Ad DesktopAd TabletAd Mobile
राष्ट्रीय कृषि समाचार (National Agriculture News)

खाता सुरक्षा में बैंको का कमजोर तंत्र

23 नवंबर 2026, नई दिल्ली: खाता सुरक्षा में बैंको का कमजोर तंत्र – देश में डिजिटल क्रांति के चलते आम जनमानस अब नगदी के बजाए मोबाइल फोन को ही भुगतान के रुप में इस्तेमाल कर रहा है। डिजिटल तकनीकी विकास और आर्थिक लेन-देन की प्रक्रिया में अभूतपूर्व बदलाव तो आया है, लेकिन इसके साथ आम नागरिक की जमा पूंजी की सुरक्षा पर गंभीर खतरा भी उत्पन्न हो गया है। देश की असल तस्वीर यह भी है कि डिजिटल व्यवस्था का जितना लाभ आम जनता को मिलना चाहिए था, उससे कहीं अधिक इसका गलत फायदा आर्थिक अपराधी उठा रहे हैं। सामान्य बैंकिंग धोखाधड़ी से लेकर साइबर ठगी और डिजिटल अरेस्ट जैसे संगठित अपराधों का बढ़ता दायरा अब राष्ट्रीय चिंता का विषय बन चुका है। सर्वोच्च न्यायालय ने डिजिटल अरेस्ट के जरिए होने वाली ठगी की साजिशों को डकैती के रूप में चिह्नित किया है। न्यायालय ने बैंकिंग ग्राहक सुरक्षा कवच को अपर्याप्त मानते हुए यह निर्देशित किया है कि मुआवजे का निर्धारण करते समय ग्राहक के हुए सम्पूर्ण नुकसान की भरपाई का बंदोबस्त होना चाहिए।  डिजिटल सेवाओं के विस्तार से बैंकों के खर्चे कम होने से आमदनी में वृद्धि हुई है। लेकिन ग्राहक सुरक्षा के उपायों को अपनाने में बैंके कंजूसी बरत रही है।

आलेख : विनोद के. शाह

डिजिटलाइजेशन को बढ़ावा देने के लिए बैंकों और आरबीआई ने जिस तेजी से प्रयास किए, ग्राहक सुरक्षा के मोर्चे पर उस अनुपात में तत्परता नहीं दिखाई दी है। साइबर अपराधी प्रतिदिन नई तकनीक और नए तरीकों से लोगों को निशाना बना रहे हैं, जबकि बैंकिंग व्यवस्था का बड़ा हिस्सा अब भी पुराने सुरक्षा उपायों पर निर्भर है। खर्चों में कटौती के नाम पर बैंकों में स्थायी कर्मचारियों की संख्या घटाकर आउटसोर्स कर्मचारियों पर निर्भरता बढ़ाई जा रही है। सीमित अवधि के लिए नियुक्त किए जाने वाले इन कर्मचारियों के पास बैंकिंग व्यवस्था और ग्राहकों के महत्वपूर्ण आंकड़ों तक पहुंच रहती है। ऐसे में कर्मचारियों के सेवा समाप्ती के बाद डेटा की सुरक्षा और उसके दुरुपयोग को रोक पाने में वर्तमान बैंकिंग व्यवस्था असफल साबित हो रही है। ग्राहकों की वित्तीय जानकारी आर्थिक अपराधियों तक पहुंचने के रास्ते बंद करने के लिए बैंकों को अपनी आंतरिक निगरानी व्यवस्था मजबूत करनी चाहिए।

बैंकों की समस्या यह भी है कि नया खाता खोलने के लिए बैंके ग्राहकों को स्वयं सेवा देने के बजाय कियोस्क केंद्रों और ऑनलाइन सेवा केंद्रों पर भेजती है। जिसके कारण न केवल ग्राहक का व्यक्तिगत और वित्तीय डेटा असुरक्षित हाथों में पहुंचने का खतरा बढ़ता है, बल्कि अनेक आर्थिक अपराधों में ऐसे केंद्रों की संलिप्तता के मामले भी सामने आ रहे हैं।

Ad DesktopAd TabletAd Mobile
Ad DesktopAd TabletAd Mobile

बैंकों पर डिजिटल सेवाओं का दबाव इस स्तर पर जा पहुंचा है कि छोटी-छोटी रकम के लेन-देन के लिए भी ग्राहकों को मशीनों और ऑनलाइन माध्यमों का इस्तेमाल करने के लिए प्रेरित किया जाता है। अशिक्षित, ग्रामीण और बुजुर्ग ग्राहक तकनीकी प्रक्रिया से पूरी तरह परिचित न होने के कारण अक्सर वह बाहरी व्यक्तियों की मदद लेने को विवश होते हैं। यही मजबूरी साइबर ठगों के लिए अवसर बन रही है। बैंक यदि अपने ग्राहकों को शाखाओं में पर्याप्त सहायता, प्रशिक्षित कर्मचारी और सुरक्षित लेन-देन की सुविधा उपलब्ध कराएं तो ऐसी ठगी की अनेक घटनाओं को शुरुआती स्तर पर ही रोका जा सकता है।  भारतीय साइबर अपराध समन्वय केंद्र (आई4सी) के उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार वर्ष 2024 में डिजिटल अरेस्ट की एक लाख-तेहीस हजार से अधिक घटनाएं दर्ज की गईं। वर्ष 2025 में जागरूकता अभियानों और पुलिस की कार्रवाई के बाद इनकी संख्या घटकर लगभग 58 हजार रह गई। वर्ष 2026 के शुरुआती आठ महीनों में भी डिजिटल अरेस्ट के इक्कीस हजार दो सौ से अधिक मामले दर्ज हुए है, जिनमें लगभग आठ सौ करोड़ रुपये से अधिक की ठगी की हुई।

कृषक जगत को व्हाट्सएप पर फॉलो करें
खेती-किसानी की ताज़ा खबरें, सीधे आपके फ़ोन पर
चैनल फॉलो करें

डिजिटल अरेस्ट के अधिकांश मामलों में अपराधी विदेशों में बैठकर गिरोह संचालित कर रहे हैं, लेकिन ठगी गई रकम का पहला पड़ाव अक्सर देश के भीतर संचालित बैंक खाते ही होते हैं। इन खातों के माध्यम से राशि को तेजी से दूसरे खातों में स्थानांतरित कर दिया जाता है। सवाल यह है कि भारतीय बैंकिंग प्रणाली के अंदर ही रकम का हस्तांतरण हो रहा है, बाबजूद इसके संदिग्ध खातों की पहचान और राशि को तत्काल रोकने के लिए बैंकों के पास अभी भी प्रभावी व्यवस्था नहीं है। आरबीआई को आधुनिक आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) तकनीक के माध्यम से संदिग्ध लेन-देन की पहचान, असामान्य वित्तीय गतिविधियों की निगरानी और ठगी की राशि को तत्काल फ्रीज करने की व्यवस्था विकसित करनी चाहिए थी। सर्वोच्च न्यायालय ने पूर्व में इस दिशा में सवाल खड़े किए थे। लेकिन बैंको ने ग्राहक खाता सुरक्षा पर गंभीरता से निर्णय लेने की कार्यवाही नहीं की है।

 सर्वोच्च न्यायालय के निर्देश उपरांत बैंकों सहित भारतीय रिजर्व बैंक ने आधुनिक तकनीक के इस्तेमाल से अपराध रोकने में तत्परता दिखाने के बजाए आरबीआई और बैंके ग्राहकों की केवाईसी प्रक्रिया पर अधिक जोर देते रहे हैं। संदिग्ध खातों की पहचान के लिए केवाईसी जरूरी है, लेकिन ठगों ने इसी प्रक्रिया को देश की भोली-भाली जनता को ठगने का नया हथियार बना डाला है। बैंकों के नाम पर केवाईसी अपडेट कराने के लिए फोन, संदेश और फर्जी लिंक भेजकर अपराधी, ग्राहकों को ठग रहे हैं। केवायसी के नाम बैंकों द्वारा एकत्र किए गए आधार कार्ड, पैन कार्ड और अन्य व्यक्तिगत दस्तावेजों की सुरक्षा एंव निस्तारण में चूक से डेटा लीक होने की आशंकाएं भी बढ़ी हैं। वर्ष 2023 में बड़ी सार्वजनिक क्षेत्र की बैंक से लाखों बैंक खातों से संबंधित डेटा चोरी की घटनाओं ने संसद से लेकर मीडिया तक चिंता पैदा की थी। एक अन्य बैंक में विगत दो बर्ष पूर्व बैंक के अधिकृत एप माध्यम से ग्राहक के साथ आर्थिक धोखाधड़ी में संबंधित बैंक कर्मचारियों की संदिग्ध भूमिका सामने आई थी। व्यक्तिगत डेटा संरक्षण अधिनियम-2023 लागू होने के बावजूद डेटा सुरक्षा और उसके दुरुपयोग पर प्रभावी नियंत्रण की आवश्यकता अब भी बनी हुई है। वर्ष 2022 में देश की संसदीय समिति ने बैंकिंग धोखाधड़ी के शिकार ग्राहकों को मुआवजा देने और फोन पर ऋण उपलब्ध कराने वाली अनियमित वित्तीय संस्थाओं के विरुद्ध कार्रवाई सहित कई महत्वपूर्ण सिफारिशें की थीं। लेकिन ग्राहकों की आर्थिक सुरक्षा के लिए एक समान और प्रभावी व्यवस्था अब तक नहीं हो सकी है। बैंक की सुरक्षा व्यवस्था में चूक के कारण ग्राहक के खाते से राशि निकाली गई है, तो क्षतिपूर्ति की पहली एंव पूर्ण जिम्मेदारी बैंक पर तय करना ही अपराध रोकने के लिए आवश्यक है।

साइबर ठगी पर अंकुश लगाने के लिए बैंकिंग व्यवस्था में व्यावहारिक बदलाव के साथ सुरक्षा भी जरूरी हैं। बड़ी रकम के हस्तांतरण पर निर्धारित सीमा और अतिरिक्त सत्यापन की व्यवस्था होनी चाहिए। बार-बार होने वाले असामान्य लेन-देन पर खाताधारक को तत्काल सूचना देने एंव उसके परिजनों या खाता उतराधिकारी को सूचना देना अनिवार्य होना चाहिए। बड़ी राशि के नए लाभार्थी खाते में हस्तांतरण पर जोखिम के अनुरूप चौबीस घंटे की होल्ड अवधि का प्रावधान होना चाहिए। संयुक्त खातों में निर्धारित सीमा से अधिक राशि के हस्तांतरण के लिए एक से अधिक खाताधारकों की सहमति लेने जैसे उपाय होने चहिए। आर्थिक अपराधियों के विरुद्ध कार्रवाई केवल बैंक खाते बंद करने तक सीमित नहीं रहनी चाहिए। दोषियों की पहचान, अवैध रूप से अर्जित संपत्ति की जब्ती, अपराध से प्राप्त धन की बरामदगी और विदेशों में बैठकर अपराध संचालित करने वाले गिरोहों को भारत लाने के लिए प्रभावी कानूनी एवं अंतरराष्ट्रीय सहयोग की आवश्यकता है। इंटरपोल के माध्यम से वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी और प्रत्यर्पण की प्रक्रिया में तेजी की पहल होनी चाहिए। अपराधियों की संपत्ति और आय के स्रोतों की जांच कानून के दायरे में हो तथा अपराध से अर्जित संपत्ति को पीड़ितों की क्षतिपूर्ति में उपयोग करने की व्यवस्था विकसित होनी चाहिए।

डिजिटल क्रांति का उद्देश्य नागरिकों को सुविधा, सुरक्षा और आर्थिक सशक्तीकरण देना था, न कि उनकी जीवनभर की कमाई को साइबर अपराधियों के हवाले कर देना। जब बैंक ग्राहकों की जमा पूंजी के संरक्षक हैं और डिजिटल लेन-देन से उन्हें आर्थिक लाभ भी मिलता है, तो ग्राहक की सुरक्षा उनकी प्राथमिक जिम्मेदारी होनी चाहिए। यदि डिजिटल व्यवस्था में ग्राहक की जमा पूंजी ही सुरक्षित नहीं है तो डिजिटल क्रांति की सफलता का दावा नहीं किया जा सकता है।

अंबिका, हास्पीटल रोड, विदिशा – 464001, मोबा. 9425640778

आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture