का केंद्र केवल प्रदेश की व्यावसायिक राजधानी इंदौर ही नहीं, बल्कि राजनीतिक राजधानी भोपाल भी बन गया है। व्यापारिक और प्रशासनिक हलकों में विभाग की कार्यशैली को लेकर अनेक सवाल उठाए जा रहे हैं।
मंत्री के नाम पर प्रभाव का दावा?
कृषि व्यापार जगत में इन दिनों सबसे अधिक चर्चा इस बात की है कि आखिर मंत्री अथवा उच्च अधिकारियों के नाम पर प्रभाव और पहुंच का दावा करने वाले लोग कौन हैं। बाजार में विभिन्न नामों की चर्चा हो रही है। कृषि व्यापार जगत में बुरहानपुर से जुड़े विभागीय तंत्र के एक व्यक्ति का नाम भी चर्चाओं में लिया जा रहा है। इन चर्चाओं की स्वतंत्र पुष्टि अभी होना बाकी है, लेकिन जिस तरह से उनका उल्लेख किया जा रहा है, उसने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। वहीं राजनीतिक गलियारों में यह अटकलें भी सुनाई दे रही हैं कि मानसून सत्र से पहले विभागीय नेतृत्व में बदलाव हो सकता है।
मामूली अनियमितता या असामान्य कार्रवाई ?
व्यापार जगत में उन मामलों की भी चर्चा है, जिनमें निरीक्षण के दौरान अभिलेखीय या प्रक्रियागत कमियों के बाद कुछ प्रतिष्ठानों को लंबे समय तक सील रखने अथवा कार्रवाई जारी रहने की बात कही जा रही है। यदि कमियां डिस्प्ले बोर्ड, स्टॉक रजिस्टर, रिपोर्टिंग अथवा अन्य दस्तावेजी प्रक्रियाओं तक सीमित हों, तो यह प्रश्न स्वाभाविक है कि सुधारात्मक कार्रवाई और दंडात्मक कार्रवाई के बीच संतुलन किस आधार पर तय किया जा रहा है।
बढ़ती आशंकाएं और व्यापारिक माहौल
बीज कारोबार में कथित वसूली की चर्चाएं अभी पूरी तरह थमी भी नहीं थीं कि अब कृषि आदानों के अन्य क्षेत्रों में भी असमंजस और आशंका का माहौल दिखाई देने लगा है। व्यापार जगत का एक वर्ग मानता है कि यदि निरीक्षण का उद्देश्य केवल सुधार के बजाय भय का वातावरण बन जाए, तो उसका प्रतिकूल प्रभाव पूरे कृषि व्यापार पर पड़ सकता है।
सोयाबीन बीज का गणित भी खड़ा कर रहा है सवाल
इस वर्ष कई क्षेत्रों में प्रमाणित सोयाबीन बीज का मूल्य लगभग 14,000 रुपये प्रति क्विंटल तक बताया गया, जबकि जिस सोयाबीन को किसान न्यूनतम समर्थन मूल्य पर भी नहीं बेच पाए थे, वही बुवाई के समय मंडियों में लगभग 9,000 रुपये प्रति क्विंटल तक पहुंच गया। कृषि क्षेत्र में लंबे समय से यह चर्चा होती रही है कि मंडियों से खरीदे गए सोयाबीन का परीक्षण, प्रसंस्करण, प्रमाणन और पैकेजिंग के बाद उसे बीज के रूप में किसानों तक पहुंचाया जाता है। ऐसे में मूल्य निर्धारण, गुणवत्ता और किसानों के हितों को लेकर समय-समय पर प्रश्न उठते रहे हैं।
सबसे बड़ा भुगतानकर्ता किसान
पूरी व्यवस्था में सबसे कमजोर और सबसे महत्वपूर्ण पक्ष किसान है। किसान को केवल पैकेट, ब्रांड और मूल्य दिखाई देता है। गुणवत्ता, शुद्धता और वास्तविक लागत का आकलन उसके लिए सरल नहीं होता। यदि व्यवस्था में कहीं भी अतिरिक्त लागत या अनावश्यक आर्थिक बोझ जुड़ता है, तो उसका अंतिम प्रभाव किसान पर ही पड़ता है।
किसान कल्याण वर्ष में बढ़ती विडंबना
मध्यप्रदेश सरकार ने वर्ष 2026 को “किसान कल्याण वर्ष” घोषित किया है। ऐसे में कृषि व्यापार जगत में यह प्रश्न उठ रहा है कि यदि व्यापारियों और किसानों के बीच अविश्वास का वातावरण बनता है, तो इसका प्रभाव अंततः किसान पर ही पड़ेगा। मौसम, लागत और बाजार की चुनौतियों से जूझ रहे किसानों के लिए कृषि आदानों की बढ़ती लागत पहले से ही चिंता का विषय है।
सुपर एल-नीनो की चुनौती
वैज्ञानिक पहले ही मौसमीय अनिश्चितताओं और संभावित सुपर एल-नीनो के प्रभावों को लेकर चिंता जता रहे हैं। खाद्य सुरक्षा, कृषि उत्पादन और किसानों की आय पर इसके संभावित प्रभावों की आशंका व्यक्त की जा रही है। ऐसे समय में व्यवस्था की प्राथमिकता गुणवत्तापूर्ण बीज, उर्वरक और कीटनाशक किसानों तक समय पर और उचित मूल्य पर पहुंचाना होना चाहिए।
इंदौर से भोपाल तक पहुंची चर्चा
सूत्रों के अनुसार इन चर्चाओं की गूंज प्रदेश के शीर्ष प्रशासनिक स्तर तक भी पहुंचने की चर्चा है। व्यापार जगत की निगाहें इस बात पर हैं कि क्या संबंधित शिकायतों और चर्चाओं का निष्पक्ष परीक्षण कर व्यवस्था में विश्वास बहाल किया जाएगा ?
आखिर बोझ किस पर आता है?
कहावत है कि छुरी चाहे खरबूजे पर गिरे या खरबूजा छुरी पर, कटता खरबूजा ही है। कृषि व्यवस्था में भी हर अतिरिक्त लागत, हर अनिश्चितता और हर अव्यवस्था का अंतिम बोझ किसान पर ही आता है,चाहे वह मूल्य के रूप में हो, गुणवत्ता के रूप में या फिर उत्पादन पर पड़ने वाले प्रभाव के रूप में।
सबसे बड़ा सवाल
किसान कल्याण वर्ष में सबसे बड़ा प्रश्न यही है कि क्या व्यवस्था का केंद्र वास्तव में किसान है, या फिर किसान के नाम पर चल रही व्यवस्थाओं का लाभ कहीं और केंद्रित हो रहा है? इस प्रश्न का उत्तर केवल बयान नहीं, बल्कि पारदर्शी, निष्पक्ष और जवाबदेह व्यवस्था ही दे सकती है।
आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture

