एग्रीकल्चर मशीन (Agriculture Machinery)

अब मजदूरों की टेंशन खत्म! 500ml पेट्रोल में 2 बीघा खेत की होगी निराई-गुड़ाई, जानिए पावर वीडर के फायदे

14 जुलाई 2026, नई दिल्ली: अब मजदूरों की टेंशन खत्म! 500ml पेट्रोल में 2 बीघा खेत की होगी निराई-गुड़ाई, जानिए पावर वीडर के फायदे – खेती में लगातार बढ़ती मजदूरी और कृषि श्रमिकों की कमी किसानों के लिए बड़ी चुनौती बनती जा रही है। ऐसे में आधुनिक कृषि यंत्र पावर वीडर (Power Weeder) छोटे और मध्यम किसानों के लिए एक उपयोगी और बेहतर ऑप्शन बनकर उभरा है। यह मशीन कम समय और खर्च में खेत की निराई-गुड़ाई, हल्की जुताई और खरपतवार नियंत्रण जैसे कई काम आसानी से कर देती है। इसकी सबसे अच्छी बात यह है कि यह मशीन लगभग 400 से 500 मिलीलीटर पेट्रोल में करीब 2 बीघा खेत में काम करने की क्षमता रखती है, जिससे आपकी की लागत और मेहनत दोनों कम होती हैं। और आप बिना किसी झंझट के घंटों के काम को फटाफट निपटा सकते हैं।

क्या है पावर वीडर?

पावर वीडर एक आधुनिक कृषि यंत्र है, जिसका उपयोग खासतौर पर फसलों के बीच उगे खरपतवार को हटाने, मिट्टी की गुड़ाई करने और साथ खेत को तैयार करने के लिए किया जाता है। यह मशीन छोटे और मध्यम जोत वाले किसानों के लिए विशेष रूप से उपयोगी मानी जाती है। इसकी मदद से कम समय में अधिक क्षेत्र में काम किया जा सकता है।

किन फसलों में किया जा सकता है इस्तेमाल?

पावर वीडर का उपयोग कई प्रकार की फसलों में किया जा सकता है। इसमें गन्ना, परवल, कुंदरू, विभिन्न सब्जी फसलें, बागवानी फसलें तथा कतारों में बोई जाने वाली अन्य फसलें शामिल हैं। जहां फसलों के बीच पर्याप्त दूरी होती है, वहां यह मशीन आसानी से चलकर खरपतवार हटाने और मिट्टी की गुड़ाई का काम करती है।

कम खर्च में ज्यादा काम

इस मशीन की सबसे बड़ी खासियत इसकी कम ईंधन खपत है। सामान्य परिस्थितियों में यह मशीन 400 से 500 मिलीलीटर पेट्रोल में लगभग 2 बीघा खेत की निराई-गुड़ाई या हल्की जुताई कर सकती है। इसके मुकाबले यही काम मजदूरों से कराने पर अधिक समय और अधिक खर्च लगता है। यही वजह है कि कई किसान इसे लागत कम करने का प्रभावी विकल्प मान रहे हैं।

कितनी है कीमत?

बाजार में पावर वीडर के कई मॉडल उपलब्ध हैं, जिनकी कीमत इंजन की क्षमता, फीचर्स और कंपनी के अनुसार अलग-अलग होती है। सामान्य तौर पर इसकी शुरुआती कीमत करीब 55,000 रुपए से शुरू होती है। कई कंपनियां अलग-अलग हॉर्स पावर (HP) वाले मॉडल उपलब्ध कराती हैं। नियमित सर्विसिंग और सही रखरखाव करने पर यह मशीन लंबे समय तक बेहतर प्रदर्शन करती है।

पावर वीडर से किसानों को क्या होंगे फायदे?

  1. एक ही मशीन से कई कृषि कार्य किए जा सकते हैं, जिससे अलग-अलग उपकरणों की जरूरत कम पड़ती है।
  2. खेत की निराई-गुड़ाई कम समय में पूरी होती है।
  3. मजदूरों पर निर्भरता कम होती है।
  4. कम ईंधन की वजह से खेती की लागत घटती है।
  5. समय और श्रम दोनों की बचत होती है।
  6. खरपतवार नियंत्रण बेहतर होने से फसल की बढ़वार में मदद मिलती है।

आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture