Ad DesktopAd TabletAd Mobile
राष्ट्रीय कृषि समाचार (National Agriculture News)

शिवराज सिंह चौहान का बड़ा ऐलान, देवास में बनेगी आदर्श कृषि व्यवस्था; 37 हजार नई लखपति दीदियां तैयार होंगी

03 अगस्त 2026, नई दिल्ली: शिवराज सिंह चौहान का बड़ा ऐलान, देवास में बनेगी आदर्श कृषि व्यवस्था; 37 हजार नई लखपति दीदियां तैयार होंगी – केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि देवास जिले को कृषि और ग्रामीण विकास का मॉडल जिला बनाने के लिए व्यापक कार्ययोजना तैयार की गई है। भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (ICAR) और भारत सरकार के कृषि विभाग के सहयोग से जिले के लिए विशेष कृषि रोडमैप बनाया गया है, जिससे किसानों की आय बढ़ाने और आदर्श कृषि व्यवस्था विकसित करने की दिशा में काम किया जाएगा। इसके साथ ही जिले में 37 हजार नई लखपति दीदियां तैयार करने का लक्ष्य भी तय किया गया है।

शनिवार को देवास में आयोजित दिशा समिति की बैठक के बाद केंद्रीय मंत्री ने कहा कि जिले की मिट्टी, जलवायु, जल उपलब्धता और स्थानीय परिस्थितियों का वैज्ञानिक अध्ययन कर यह रोडमैप तैयार किया गया है। इसके तहत बेहतर बीज, उन्नत फसलें, बागवानी क्लस्टर और किसान उत्पादक संगठनों (FPO) के माध्यम से कृषि उत्पादों की प्रोसेसिंग को बढ़ावा दिया जाएगा, ताकि किसानों को उनकी उपज का बेहतर मूल्य मिल सके।

37 हजार नई लखपति दीदियां बनाने का लक्ष्य

शिवराज सिंह चौहान ने बताया कि ग्रामीण विकास विभाग के माध्यम से महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। वर्तमान में देवास जिले में करीब 35 हजार लखपति दीदियां हैं और अब 37 हजार नई महिलाओं को लखपति बनाने का लक्ष्य रखा गया है।

Ad DesktopAd TabletAd Mobile
Ad DesktopAd TabletAd Mobile

उन्होंने कहा कि स्वयं सहायता समूहों (SHG) से जुड़ी महिलाओं को प्रशिक्षण, बैंक लिंकेज और आसान ऋण उपलब्ध कराया जाएगा। जो महिलाएं अभी तक स्वयं सहायता समूहों से नहीं जुड़ी हैं, उन्हें भी अभियान चलाकर जोड़ा जाएगा। साथ ही व्यक्तिगत महिलाओं को भी बड़े ऋण उपलब्ध कराने पर सहमति बनी है, ताकि वे स्वरोजगार और छोटे उद्योग स्थापित कर अपनी आय बढ़ा सकें।

कृषक जगत को व्हाट्सएप पर फॉलो करें
खेती-किसानी की ताज़ा खबरें, सीधे आपके फ़ोन पर
चैनल फॉलो करें

गांव तय करेंगे विकास कार्य

केंद्रीय मंत्री ने बताया कि विकसित भारत जी-राम जी योजना के तहत गांवों को मिलने वाली राशि से विकास कार्य कराए जाएंगे। गांव की जनता स्वयं तय करेगी कि उनके क्षेत्र में किन कार्यों को प्राथमिकता दी जाए। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं का तेजी से विस्तार होगा।

सिंचाई और पेयजल योजनाओं की समीक्षा

बैठक में छीपानेर लिफ्ट इरिगेशन योजना, मां रेवा लिफ्ट इरिगेशन योजना सहित अन्य सिंचाई परियोजनाओं की समीक्षा की गई। शिवराज सिंह चौहान ने बताया कि एक महत्वपूर्ण परियोजना को वन विभाग से मंजूरी मिल चुकी है और जल्द ही उसका कार्य शुरू होगा, जिससे जिले के कई गांवों तक सिंचाई का पानी पहुंचेगा।

उन्होंने खातेगांव क्षेत्र की पेयजल योजनाओं की धीमी प्रगति पर नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिकारियों को जांच के निर्देश दिए। साथ ही जल निगम को भी सभी परियोजनाओं की समीक्षा कर आवश्यक कार्रवाई करने को कहा।

स्वास्थ्य और पोषण पर रहेगा विशेष फोकस

केंद्रीय मंत्री ने बताया कि बैठक में तीन अहम निर्णय लिए गए हैं। पहला, देवास जिले को टीबी मुक्त बनाने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा, जिसमें मरीजों को पोषण आहार और उपचार सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। दूसरा, आयुष्मान भारत योजना के तहत 70 वर्ष से अधिक आयु के सभी पात्र बुजुर्गों और अन्य लाभार्थियों के आयुष्मान कार्ड अगले तीन महीनों में बनाए जाएंगे।

तीसरा, जिले को कुपोषण मुक्त बनाने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा, ताकि महिलाओं और बच्चों के स्वास्थ्य में सुधार हो सके।

युवाओं को मिलेगा कौशल प्रशिक्षण

शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि युवाओं को रोजगार से जोड़ने के लिए ग्रामीण विकास विभाग की आरसेटी योजना के तहत कौशल प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण के बाद युवाओं को बैंक ऋण उपलब्ध कराकर स्वरोजगार के अवसर प्रदान किए जाएंगे। इसके अलावा उद्योगों की आवश्यकता के अनुसार कुशल मानव संसाधन तैयार करने के लिए विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम भी संचालित किए जाएंगे।

उन्होंने कहा कि दिशा समिति की बैठक बेहद रचनात्मक रही और कृषि, सिंचाई, आधारभूत संरचना, महिला सशक्तिकरण, स्वास्थ्य तथा रोजगार के क्षेत्र में देवास जिले को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए केंद्र और राज्य सरकार मिलकर लगातार कार्य करेंगी।

आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture