राष्ट्रीय कृषि समाचार (National Agriculture News)

शिवराज सिंह चौहान और रेवंत रेड्डी की अहम बैठक, कृषि और ग्रामीण विकास में सहयोग बढ़ाने पर बनी सहमति

29 जुलाई 2026, नई दिल्ली: शिवराज सिंह चौहान और रेवंत रेड्डी की अहम बैठक, कृषि और ग्रामीण विकास में सहयोग बढ़ाने पर बनी सहमति – केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बुधवार को नई दिल्ली में तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी से मुलाकात की। इस दौरान कृषि, ग्रामीण विकास, प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण (PMAY-G), प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना (PMFBY), विकसित भारत–गारंटी फॉर रोजगार एंड आजीविका मिशन (ग्रामीण), सूखा प्रबंधन तथा कृषि में आधुनिक तकनीक के उपयोग जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई। बैठक में दोनों नेताओं ने किसानों के हितों को प्राथमिकता देते हुए केंद्र और राज्य सरकार के बीच समन्वय को और मजबूत बनाने पर सहमति जताई।

बैठक के दौरान मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत राज्य के लगभग 11.56 लाख पात्र परिवारों को आवास उपलब्ध कराने के लिए केंद्र सरकार से सहयोग का अनुरोध किया। उन्होंने ग्रामीण विकास कार्यक्रमों के प्रभावी क्रियान्वयन और कम वर्षा के कारण कृषि क्षेत्र में उत्पन्न चुनौतियों की जानकारी भी केंद्रीय मंत्री को दी। मुख्यमंत्री ने सूखा प्रभावित क्षेत्रों का वैज्ञानिक आकलन कराने के लिए केंद्र सरकार से विशेषज्ञ दल भेजने का आग्रह किया।

AI और डिजिटल तकनीक से खेती को मिल रही नई दिशा

मुख्यमंत्री ने बताया कि तेलंगाना सरकार कृषि क्षेत्र में कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI), जियोस्पेशियल तकनीक और डिजिटल नवाचारों का व्यापक उपयोग कर रही है। राज्य में ‘कृषि मित्र’ मॉडल के जरिए किसानों को खेत स्तर पर समयबद्ध सलाह दी जा रही है। इसके अलावा 70 लाख से अधिक किसानों का डिजिटल डेटाबेस तैयार किया गया है, जिससे उर्वरकों की ऑनलाइन बुकिंग और पारदर्शी वितरण सुनिश्चित हो रहा है। साथ ही यूरिया की कालाबाजारी रोकने के लिए डिजिटल निगरानी प्रणाली भी विकसित की गई है।

उन्होंने बताया कि कम वर्षा के बावजूद राज्य में पिछले वर्ष की तुलना में इस बार फसल कवरेज बेहतर है। ग्राम पंचायतों के माध्यम से किसानों के बीच जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं और प्रत्येक जिले के लिए कंटिंजेंसी प्लान तैयार कर कम पानी में उगाई जाने वाली फसलों एवं उपयुक्त बीजों की उपलब्धता सुनिश्चित की जा रही है।

तकनीक आधारित कृषि मॉडल की शिवराज ने की सराहना

केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि किसानों का कल्याण केंद्र सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और कृषि क्षेत्र में केंद्र एवं राज्यों के बीच बेहतर समन्वय जरूरी है। उन्होंने सूखा प्रभावित क्षेत्रों के वैज्ञानिक आकलन और समयबद्ध सहायता पर जोर देते हुए भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (ICAR), राज्य सरकार और कृषि विश्वविद्यालयों के सहयोग से तेलंगाना के लिए वैज्ञानिक कृषि रोडमैप तैयार करने की बात कही।

उन्होंने कृषि में AI, डिजिटल तकनीक और आधुनिक नवाचारों के उपयोग की सराहना करते हुए कहा कि इससे उत्पादकता बढ़ाने, लागत कम करने और किसानों तक समय पर आवश्यक सेवाएं पहुंचाने में मदद मिलेगी। उन्होंने यह भी कहा कि तेलंगाना की तकनीक आधारित कृषि प्रबंधन प्रणाली का अध्ययन कर उसकी बेहतर कार्यप्रणालियों को अन्य राज्यों में भी अपनाने की संभावनाओं पर विचार किया जाएगा।

फसल बीमा और ग्रामीण विकास योजनाओं पर भी हुआ मंथन

बैठक में प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना (PMFBY) पर भी विस्तार से चर्चा हुई। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि यह योजना किसानों को प्राकृतिक आपदाओं और फसल नुकसान से सुरक्षा प्रदान करने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकारों के समन्वित प्रयासों से अधिक से अधिक किसानों को योजना का लाभ दिलाया जा सकता है और राज्यों के सुझावों पर सकारात्मक दृष्टिकोण से विचार किया जाएगा।

ग्रामीण विकास के मुद्दे पर शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण और विकसित भारत–गारंटी फॉर रोजगार एंड आजीविका मिशन (ग्रामीण) जैसी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन ग्रामीण क्षेत्रों के समग्र विकास, आजीविका सुदृढ़ीकरण और गरीब परिवारों के जीवन स्तर में सुधार के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने राज्य सरकार द्वारा उठाए गए प्रस्तावों पर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिलाया।

तेलंगाना दौरे का दिया निमंत्रण

बैठक के अंत में मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान को तेलंगाना का दौरा करने का निमंत्रण दिया, ताकि वे राज्य में कृषि, ग्रामीण विकास और किसानों से जुड़े कार्यक्रमों का जमीनी स्तर पर अवलोकन कर सकें। केंद्रीय मंत्री ने निमंत्रण स्वीकार करते हुए कहा कि केंद्र सरकार किसानों के कल्याण, टिकाऊ कृषि विकास और ग्रामीण समृद्धि के लिए तेलंगाना सरकार के साथ मिलकर काम करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture