Ad DesktopAd TabletAd Mobile
राज्य कृषि समाचार (State News)

आगर-मालवा में फ्रांस की कंपनी करेगी 1200 करोड़ का निवेश, 50 हजार किसानों को मिलेगा फायदा

19 नवंबर 2026, आगर-मालवा: आगर-मालवा में फ्रांस की कंपनी करेगी 1200 करोड़ का निवेश, 50 हजार किसानों को मिलेगा फायदा – मध्यप्रदेश के मालवा अंचल में कृषि आधारित उद्योगों को बढ़ावा देने की दिशा में बड़ा निवेश प्रस्ताव सामने आया है। कनाडा के बाद अब फ्रांस की बहुराष्ट्रीय कंपनी सैफ़लेट माल्ट ने आगर-मालवा जिले में करीब 1200 करोड़ रुपए के निवेश का प्रस्ताव दिया है। कंपनी यहां जौ से माल्ट तैयार करने वाली आधुनिक औद्योगिक इकाई स्थापित करना चाहती है। इसके लिए औद्योगिक पार्क में 20 हेक्टेयर जमीन की मांग की गई है।

पांच जिलों के 50 हजार से अधिक किसानों को जोड़ने की योजना

इस परियोजना से आगर-मालवा सहित उज्जैन, शाजापुर, देवास और मंदसौर जिले के 50 हजार से अधिक किसानों को जोड़ने की योजना है। कंपनी सालाना करीब 2.50 लाख टन जौ की खरीदी करेगी। इससे क्षेत्र के किसानों को स्थानीय स्तर पर बड़ा औद्योगिक खरीदार मिलने की संभावना है। परियोजना स्थापित होने पर करीब 500 लोगों को प्रत्यक्ष और 500 लोगों को अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार मिल सकता है। इस तरह कुल 1000 लोगों के लिए रोजगार के अवसर पैदा होने की संभावना है।

जौ से तैयार होगा माल्ट, खाद्य उद्योग में है मांग

प्रस्तावित इकाई में जौ से माल्ट तैयार किया जाएगा। माल्ट बनाने के लिए जौ को नियंत्रित परिस्थितियों में पानी में भिगोकर अंकुरित किया जाता है। इसके बाद निर्धारित तापमान पर सुखाकर माल्ट तैयार किया जाता है। इसका उपयोग खाद्य प्रसंस्करण और पेय पदार्थ उद्योग में बड़े स्तर पर होता है। बिस्किट, ब्रेड, बेकरी उत्पाद, चॉकलेट और विभिन्न पेय पदार्थों के निर्माण में भी माल्ट का इस्तेमाल किया जाता है। इस इकाई की स्थापना से क्षेत्र में कृषि उपज के स्थानीय स्तर पर प्रसंस्करण को बढ़ावा मिलेगा।

Ad DesktopAd TabletAd Mobile
Ad DesktopAd TabletAd Mobile

किसानों को उन्नत बीज और तकनीकी मार्गदर्शन भी देगी कंपनी

परियोजना का एक महत्वपूर्ण पहलू किसानों को सीधे औद्योगिक बाजार से जोड़ना है। कंपनी की योजना किसानों को जौ की उन्नत किस्मों के बीज उपलब्ध कराने, कृषि विशेषज्ञों के माध्यम से मार्गदर्शन देने और आधुनिक खेती की तकनीकों का प्रशिक्षण देने की है। इसके साथ ही किसानों को निर्धारित गुणवत्ता के अनुरूप जौ का उत्पादन करने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा। इससे जौ की खेती को बढ़ावा मिलने के साथ किसानों को अपनी उपज बेचने के लिए स्थानीय स्तर पर बड़ा बाजार मिल सकेगा।

कृषक जगत को व्हाट्सएप पर फॉलो करें
खेती-किसानी की ताज़ा खबरें, सीधे आपके फ़ोन पर
चैनल फॉलो करें

भारत में 2014 से कारोबार कर रही है कंपनी

फ्रांस की बहुराष्ट्रीय कंपनी सैफ़लेट माल्ट की भारत में व्यावसायिक मौजूदगी वर्ष 2014 से है। कंपनी की राजस्थान के अलवर में पहले से माल्ट निर्माण इकाई संचालित है, जिसकी वार्षिक उत्पादन क्षमता करीब 18 हजार टन है। कंपनी का वैश्विक कारोबार लगभग 20 देशों में फैला हुआ है।

107.50 हेक्टेयर जमीन पर विकसित होगा औद्योगिक पार्क का तीसरा चरण

जिले में औद्योगिक निवेश की संभावनाओं को देखते हुए कलेक्टर डॉ. शेर सिंह मीणा ने औद्योगिक पार्क के तीसरे चरण के विकास के लिए 107.50 हेक्टेयर जमीन उपलब्ध कराई है। इसी औद्योगिक क्षेत्र में सैफ़लेट माल्ट को प्रस्तावित इकाई स्थापित करने के लिए 20 हेक्टेयर जमीन दिखाई गई है। एमपीआईडीसी के कार्यकारी संचालक राजेश राठौड़ ने बताया कि कंपनी की ओर से निवेश का प्रस्ताव प्राप्त हुआ है। उद्योग स्थापना के लिए जमीन दिखाई गई है और आगे की प्रक्रिया जारी है। जमीन आवंटन सहित अन्य औपचारिकताएं पूरी होने के बाद परियोजना की स्थापना की दिशा में आगे की कार्रवाई की जाएगी।

कलेक्टर डॉ. शेर सिंह मीणा की ओर से औद्योगिक क्षेत्र के विस्तार के लिए जमीन उपलब्ध कराई गई है। इससे औद्योगिक पार्क का विस्तार होगा और भूमि आवंटन की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। प्रस्तावित निवेश से क्षेत्र में औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने के साथ किसानों को अपनी उपज का बेहतर बाजार और युवाओं को रोजगार के नए अवसर मिलने की उम्मीद है।

आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture