राज्य कृषि समाचार (State News)

बिहार में गुड़ फैक्ट्री लगाने का सुनहरा मौका, 1 करोड़ रुपये तक मिलेगी सब्सिडी; ऐसे करें आवेदन

16 जून 2026, भोपाल: बिहार में गुड़ फैक्ट्री लगाने का सुनहरा मौका, 1 करोड़ रुपये तक मिलेगी सब्सिडी; ऐसे करें आवेदन – बिहार सरकार गन्ना आधारित उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए किसानों और निवेशकों को बड़ा मौका दे रही है। गन्ना उद्योग विभाग ने ‘बिहार राज्य गुड़ उद्योग प्रोत्साहन कार्यक्रम’ के तहत गुड़ उत्पादन इकाइयों की स्थापना पर 50 फीसदी तक सब्सिडी देने की योजना शुरू की है। इस योजना के तहत लाभार्थियों को पेराई क्षमता के आधार पर 6 लाख रुपये से लेकर 1 करोड़ रुपये तक की वित्तीय सहायता दी जाएगी। इसके लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है।

25 जून तक कर सकते हैं आवेदन

गन्ना उद्योग विभाग के अनुसार, वित्तीय वर्ष 2026-27 के प्रथम चरण के लिए आवेदन की अंतिम तिथि 25 जून निर्धारित की गई है। इच्छुक किसान, उद्यमी और निवेशक विभाग की आधिकारिक वेबसाइट ccs.bihar.gov.in पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। योजना का उद्देश्य राज्य में गुड़ उत्पादन को बढ़ावा देना और गन्ना किसानों को अतिरिक्त आय के अवसर उपलब्ध कराना है।

पेराई क्षमता के आधार पर मिलेगी सब्सिडी

योजना के तहत विभिन्न क्षमता की गुड़ उत्पादन इकाइयों को पूंजीगत लागत पर 50 प्रतिशत तक अनुदान दिया जाएगा। 5 से 20 टन प्रतिदिन गन्ना पेराई क्षमता वाली इकाइयों को अधिकतम 6 लाख रुपये, 21 से 40 टन क्षमता वाली इकाइयों को 15 लाख रुपये तथा 41 से 60 टन क्षमता वाली इकाइयों को अधिकतम 45 लाख रुपये तक की सब्सिडी मिलेगी। वहीं, 60 टन से अधिक प्रतिदिन पेराई क्षमता वाली इकाइयों को अधिकतम 1 करोड़ रुपये तक का अनुदान दिया जाएगा।

किसानों और युवाओं को मिलेगा लाभ

राज्य सरकार का मानना है कि इस योजना से गन्ना किसानों को अपनी उपज का बेहतर मूल्य मिलेगा और ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे। साथ ही, युवा उद्यमियों को गुड़ उत्पादन के क्षेत्र में निवेश करने के लिए प्रोत्साहन मिलेगा। सरकार को उम्मीद है कि इससे राज्य में गुड़ उद्योग को बढ़ावा मिलेगा और गन्ना आधारित अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।

आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture

Advertisements