विदिशा में खरीफ सीजन से पहले 6170 मीट्रिक टन खाद का भंडारण, किसानों को नहीं होगी कमी
26 फरवरी 2026, विदिशा: विदिशा में खरीफ सीजन से पहले 6170 मीट्रिक टन खाद का भंडारण, किसानों को नहीं होगी कमी – मध्यप्रदेश के विदिशा जिले में आगामी खरीफ सीजन को ध्यान में रखते हुए किसानों के लिए खाद की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित कर ली गई है। किसानों को समय पर खाद मिल सके और उन्हें किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े, इसके लिए कलेक्टर अंशुल गुप्ता के निर्देशन में जिला प्रशासन द्वारा व्यापक स्तर पर तैयारियां की गई हैं।
वर्तमान में जिले की सहकारी समितियों में खाद का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है।
प्रशासन द्वारा की जा रही सतत मॉनिटरिंग के परिणामस्वरूप जिले की समितियों के गोदामों में अब तक कुल 6170 मीट्रिक टन खाद का भंडारण किया जा चुका है। उल्लेखनीय है कि गत वर्ष इसी अवधि में 5623 मीट्रिक टन खाद उपलब्ध था। इस प्रकार इस वर्ष किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पिछले वर्ष की तुलना में 547 मीट्रिक टन अधिक खाद का भंडारण किया गया है, जो एक महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है।
31 मई तक चलेगा ‘अग्रिम भंडारण’ अभियान:
खरीफ सीजन में बोवनी के समय किसानों को खाद के लिए कतारों में खड़ा न होना पड़े और उन्हें समय पर खाद उपलब्ध हो सके, इस उद्देश्य से जिले में ‘अग्रिम भंडारण’ अभियान चलाया जा रहा है। यह अभियान 01 फरवरी से प्रारंभ होकर 31 मई तक संचालित किया जाएगा। इस दौरान विपणन संघ के माध्यम से समितियों में किसानों की मांग के अनुसार निरंतर खाद की आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है।
जिला प्रशासन ने किसानों से की अपील:
जिला प्रशासन ने जिले के सभी किसानों से अपील की है कि वे खाद की उपलब्धता को लेकर किसी भी प्रकार की भ्रामक जानकारी या अफवाहों पर ध्यान न दें। प्रशासन द्वारा जिले में खाद की आपूर्ति नियमित रूप से की जा रही है और वर्तमान में किसी प्रकार की कमी नहीं है। किसान भाई आवश्यकता अनुसार खाद प्राप्त कर सकते हैं।
जिला प्रशासन ने किसानों को आश्वस्त किया है कि खरीफ सीजन के दौरान खाद की पर्याप्त उपलब्धता बनाए रखने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि कृषि कार्य प्रभावित न हो और किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture

