National News (राष्ट्रीय कृषि समाचार)

देश में गेहूं का रकबा बढ़ा

Share

343 लाख हेक्टेयर से अधिक क्षेत्र में हुई बोनी

  • (विशेष प्रतिनिधि)

15 फरवरी 2023,  नई दिल्ली । देश में गेहूं का रकबा बढ़ा – देश में रबी की बुवाई समाप्त हो गई है। कुल 720 लाख 68 हजार हेक्टेयर में रबी फसलें बोई गई हैं, जबकि गत वर्ष 697 लाख 98 हजार हेक्टेयर में बुवाई हुई थी। इस वर्ष 22.71 लाख हेक्टेयर रकबा बढ़ा है। इसमें 343 लाख हेक्टेयर से अधिक क्षेत्र में केवल गेहूं की बोनी की गई है, जो गत वर्ष की तुलना में 1.39 लाख हेक्टेयर अधिक है। गत वर्ष देश में 341 लाख 84 हजार हेक्टेयर में गेहूं बोया गया था। टॉप 10 गेहूं उत्पादक प्रमुख राज्यों में सबसे अधिक उत्तर प्रदेश में तथा सबसे कम उत्तराखंड मं गेहूं की बोनी की गई है।
देश में गेहूं का सामान्य क्षेत्र 304 लाख 47 हजार हेक्टेयर है। रबी वर्ष 2022-23 में 301 लाख 19 हजार हेक्टेयर का लक्ष्य राज्यों के लिए रखा गया था। इसके विरुद्ध 343.23 लाख हेक्टेयर में गेहूं की बोनी हुई है, जो गत वर्ष के 341.84 लाख हेक्टेयर से 1.39 लाख हेक्टेयर अधिक है।

मध्य प्रदेश में कम बुवाई

सबसे अधिक उत्तर प्रदेश में 98.39 लाख हेक्टेयर में गेहंू बोया गया है जो गत वर्ष 97.46 लाख हेक्टेयर से 93 हजार हेक्टेयर अधिक है। दूसरे नम्बर पर आने वाले मध्यप्रदेश में इस वर्ष गेहूं के रकबे में कमी कर 89.03 लाख हेक्टेयर लक्ष्य रखा गया था इसके विरुद्ध 89.71 लाख हेक्टेयर में गेहूं की बोनी हुई है। यह बोनी गत वर्ष से लगभग 4 लाख हेक्टेयर कम है। गत वर्ष 93.86 लाख हेक्टेयर में बुवाई हुई थी। तीसरे नम्बर पर पंजाब है जहाँ गेहूं 35.08 लाख हेक्टेयर में बोया गया है। यह बुवाई गत वर्ष से लगभग 18 हजार हेक्टेयर कम है। गत वर्ष 35.26 लाख हेक्टेयर में गेहूं बोया गया था।
जानकारी के मुताबिक इस वर्ष म.प्र. में 4.15 लाख हेक्टेयर में, झारखण्ड में 31 हजार, हरियाणा में 11 हजार, हिमाचल में 10 हजार, पश्चिम बंगाल में 9 हजार, उत्तराखण्ड में 2 हजार एवं कर्नाटक में 2 हजार हेक्टेयर में गेहूं का रकबा घटा है।

वहीं दूसरी तरफ राजस्थान में 2.52, महाराष्ट्र में 1.03 लाख हेक्टेयर तथा उत्तर प्रदेश में 93 हजार, गुजरात में 43, छत्तीसगढ़ में 47, बिहार में 94 हजार हेक्टेयर गेहूं का रकबा बढ़ा है।

वर्ष 2022-23 में देश के टॉप 10 गेहूं बुवाई वाले राज्य
क्र. राज्य   रकबा (लाख हे. में)
1 उत्तर प्रदेश 98.39
2 म.प्र. 89.71
3 पंजाब 35.08
4 राजस्थान 29.67
5 बिहार 25.12
6 हरियाणा 23.76
7 गुजरात 12.93
8 महाराष्ट्र 11.31
9 हिमाचल 3.8
10 उत्तराखण्ड 3.1

महत्वपूर्ण खबर:जीआई टैग मिलने से चिन्नौर धान किसानों को मिल रहा है अधिक दाम

Share
Advertisements

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *