Ad DesktopAd TabletAd Mobile
राष्ट्रीय कृषि समाचार (National Agriculture News)

श्री अन्न से बढ़ेगी छोटे किसानों की ताकत : श्री तोमर

6 मार्च 2023, नई दिल्ली ।  श्री अन्न से बढ़ेगी छोटे किसानों की ताकत : श्री तोमर  – भारतीय कृषि अनुसंधान संस्थान (आईएआरआई) द्वारा आयोजित तीन दिवसीय पूसा कृषि विज्ञान मेले का शुभारंभ केंद्रीय कृषि मंत्री श्री नरेंद्र सिंह तोमर ने किया। मेले में हजारों किसानों के साथ ही वैज्ञानिकगण व स्टार्टअप के उद्यमी भी शामिल हुए हैं। इस अवसर पर श्री तोमर ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय मिलेट वर्ष के माध्यम से दुनियाभर में श्री अन्न का व्यापक रूप से प्रचार-प्रसार किया जा रहा है, जिसके पीछे प्रधानमंत्री का उद्देश्य है कि भारत के 86 प्रतिशत छोटे किसानों की ताकत बढ़ें। दिल्ली में प्रधानमंत्री के पद पर बैठकर भी श्री मोदी को गांवों में रह रहे इन छोटे किसानों की चिंता होती है। मोटा अनाज ये छोटे किसान ही उगाते आए हैं, इन्हें समृद्ध करने के लिए प्रधानमंत्री ने मोटे अनाज को ‘श्री अन्न’ नाम से प्रतिष्ठा प्रदान की है।

मुख्य अतिथि केंद्रीय मंत्री श्री तोमर ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी 18 मार्च 2023 को दिल्ली में होने वाले वृहद समारोह में अंतरराष्ट्रीय मिलेट वर्ष की विधिवत् लांचिंग करेंगे, जिसमें दुनियाभर के वैज्ञानिक, अन्य प्रतिनिधि व कई देशों के मंत्री शामिल होंगे। श्री तोमर ने पूसा कृषि विज्ञान मेले की थीम श्री अन्न रखने की सराहना करते हुए कहा कि इस मेले के माध्यम से भी किसानों को काफी लाभ मिलेगा।

श्री तोमर ने कहा कि किसानों के परिश्रम, वैज्ञानिकों की कुशलता व सरकार की किसान हितैषी नीतियों के कारण हमारी कृषि दुनिया में अव्वल है। उन्होंने कृषि क्षेत्र की प्रगति के लिए भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (आईसीएआर), इसके संस्थान व कृषि विज्ञान केंद्रों (केवीके) के वैज्ञानिकों के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि किसानों ने इनके अनुसंधान को खेती में अपनाया, जिसके कारण कृषि उत्पादों की गुणवत्ता बढ़ी है और इसका फायदा देश की अर्थव्यवस्था को भी मिल रहा है।

Ad DesktopAd TabletAd Mobile
Ad DesktopAd TabletAd Mobile

केंद्रीय मंत्री श्री तोमर ने कहा कि खेती को उन्नत बनाने एवं किसानों के कल्याण के लिए मोदी सरकार ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, 10 हजार नए कृषक उत्पादक संगठनों (एफपीओ) का गठन, 1 लाख करोड़ रु. का कृषि इंफ्रास्ट्रक्चर फंड जैसी अनेक महत्वपूर्ण योजनाएं प्रारंभ की है। श्री तोमर ने प्रगतिशील समर्पित किसानों को पुरस्कार प्रदान किए व प्रकाशनों का विमोचन किया। मेले में प्रमुख तकनीकों की विषयगत प्रदर्शनियां लगाई गई है, वहीं शोध संस्थानों, स्टार्टअप व उद्यमियों के स्टॉल भी लगे है, जिनका श्री तोमर ने अवलोकन किया व पूसा संस्थान के खेत भी देंखे। मेले में गेहूं, सरसों, चना, सब्जियों, फूलों, फलों की महत्वपूर्ण किस्मों का जीवंत प्रदर्शन किया गया है। किसानों, उद्यमियों, इनपुट एजेंसियों के स्टॉल भी है, वहीं किसान परामर्श स्टॉल किसानों की समस्याओं के समाधान में मदद कर रहे हैं। कार्यक्रम में आईसीएआर के महानिदेशक व डेयर के सचिव डा. हिमांशु पाठक, आईएआरआई के निदेशक डॉ. ए.के. सिंह, डॉ. रवींद्र पड़ारिया सहित अन्य अधिकारी, वैज्ञानिक एवं बड़ी संख्या में किसानबंधु उपस्थित थे।

कृषक जगत को व्हाट्सएप पर फॉलो करें
खेती-किसानी की ताज़ा खबरें, सीधे आपके फ़ोन पर
चैनल फॉलो करें

महत्वपूर्ण खबर: नरवाई नहीं जलाने के लिए प्रतिबंधात्मक आदेश जारी