National News (राष्ट्रीय कृषि समाचार)

प्याज के उत्पादन में आई 16 प्रतिशत की भारी गिरावट; कृषि मंत्रालय ने बागवानी फसलों का जारी किया प्रथम अग्रिम अनुमान

Share

08 मार्च 2024, नई दिल्ली: प्याज के उत्पादन में आई 16 प्रतिशत की भारी गिरावट; कृषि मंत्रालय ने बागवानी फसलों का जारी किया प्रथम अग्रिम अनुमान – कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय, भारत सरकार ने विभिन्न बागवानी फसलों के क्षेत्र और उत्पादन के लिए वर्ष 2022-23 का अंतिम अनुमान तथा वर्ष 2023-24 का प्रथम अग्रिम अनुमान जारी किया हैं। इसके अनुसार, वर्ष 2023-2024 में देश में क्षेत्रफल 28.77 मिलियन हेक्टेयर में कुल बागवानी उत्पादन रिकॉर्ड 355.25 मिलियन टन होने का अनुमान है। वही वर्ष 2022-23 के अंतिम अनुमान के मुताबिक देश में क्षेत्रफल 28.44 मिलियन हेक्टेयर में कुल बागवानी उत्पादन रिकॉर्ड 355.48 मिलियन टन होगा।

2023-24 के प्रथम अग्रिम अनुमान की मुख्य बातें

देश में 2023-24 में बागवानी उत्पादन (प्रथम अग्रिम अनुमान) लगभग 355.25 मिलियन टन होने का अनुमान है। 2022-23 (अंतिम अनुमान) की तुलना में 2023-24 (प्रथम अग्रिम अनुमान) में 1.15 प्रतिशत या 3.27 लाख हेक्टेयर क्षेत्र की वृद्धि देखी गई है। मुख्य रूप से केला, नारंगी और आम के उत्पादन में वृद्धि के कारण फलों का उत्पादन 112.08 मिलियन टन तक पहुंचने की उम्मीद है।

सब्जियों का उत्पादन 209.39 मिलियन टन होने की उम्मीद

सब्जियों का उत्पादन लगभग 209.39 मिलियन टन होने का अनुमान किया गया है। पत्तागोभी, फूलगोभी, कद्दू, साबूदाना, टमाटर और अन्य सब्जियों के उत्पादन में वृद्धि की उम्मीद है।

टमाटर: टमाटर का उत्पादन पिछले साल के लगभग 204.25 लाख टन की तुलना में लगभग 208.19 लाख टन होने की उम्मीद है, जो 1.93 प्रतिशत लाख टन की वृद्धि है।

प्याज: वर्ष 2023-24 में प्याज का उत्पादन (पहला अग्रिम अनुमान) पिछले वर्ष के लगभग 302.08 लाख टन के उत्पादन की तुलना में लगभग 254.73 लाख टन होने की संभावना है। 2022-23 (अंतिम अनुमान) की तुलना में 2023-24 (प्रथम अग्रिम अनुमान) में 16 प्रतिशत की गिरावट देखी गई है। इसका कारण महाराष्ट्र में 34.31 लाख टन, कर्नाटक में 9.95 लाख टन, आंध्रप्रदेश में 3.54 लाख टन और राजस्थान में 3.12 लाख टन उत्पादन में कमी है।

आलू: 2023-24 में आलू का उत्पादन (पहला अग्रिम अनुमान) लगभग 589.94 लाख टन होने की उम्मीद है, जबकि पिछले साल यह लगभग 601.42 लाख टन था, जिसका कारण पश्चिम बंगाल में पिछले वर्ष की तुलना में आई कमी है।

2022-23 के मुख्य बिन्दु (अंतिम अनुमान)

2022-23 (अंतिम अनुमान) में देश में बागवानी उत्पादन लगभग 355.48 मिलियन टन होने का अनुमान है, जो 2021-22 की तुलना में लगभग 8.30 मिलियन टन (2.39 प्रतिशत) की वृद्धि दर्शाता है। 2021-22 की तुलना में 2022-23 (अंतिम अनुमान) में 1.41 प्रतिशत या 0.40 मिलियन हेक्टेयर क्षेत्र में वृद्धि दर्ज की गई है।

फलों का उत्पादन

फलों का उत्पादन 2022-23 (अंतिम अनुमान) में 110.21 मिलियन टन होने का अनुमान है, जिसका मुख्य कारण सेब, केला, अंगूर, आम और तरबूज के उत्पादन में बढ़ोतरी है।

सब्जियों का उत्पादन

सब्जियों का उत्पादन 2021-22 में 209.14 मिलियन टन से बढ़कर 2022-23 में 212.55 मिलियन टन (अंतिम अनुमान) हो गया है। इसका मुख्य कारण मिर्च (हरी), प्याज, मूली, साबूदाने और टमाटर को छोड़कर सभी सब्जियों में दर्ज की गई वृद्धि है।

प्याज: 2021-22 में 316.87 लाख टन उत्पादन की तुलना में 2022-23 में उत्पादन (अंतिम अनुमान) 302.08 लाख टन होने का अनुमान है।

आलू: 2021-22 के लिए अनुमानित 561.76 लाख टन की तुलना में 2022-23 में उत्पादन (अंतिम अनुमान) लगभग 601.42 लाख टन होने का अनुमान है।

टमाटर: 2022-23 में उत्पादन (अंतिम अनुमान) लगभग 204.25 लाख टन होने का अनुमान है, जबकि 2021-22 में 206.94 लाख टन था।

(कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें)

(नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़,  टेलीग्रामव्हाट्सएप्प)

Share
Advertisements