राष्ट्रीय कृषि समाचार (National Agriculture News)

कृषि क्षेत्र की उत्कृष्ट प्रतिभाओं को सम्मानित करेगा पीएचडीसीसीआई एग्री बिजनेस अवार्ड्स 2026

18 जून 2026, नई दिल्ली: कृषि क्षेत्र की उत्कृष्ट प्रतिभाओं को सम्मानित करेगा पीएचडीसीसीआई एग्री बिजनेस अवार्ड्स 2026 – भारतीय कृषि क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले किसानों, कृषि उद्यमियों, स्टार्टअप्स, वैज्ञानिकों और कृषि संस्थानों को सम्मानित करने के उद्देश्य से पीएचडी चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (PHDCCI) द्वारा एग्री बिजनेस अवार्ड्स 2026 का आयोजन 2 जुलाई 2026 को शाम 4 बजे पीएचडी हाउस, नई दिल्ली में किया जाएगा।

“मिट्टी की पहचान, किसान का सम्मान” थीम पर आधारित यह कार्यक्रम कृषि क्षेत्र में नवाचार, उद्यमिता और सतत विकास को बढ़ावा देने वाले व्यक्तियों और संस्थाओं को राष्ट्रीय मंच पर सम्मानित करेगा। कार्यक्रम में कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय, भारत सरकार के कृषि आयुक्त डॉ. प्रवीण कुमार सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।

पीएचडीसीसीआई के अनुसार, वर्तमान वैश्विक और कृषि परिदृश्य में किसानों तथा कृषि क्षेत्र से जुड़े नवोन्मेषी प्रयासों को पहचान देना समय की आवश्यकता है। इसी उद्देश्य से यह पुरस्कार समारोह आयोजित किया जा रहा है, जिसमें कृषि मूल्य श्रृंखला से जुड़े विभिन्न हितधारकों को एक मंच पर लाया जाएगा।

कार्यक्रम में देशभर से वरिष्ठ सरकारी अधिकारी, नीति निर्माता, कृषि वैज्ञानिक, उद्योग जगत के प्रतिनिधि, एग्रीटेक स्टार्टअप्स, किसान उत्पादक संगठन (एफपीओ), प्रगतिशील किसान तथा कृषि व्यवसाय से जुड़े पेशेवर भाग लेंगे। यह आयोजन कृषि क्षेत्र में नए विचारों, सफल मॉडलों और भविष्य की संभावनाओं पर चर्चा का अवसर भी प्रदान करेगा।

अवार्ड्स के अंतर्गत स्टार्टअप एवं इनोवेशन अवार्ड, महिला एग्रीप्रेन्योर अवार्ड, यंग फार्मर इनोवेटर अवार्ड तथा प्रोग्रेसिव फार्मिंग एक्सीलेंस अवार्डसहित विभिन्न श्रेणियों में सम्मान प्रदान किए जाएंगे।

कार्यक्रम के मीडिया पार्टनर के रूप में कृषक जगत भी जुड़ा हैं, जो इस आयोजन की व्यापक पहुंच सुनिश्चित करने में सहयोग करेंगे।

एग्री बिजनेस अवार्ड्स 2026 भारतीय कृषि में नवाचार, नेतृत्व और उत्कृष्ट कार्यों को सम्मानित करने के साथ-साथ कृषि क्षेत्र के विभिन्न हितधारकों के बीच संवाद और सहयोग को भी नई दिशा देने का प्रयास करेगा।


आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture

Advertisements