राज्य कृषि समाचार (State News)

रबी फसल के लिए MP में 20 अगस्त से शुरू होगा बड़ा अभियान, फार्मर ID से अग्रिम खाद उठाव तक किसानों को मिलेगी सुविधा

19 अगस्त 2026, भोपाल: रबी फसल के लिए MP में 20 अगस्त से शुरू होगा बड़ा अभियान, फार्मर ID से अग्रिम खाद उठाव तक किसानों को मिलेगी सुविधा – मध्यप्रदेश में रबी वर्ष 2026-27 की तैयारियों को लेकर किसानों के लिए 20 अगस्त से 15 सितंबर 2026 तक विशेष अभियान चलाया जाएगा। अभियान के तहत किसानों को समय पर उर्वरक उपलब्ध कराने के साथ एग्रीस्टेक के तहत  फार्मर आईडी पूरी कराने, अधिक से अधिक किसानों को पैक्स का सदस्य बनाने और अग्रिम उर्वरक उठाव के लिए प्रेरित किया जाएगा। ग्राम पंचायत, पैक्स और जिला स्तर पर विभिन्न गतिविधियों के जरिए किसानों को योजनाओं और सुविधाओं की जानकारी दी जाएगी।

किसान आईडी बनाने और खाते जोड़ने पर रहेगा जोर

अभियान के दौरान ग्राम पंचायत स्तर पर ऐसे किसानों की सूची तैयार की जाएगी, जिनकी किसान आईडी  नहीं बनी है या जिनके सभी खाते किसान आईडी में शामिल नहीं हैं। शेष खातों को फॉर्मर ID से जोड़ने की कार्रवाई की जाएगी। किसानों को Farmer ID की उपयोगिता के बारे में भी जानकारी दी जाएगी। फसल उत्पादन के लिए आवश्यक उर्वरक प्राप्त करने, अनुदान पर बीज, फसल प्रदर्शन, कृषि यंत्रों पर अनुदान, कृषि विभाग की योजनाओं, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना और ई-मंडी में फसल बेचने जैसी सुविधाओं का लाभ लेने में Farmer ID उपयोगी है। इसके अलावा ग्राम पंचायत स्तर पर ई-विकास प्रणाली में उपलब्ध सुविधाओं का लाइव प्रदर्शन किया जाएगा, ताकि किसान डिजिटल माध्यम से मिलने वाली सेवाओं की प्रक्रिया समझ सकें।

पैक्स में नए सदस्य जोड़ने और अग्रिम खाद उठाव पर फोकस

पैक्स स्तर पर नए किसानों को सदस्य बनाने, किसान क्रेडिट कार्ड तैयार करने और सदस्य किसानों को अग्रिम उर्वरक उठाव के लिए प्रेरित किया जाएगा। पात्र किसानों को शून्य प्रतिशत ब्याज दर पर ऋण की सुविधा के बारे में भी जानकारी दी जाएगी। किसानों को ई-विकास प्रणाली के माध्यम से टोकन जनरेट करने की प्रक्रिया समझाई जाएगी। पात्र किसानों को निःशुल्क ई-टोकन जनरेट करने में सहायता भी उपलब्ध कराई जाएगी।

 फॉर्मर आईडी से जमीन जोड़ने का काम करेगा राजस्व विभाग

राजस्व विभाग द्वारा पटवारी स्तर पर किसानों की भूमि को फॉर्मर आईडी से जोड़ने की कार्रवाई की जाएगी। सारा पोर्टल के डैशबोर्ड और रिपोर्ट के आधार पर लंबित भूमिस्वामियों की सूची तैयार कर ग्राम पंचायत स्तर पर कार्रवाई की जाएगी। जिन किसानों की  फॉर्मर आईडी नहीं बनी है, उनकी ग्रामवार सूची तैयार कर ID उपलब्ध कराने पर जोर रहेगा। वहीं, अगर किसी किसान की भूमि गलत तरीके से किसी दूसरे किसान की  फॉर्मर आईडी से जुड़ी है, तो उसमें भी आवश्यक सुधार किया जाएगा।

संतुलित खाद के इस्तेमाल के लिए किसानों को जागरूक करेंगे

अभियान में किसानों को असंतुलित और जरूरत से ज्यादा उर्वरक इस्तेमाल के नुकसान के बारे में भी बताया जाएगा। मृदा स्वास्थ्य कार्ड के आधार पर सूक्ष्म पोषक तत्वों, जैव उर्वरक और कार्बनिक उर्वरकों के उपयोग की जानकारी दी जाएगी। इसके साथ ही कम अवधि और अधिक उत्पादन देने वाली फसल किस्मों, फसल विविधीकरण तथा दलहनी और तिलहनी फसलों का रकबा बढ़ाने के लिए किसानों को प्रोत्साहित किया जाएगा। नकदी फसलों के साथ फल और सब्जियों की खेती को भी बढ़ावा देने पर जोर रहेगा।

जिला और ग्राम स्तर पर बनाए जाएंगे कार्यक्रम

अभियान के सफल संचालन के लिए जिला और विकासखंड स्तर पर नोडल अधिकारी नियुक्त किए जाएंगे। जिला, पैक्स और ग्राम पंचायत स्तर पर दिनवार कार्यक्रम कैलेंडर तैयार किया जाएगा तथा संबंधित विभागों की टीमें गठित की जाएंगी। अभियान में पंचायत एवं ग्रामीण विकास, राजस्व, सहकारिता तथा किसान कल्याण एवं कृषि विकास विभाग की महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी। अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ अभियान की तैयारियां पूरी करने और किसानों तक योजनाओं व सुविधाओं का अधिकतम लाभ पहुंचाने के निर्देश दिए गए हैं।

आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture