रबी सीजन की तैयारी तेज, शिवराज सिंह चौहान ने अधिकारियों को दिए किसानों के हित में त्वरित कार्रवाई के निर्देश
04 नवंबर 2026, नई दिल्ली: रबी सीजन की तैयारी तेज, शिवराज सिंह चौहान ने अधिकारियों को दिए किसानों के हित में त्वरित कार्रवाई के निर्देश – केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कृषि मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ देशभर में खरीफ फसलों की कटाई, मौजूदा मौसमी परिस्थितियों और रबी सीजन की तैयारियों की उच्चस्तरीय समीक्षा की। बैठक में विभिन्न राज्यों में सूखे, चक्रवाती प्रभाव और अनियमित बारिश से उत्पन्न परिस्थितियों पर चर्चा की गई। इस दौरान कृषि मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि संकट के समय किसानों के प्रति पूरी संवेदनशीलता बरती जाए और राहत कार्यों में किसी भी तरह की प्रक्रियात्मक देरी न हो। बैठक में केंद्रीय कृषि सचिव अतीश चंद्रा सहित मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
रबी बुआई में तेजी लाने के निर्देश
समीक्षा बैठक में बताया गया कि देशभर में खरीफ फसलों की कटाई जारी है। मूंग और सोयाबीन जैसी प्रमुख फसलों की कटाई अंतिम चरण में पहुंच चुकी है। इस पर कृषि मंत्री ने कहा कि खरीफ फसलों की कटाई के तुरंत बाद खेतों में मौजूद नमी का अधिकतम उपयोग करते हुए रबी फसलों की बुआई में तेजी लाई जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि जिन क्षेत्रों में सिंचाई के पानी की सीमित उपलब्धता है, वहां किसानों को चना, सरसों, मसूर और मोटे अनाज जैसी कम पानी और कम लागत वाली फसलों की खेती के लिए प्रोत्साहित किया जाए। साथ ही, तापमान में उतार-चढ़ाव को देखते हुए वैज्ञानिकों द्वारा विकसित जलवायु अनुकूल और गर्मी रोधी उन्नत बीज किसानों तक पहुंचाने पर जोर दिया।
रबी सीजन के लिए खाद-बीज का पर्याप्त स्टॉक
कृषि मंत्री ने देशभर में खाद और उर्वरकों की उपलब्धता की भी समीक्षा की। बैठक में बताया गया कि रबी सीजन के लिए यूरिया, डीएपी, एमओपी और एनपीके सहित सभी जरूरी उर्वरकों के साथ प्रमाणित बीजों का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। किसानों को बुआई के समय किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए राज्य सरकारों के साथ समन्वय बनाकर जिला स्तर तक खाद और बीज की आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है। वहीं, मंडियों में फसलों के दामों का विश्लेषण करने पर सामने आया कि धान, गेहूं, मक्का, चना, मसूर, अरहर, सोयाबीन और सरसों जैसी प्रमुख फसलों के भाव न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) से काफी ऊपर चल रहे हैं। इससे किसानों को उनकी उपज का बेहतर और लाभकारी मूल्य मिल रहा है।
प्राकृतिक आपदा से प्रभावित किसानों को जल्द मिलेगी राहत
प्राकृतिक आपदाओं से प्रभावित किसानों की स्थिति पर चर्चा करते हुए शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि अत्यधिक बारिश और बाढ़ से प्रभावित क्षेत्रों के साथ-साथ कर्नाटक, महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश और तेलंगाना जैसे सूखे का सामना कर रहे राज्यों के किसानों के साथ भी केंद्र सरकार मजबूती से खड़ी है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और मार्गदर्शन में किसानों के हितों की रक्षा के लिए हरसंभव कदम उठाए जा रहे हैं।
कृषि मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया कोष (NDRF) के तहत फसल नुकसान का आकलन जल्द किया जाए। इसके साथ ही प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत किसानों के दावों का भुगतान प्राथमिकता के आधार पर कराया जाए, ताकि प्रभावित किसानों को समय पर आर्थिक सहायता मिल सके।
चक्रवाती बारिश से मिलने वाली नमी का होगा उपयोग
आगामी चक्रवाती बारिश से खेतों में बनने वाली नमी का लाभ रबी फसलों की बुआई में उठाने के लिए भी कृषि मंत्री ने आकस्मिक कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि वे स्वयं हर सप्ताह मौजूदा परिस्थितियों और किसानों से जुड़े मुद्दों की समीक्षा करेंगे। जरूरत पड़ने पर राज्य सरकारों और मुख्यमंत्रियों से सीधे बातचीत कर किसानों की समस्याओं का जल्द समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।
आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture


