जिला सहकारी केंद्रीय बैंक नरसिंहपुर की 115 वीं वार्षिक आमसभा संपन्न
किसानों के आर्थिक उन्नयन में सहकारिता की महत्वपूर्ण भूमिका
12 सितंबर 2026, नरसिंहपुर: जिला सहकारी केंद्रीय बैंक नरसिंहपुर की 115 वीं वार्षिक आमसभा संपन्न – जिले के किसानों के आर्थिक उन्नयन में सहकारिता की महत्वपूर्ण भूमिका है। इस भूमिका को और अधिक सशक्त बनाने के लिए आधुनिक एवं सरल इजी-फाइनेंस सिस्टम विकसित करने की दिशा में कार्य किया जाना चाहिए। यह बात जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक प्रशासक एवं कलेक्टर श्रीमती रजनी सिंह ने जिला सहकारी केंद्रीय बैंक नरसिंहपुर की 115 वीं वार्षिक आमसभा में कही।
कलेक्टर श्रीमती सिंह ने सहकारी समितियों के जर्जर गोदामों में आवश्यक सुधार कराने के साथ-साथ जिन समितियों के पास बेहतर गोदाम उपलब्ध हैं, उनका समुचित उपयोग सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि सहकारी समितियों की कार्यप्रणाली को मजबूत बनाकर किसानों को शासन की योजनाओं, कृषि ऋण एवं अन्य वित्तीय सुविधाओं का लाभ समय पर उपलब्ध कराया जाए।
उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी एवं समितियां सम्मानित – कलेक्टर श्रीमती सिंह ने बैंक एवं समिति स्तर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों, शाखा प्रबंधकों एवं समितियों को सम्मानित किया। उन्होंने सालीचौका शाखा के शाखा प्रबंधक श्री अरविंद कौरव को सर्वाधिक अमानत वृद्धि, गोटेगांव शाखा के शाखा प्रबंधक श्री गणपत सिंह ठाकुर को सर्वाधिक वसूली तथा गाडरवारा कृषि शाखा के शाखा प्रबंधक श्री वीरेंद्र सिंह ठाकुर को चालू वर्ष में सर्वाधिक कृषि ऋण वसूली के लिए पुरस्कृत किया गया। इसी प्रकार करकबेल शाखा के शाखा प्रबंधक श्री संतराम चौधरी को सर्वाधिक अकृषि ऋण वितरण तथा सांईखेड़ा शाखा के शाखा प्रबंधक श्री विजेंद्र सिंह पटेल को सर्वाधिक ऋण वितरण के लिए सम्मानित किया। समिति स्तर पर चालू वर्ष में मांग के विरुद्ध 100 प्रतिशत वसूली करने वाली समितियों को भी सम्मानित किया। सर्वाधिक नवीन सदस्य बनाए जाने के लिए नरसिंहपुर समिति के प्रबंधक श्री देवेंद्र चौरसिया तथा समिति स्तर पर सर्वाधिक 20.90 करोड़ रुपये कृषि ऋण की वसूली के लिए चारगांव समिति प्रभारी श्री मनोज कौरव को पुरस्कृत किया।
बैंक ने दर्ज की वित्तीय प्रगति – आमसभा में बैंक के महाप्रबंधक श्री दिग्विजय सिंह पटेल ने बैंक का वित्तीय प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए बताया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 में बैंक ने 6.34 करोड़ रुपये का लाभ अर्जित किया है। इस अवधि में बैंक की अंश पूंजी में 2.83 करोड़ रुपये की वृद्धि हुई है, जबकि कार्यशील पूंजी में 68.75 करोड़ रुपये की वृद्धि दर्ज की गई है। उप आयुक्त सहकारिता श्री शिवम मिश्रा ने शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी एवं किसान हितैषी योजनाओं का लाभ निर्धारित समय-सीमा में किसानों तक पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने सहकारिता के माध्यम से किसानों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के लिए समितियों की सक्रिय भूमिका पर जोर दिया। इस अवसर पर सहकारी समितियों के प्रशासक तथा बैंक के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद थे। कार्यक्रम का संचालन श्री सचिन दड़ा एवं श्री प्रदीप राय और प्रबंधक लेखा सुश्री रोशनी दिवाने ने आभार व्यक्त किया।
आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture

