भारत-घाना कृषि अनुसंधान और शिक्षा में मिलकर करेंगे काम, दो महत्वपूर्ण एमओयू पर हस्ताक्षर किए
08 अक्टूबर 2026, नई दिल्ली: भारत-घाना कृषि अनुसंधान और शिक्षा में मिलकर करेंगे काम, दो महत्वपूर्ण एमओयू पर हस्ताक्षर किए – भारत और घाना ने वैज्ञानिक अनुसंधान, शिक्षा, क्षमता निर्माण और कृषि अनुसंधान एवं शिक्षा के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने के लिए दो महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापनों (MoU) पर हस्ताक्षर किए। इन समझौतों का आदान-प्रदान विदेश मंत्री एस. जयशंकर और घाना के विदेश मंत्री सैम ओकुडजेटो अबलाकवा की मौजूदगी में हुआ।
पहला समझौता भारतीय प्राणी सर्वेक्षण (Zoological Survey of India) और घाना विश्वविद्यालय के बीच हुआ। इसके तहत शैक्षणिक गतिविधियों, वैज्ञानिक अनुसंधान और क्षमता निर्माण के क्षेत्र में सहयोग किया जाएगा।
वहीं, दूसरा MoU नई दिल्ली स्थित भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (ICAR) और घाना के CSIR-क्रॉप रिसर्च इंस्टीट्यूट के बीच हुआ। यह समझौता कृषि अनुसंधान और शिक्षा के क्षेत्र में सहयोग से जुड़ा है। जयशंकर ने कहा कि ये समझौते भारत और घाना के बीच दक्षिण-दक्षिण सहयोग को आगे बढ़ाने में मदद करेंगे।
इस दौरान जयशंकर और अबलाकवा ने भारत-घाना व्यापक साझेदारी, व्यापार, निवेश, विकास, फार्मास्यूटिकल्स, क्षमता निर्माण, रक्षा, तकनीक और लोगों के बीच संबंधों को मजबूत करने पर भी चर्चा की। दोनों पक्षों ने बहुपक्षीय सहयोग और अफ्रीकी संघ तथा ECOWAS के साथ जुड़ाव को और मजबूत करने पर भी विचार किया।
जयशंकर ने घाना के राष्ट्रपति जॉन द्रवामानी महामा से भी मुलाकात की। उन्होंने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से उन्हें शुभकामनाएं दीं। दोनों के बीच भारत-घाना संबंधों को मजबूत करने और व्यापक साझेदारी को आगे बढ़ाने पर चर्चा हुई।
विदेश मंत्री एस. जयशंकर 6 से 10 अक्टूबर तक घाना, कोट द’आइवोर और इथियोपिया की तीन देशों की यात्रा पर हैं। इस दौरान वे द्विपक्षीय बैठकों के साथ व्यापार, आर्थिक संबंध, विकास सहयोग, क्षमता निर्माण, लोगों के बीच संबंधों और क्षेत्रीय एवं वैश्विक मुद्दों पर चर्चा करेंगे।
आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture

