राष्ट्रीय कृषि समाचार (National Agriculture News)

देश में 308 मिलियन टन खाद्यान्‍न उत्पादन का अनुमान

12 अगस्त 2021, नई दिल्ली देश में 308 मिलियन टन खाद्यान्‍न उत्पादन का अनुमान – कृषि मंत्रालय द्वारा वर्ष 2020-21 के लिए मुख्‍य फसलों के उत्‍पादन का चौथा अग्रिम अनुमान जारी कर दिया गया हैं। खाद्यान्न का 308.65 मिलियन टन रिकार्ड उत्पादन हुआ है। केंद्रीय कृषि मंत्री श्री नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा है कि किसानों के अथक परिश्रम, वैज्ञानिकों की कुशलता और भारत सरकार की कृषि एवं किसान हितैषी नीतियों से देश में रिकार्ड खाद्यान्न उत्पादन हो रहा है। भारतीय कृषि को आगे बढ़ाने के लिए केंद्र सरकार, राज्यों के साथ मिलकर ठोस कार्य कर रही है, जो आगे भी जारी रहेगा।

केंद्रीय मंत्री श्री तोमर ने बताया कि वर्ष 2020-21 के लिए चौथे अग्रिम अनुमान के अनुसार, देश में कुल खाद्यान्‍न उत्‍पादन रिकॉर्ड 308.65 मिलियन टन अनुमानित है, जो वर्ष 2019-20 के उत्‍पादन की तुलना में 11.14 मिलियन टन अधिक है .वर्ष 2020-21 के चौथे अग्रिम अनुमानित उत्‍पादन इस प्रकार है:

खाद्यान्‍न308.65 मिलियन टन 
 चावल122.27 मिलियन टन 
 गेहूं109.52 मिलियन टन 
 पोषक/मोटा अनाज51.15 मिलियन टन 
 मक्‍का31.51 मिलियन टन 
 दलहन25.72 मिलियन टन 
 तूर4.28 मिलियन टन 
 चना11.99 मिलियन टन 
तिलहन36.1 मिलियन टन 
 मूंगफली10.21 मिलियन टन 
 सोयाबीन12.9 मिलियन टन 
 रेपसीड एवं सरसों10.11 मिलियन टन 
गन्‍ना399.25 मिलियन टन 
कपास35.38मिलियन गांठें (प्रति 170 किग्रा)
पटसन एवं मेस्‍टा 9.56 मिलियन गांठें (प्रति 180 किग्रा)

 

वर्ष 2020-21 के दौरान चावल का कुल उत्‍पादन रिकॉर्ड 122.27 मिलियन टन अनुमानित है। यह विगत पांच वर्षों के 112.44 मिलियन टन औसत उत्‍पादन की तुलना में 9.83 मिलियन टन अधिक है।गेहूं का कुल उत्‍पादन रिकॉर्ड 109.52 मिलियन टन अनुमानित है। यह 100.42 मिलियन टन औसत उत्‍पादन की तुलना में 9.10 मिलियन टन अधिक है।

इसी प्रकारपोषक/मोटे अनाजों का उत्‍पादन 51.15 मिलियन टन अनुमानित है, जो वर्ष 2019-20 के  उत्‍पादन की तुलना में 3.40 मिलियन टन अधिक है। इसके अलावा, यह औसत उत्‍पादन की तुलना में भी 7.14 मिलियन टन अधिक है।कुल दलहन उत्‍पादन रिकॉर्ड 25.72 मिलियन टन अनुमानित है जो विगत पांच वर्षों के 21.99 मिलियन टन औसत उत्‍पादन की तुलना में 3.73 मिलियन टन अधिक है।

वर्ष 2020-21 के दौरान देश में कुल तिलहन उत्‍पादन रिकॉर्ड 36.10 मिलियन टन अनुमानित है, जो वर्ष 2019-20 के उत्‍पादन की तुलना में 2.88 मिलियन टन अधिक है। इसके अलावा, वर्ष 2020-21 के दौरान तिलहनों का उत्पादन 30.55 मिलियन टन, औसत तिलहन उत्‍पादन की तुलना में 5.56 मिलियन टन अधिक है।देश में गन्‍ने का उत्‍पादन 399.25 मिलियन टन अनुमानित है, जो वर्ष 2019-20 के दौरान के औसत गन्‍ना उत्‍पादन 362.07 मिलियन टन की तुलना में 37.18 मिलियन टन अधिक है 

कपास का उत्‍पादन 35.38 मिलियन गांठें (प्रति 170 किग्रा की गांठे) अनुमानित हैं जो औसत कपास उत्‍पादन की तुलना में 3.49 मिलियन गांठें अधिक है। पटसन एवं मेस्‍ता का उत्‍पादन 9.56 मिलियन गांठें (प्रति 180 किग्रा की गांठे) अनुमानित हैं।