Ad DesktopAd TabletAd Mobile
राष्ट्रीय कृषि समाचार (National Agriculture News)

गांवों की बदलेगी तस्वीर! शिवराज ने लॉन्च किया ‘मिशन समृद्ध गांव’, MP के दो ब्लॉक में बनेगा पायलट मॉडल

26 अगस्त 2026, नई दिल्ली: गांवों की बदलेगी तस्वीर! शिवराज ने लॉन्च किया ‘मिशन समृद्ध गांव’, MP के दो ब्लॉक में बनेगा पायलट मॉडल – केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मंगलवार को नई दिल्ली में ‘मिशन समृद्ध गांव’ योजना का शुभारंभ किया। इस मिशन का उद्देश्य गरीबी-मुक्त, रोजगारयुक्त और बुनियादी सुविधाओं से संपन्न गांवों के निर्माण की दिशा में एक समग्र और एकीकृत मॉडल विकसित करना है। सरकार का लक्ष्य है कि विकसित भारत की मजबूत नींव समृद्ध, आत्मनिर्भर और गरीबी-मुक्त गांवों से तैयार हो।

हर परिवार को रोजगार और आजीविका का अवसर

मिशन के तहत ऐसे मॉडल गांव विकसित किए जाएंगे, जहां प्रत्येक परिवार के पास रोजगार या आजीविका का अवसर हो, बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध हों और लोगों को मजबूरी में पलायन न करना पड़े। शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि यदि सरकारी योजनाओं को सही तरीके से लागू कर उनका लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाया जाए, तो गरीबी को काफी हद तक समाप्त किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि मिशन केवल एक परियोजना नहीं, बल्कि ग्रामीण विकास के लिए एक प्रयोगात्मक मॉडल है। इसके सफल होने पर इसे बड़े स्तर पर अन्य क्षेत्रों में भी दोहराया जा सकेगा।

मध्यप्रदेश के दो ब्लॉक में पायलट मॉडल

‘मिशन समृद्ध गांव’ के तहत मध्य प्रदेश के सीहोर जिले के बुदनी और देवास जिले के खातेगांव ब्लॉक में पायलट मॉडल विकसित किए जाएंगे। यहां विभिन्न सरकारी योजनाओं के अभिसरण के जरिए गरीबी-मुक्ति, रोजगार सृजन और समग्र ग्राम विकास को जमीन पर उतारा जाएगा। मिशन के तहत परिवार से लेकर ग्राम पंचायत और ब्लॉक स्तर तक एकीकृत विकास की रूपरेखा तैयार की जाएगी। प्रत्येक परिवार की जरूरत और पात्रता के आधार पर उसे केंद्र एवं राज्य सरकार की अलग-अलग योजनाओं से जोड़ा जाएगा।

Ad DesktopAd TabletAd Mobile
Ad DesktopAd TabletAd Mobile

कृषि के साथ स्वास्थ्य, शिक्षा और रोजगार पर भी फोकस

मिशन में केवल कृषि और ग्रामीण विकास से जुड़ी योजनाओं को ही नहीं, बल्कि स्वास्थ्य, शिक्षा, रोजगार, आजीविका और अन्य बुनियादी सुविधाओं को भी शामिल किया जाएगा। इसके लिए विभागों, प्रशासन, पंचायती राज संस्थाओं और विभिन्न साझेदार संस्थाओं को एक टीम के रूप में काम करना होगा। शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि सामूहिक प्रयासों से मिशन समृद्ध गांव का संकल्प पूरा किया जा सकता है और देश के सामने ग्रामीण विकास का एक प्रभावी मॉडल प्रस्तुत किया जा सकता है। उन्होंने कहा, “लोगों की जिंदगी बदलना मेरी जिंदगी का मकसद है।”

कृषक जगत को व्हाट्सएप पर फॉलो करें
खेती-किसानी की ताज़ा खबरें, सीधे आपके फ़ोन पर
चैनल फॉलो करें

संस्थाओं की साझेदारी से गांवों का विकास

मिशन के क्रियान्वयन में ट्रांसफॉर्म रूरल इंडिया फाउंडेशन, गेट्स फाउंडेशन, एक्सिस बैंक फाउंडेशन, एचएसबीसी, सिटीबैंक और अन्य साझेदार संस्थाओं के सहयोग और सुझावों का स्वागत किया गया है। केंद्र सरकार, पंचायती राज संस्थाओं, नागरिक समाज संगठनों और निजी क्षेत्र के बीच समन्वय के जरिए ग्रामीण विकास को नई गति देने पर जोर दिया जाएगा।

महिला किसानों और ग्रामीण महिलाओं पर विशेष ध्यान

‘मिशन समृद्ध गांव’ के तहत महिला किसानों की पहचान, उन्हें कृषि संबंधी सलाह और जरूरी जानकारी उपलब्ध कराने के साथ ग्रामीण महिलाओं को आजीविका के अवसरों से जोड़ने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। शिवराज सिंह चौहान ने ‘लखपति दीदी’ अभियान का उदाहरण देते हुए कहा कि जब ग्रामीण महिलाओं ने अपने जैसी महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त होते देखा, तो उनमें भी आगे बढ़ने का विश्वास और उत्साह पैदा हुआ। ऐसे सफल मॉडलों को अन्य गांवों में भी दोहराने पर जोर दिया जाएगा।

किसानों की आय बढ़ाने के लिए विविध गतिविधियों पर जोर

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि छोटे और सीमित कृषि जोत वाले किसानों की आय बढ़ाने के लिए एकीकृत कृषि प्रणाली को बढ़ावा देना जरूरी है। किसानों को केवल अनाज उत्पादन तक सीमित रखने के बजाय फल एवं सब्जी उत्पादन, मछली पालन, बकरी पालन, पशुपालन, मुर्गी पालन और मधुमक्खी पालन जैसी गतिविधियों से जोड़ने पर जोर दिया जाएगा।

इसके साथ ही ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए वेयरहाउस, खाद्य प्रसंस्करण और उत्पादन आधारित गतिविधियों को भी बढ़ावा दिया जाएगा। किसानों को केवल कच्ची उपज बेचने के बजाय मूल्यवर्धित उत्पाद तैयार कर बाजार तक पहुंचाने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा। इससे किसानों की आय बढ़ाने के साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे।

आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture