भारत का मत्स्य उत्पादन 198 लाख टन के रिकॉर्ड स्तर पर, वैश्विक जलीय कृषि में बना दूसरा सबसे बड़ा उत्पादक देश
28 नवंबर 2026, नई दिल्ली: भारत का मत्स्य उत्पादन 198 लाख टन के रिकॉर्ड स्तर पर, वैश्विक जलीय कृषि में बना दूसरा सबसे बड़ा उत्पादक देश – केंद्रीय मत्स्य पालन विभाग के सचिव डॉ. अभिलक्ष लिखी ने महाराष्ट्र के नागपुर स्थित पशु एवं मत्स्य विज्ञान महाविद्यालय का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने ‘मत्स्य पालन और जलीय कृषि क्षेत्र में भारत की पहल’ विषय पर प्रस्तुति दी और विद्यार्थियों के साथ संवाद कर इस क्षेत्र की उपलब्धियों, उभरते अवसरों तथा भविष्य की संभावनाओं पर चर्चा की। उन्होंने मत्स्य पालन में आधुनिक तकनीक, उद्यमिता, कौशल विकास और रोजगार के नए अवसरों को लेकर सरकार की विभिन्न पहलों की जानकारी भी साझा की।
डॉ. लिखी ने बताया कि वर्ष 2024-25 में भारत का कुल मत्स्य उत्पादन बढ़कर 198 लाख टन के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया है। वैश्विक मत्स्य उत्पादन में 8 प्रतिशत योगदान के साथ भारत दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा जलीय कृषि उत्पादक देश है। इसी अवधि में अंतर्देशीय मत्स्य पालन और जलीय कृषि का उत्पादन बढ़कर 153 लाख टन हो गया। वहीं, वित्त वर्ष 2025-26 में भारत का समुद्री खाद्य निर्यात 19.32 लाख मीट्रिक टन और इसका मूल्य 73,890.46 करोड़ रुपये (8.45 अरब डॉलर) के अब तक के सर्वोच्च स्तर पर पहुंच गया। उन्होंने कहा कि यह क्षेत्र देश के 3 करोड़ से अधिक मछुआरों और मत्स्य पालकों की आजीविका का आधार है।
34 विशेष क्लस्टरों से मजबूत होगी मूल्य श्रृंखला
डॉ. लिखी ने मत्स्य क्षेत्र की पूरी मूल्य श्रृंखला को मजबूत बनाने के लिए क्लस्टर आधारित विकास पर जोर दिया। उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार ने देशभर में 34 विशेष मत्स्य पालन और जलीय कृषि क्लस्टर अधिसूचित किए हैं। इनमें टूना, झींगा, पंगेसियस, तिलापिया, ट्राउट, समुद्री शैवाल, सजावटी मत्स्य पालन, मोती की खेती, जलाशय और शीतजल मत्स्य पालन सहित विभिन्न क्षेत्रों को शामिल किया गया है। इन क्लस्टरों के माध्यम से उत्पादन, प्रसंस्करण, विपणन और निर्यात से जुड़ी कमियों को दूर करने के साथ आधुनिक तकनीक, बाजार संपर्क और मूल्य संवर्धन को बढ़ावा दिया जाएगा। इसके लिए नाबार्ड, वित्तीय संस्थानों, निजी उद्यमियों और अन्य हितधारकों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।
आधुनिक तकनीक और एआई से बढ़ेगी उत्पादकता
सचिव ने प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना के तहत प्रोत्साहित की जा रही आधुनिक जलीय कृषि तकनीकों की जानकारी दी। इनमें पुनर्चक्रण जलीय कृषि प्रणाली (आरएएस), बायोफ्लॉक, जलाशय और समुद्री केज कल्चर, रेसवे, पेन कल्चर तथा आधुनिक हैचरी एवं मत्स्य बीज उत्पादन प्रणालियां शामिल हैं। उन्होंने जल की गुणवत्ता, मछलियों के स्वास्थ्य, आहार प्रबंधन और रोगों की निगरानी में कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई), इंटरनेट ऑफ थिंग्स (आईओटी), मशीन लर्निंग और ड्रोन आधारित तकनीकों के बढ़ते इस्तेमाल पर भी जोर दिया।
युवाओं और महिलाओं के लिए नए अवसर
डॉ. लिखी ने प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना और प्रधानमंत्री मत्स्य किसान समृद्धि सह-योजना के माध्यम से स्टार्टअप, युवा उद्यमियों, मत्स्य किसान उत्पादक संगठनों, सहकारी समितियों और स्वयं सहायता समूहों को मिल रहे अवसरों का उल्लेख किया। उन्होंने संस्थागत ऋण, वित्तीय सहायता, प्रशिक्षण और ओपन नेटवर्क फॉर डिजिटल कॉमर्स (ओएनडीसी) जैसे डिजिटल बाजार मंचों तक पहुंच बढ़ाने की आवश्यकता बताई। उन्होंने राष्ट्रीय मत्स्य डिजिटल प्लेटफॉर्म की भूमिका को भी महत्वपूर्ण बताया, जिससे मत्स्य पालकों को क्षेत्र के औपचारिक ढांचे से जोड़ने के साथ ऋण, बीमा और सरकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त करने में सुविधा होगी।
आधुनिक मत्स्य अवसंरचना के विकास पर जोर
डॉ. लिखी ने स्मार्ट मत्स्यन बंदरगाहों, आधुनिक मछली अवतरण केंद्रों, थोक एवं खुदरा मछली बाजारों, शीत भंडारण, परिवहन नेटवर्क और प्रसंस्करण इकाइयों के विकास की आवश्यकता बताई। उन्होंने समुद्री शैवाल की खेती, सजावटी मत्स्य पालन और मोती की खेती जैसे क्षेत्रों में उपलब्ध संभावनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि इनसे विशेष रूप से युवाओं और महिलाओं के लिए रोजगार और उद्यमिता के नए अवसर पैदा हो सकते हैं। उन्होंने मछुआरों और मत्स्य पालकों की आय बढ़ाने तथा वैश्विक समुद्री खाद्य बाजारों में भारत की स्थिति मजबूत करने के लिए उत्पादन के बाद बेहतर प्रबंधन, प्रसंस्करण और मूल्य संवर्धन को महत्वपूर्ण बताया।
विद्यार्थियों से संवाद, महाविद्यालय की सुविधाओं का निरीक्षण
कार्यक्रम में देशभर के विभिन्न मत्स्य महाविद्यालयों और विश्वविद्यालयों के विद्यार्थियों, कृषि विज्ञान केंद्रों, भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद के संस्थानों तथा राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के मत्स्य विभागों के प्रतिनिधियों ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से भाग लिया। संवाद के दौरान विद्यार्थियों ने इंटर्नशिप और रोजगार के अवसरों की जानकारी साझा करने के लिए एक मंच विकसित करने की आवश्यकता उठाई।
उन्होंने मत्स्य पालन क्षेत्र में स्वरोजगार और उद्यमिता को बढ़ावा देने वाली केंद्रीय योजनाओं के बारे में भी जानकारी प्राप्त करने में रुचि दिखाई। डॉ. लिखी ने उन्हें पारंपरिक रोजगार से आगे बढ़कर क्षेत्र के नए आयामों में अवसर तलाशने के लिए प्रोत्साहित किया।
इस दौरान उन्होंने महाविद्यालय की मत्स्य बीज इकाई, हैचरी, प्रदर्शनी और संग्रहालय का निरीक्षण किया। उन्होंने मत्स्य प्रौद्योगिकी परिसर का भी दौरा किया, जहां अनुसंधान, प्रशिक्षण, रोग निदान और प्रदर्शन संबंधी सुविधाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जा रही हैं। इस परिसर को मत्स्य पालन एवं जलीय कृषि अवसंरचना विकास निधि योजना के तहत 19.69 करोड़ रुपये की परियोजना लागत से विकसित किया जा रहा है।
आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture


