Ad DesktopAd TabletAd Mobile
राष्ट्रीय कृषि समाचार (National Agriculture News)

किसानों को नहीं होगा नुकसान, MSP, PM-आशा और बीमा से सरकार दे रही आय की गारंटी- मंत्री शिवराज सिंह

25 मार्च 2026, नई दिल्ली: किसानों को नहीं होगा नुकसान, MSP, PM-आशा और बीमा से सरकार दे रही आय की गारंटी- मंत्री शिवराज सिंह – केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री  शिवराज सिंह चौहान ने लोकसभा में कहा कि केंद्र सरकार किसानों को उनकी फसल का सही दाम दिलाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार हर परिस्थिति में किसानों के साथ खड़ी है और उन्हें किसी भी संकट से उबारने के लिए हर संभव प्रयास कर रही है।

मंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य है कि किसान को उसकी मेहनत का पूरा मूल्य मिले और उसे किसी भी हाल में नुकसान न उठाना पड़े। इसके लिए कई योजनाएं और व्यवस्थाएं लागू की गई हैं, जो किसानों की आय को सुरक्षित करती हैं।

MSP और योजनाओं से मजबूत हुआ सुरक्षा कवच

शिवराज सिंह चौहान ने बताया कि सरकार ने न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) पर रिकॉर्ड स्तर पर फसलों की खरीदी की है। उन्होंने कहा कि केवल MSP घोषित करना ही काफी नहीं है, बल्कि उस पर वास्तविक खरीदी करना अधिक जरूरी है, और सरकार इस दिशा में लगातार काम कर रही है।

Ad DesktopAd TabletAd Mobile
Ad DesktopAd TabletAd Mobile

उन्होंने बताया कि गेहूं, धान, दलहन और तिलहन सहित कई फसलों की बड़े पैमाने पर MSP पर खरीदी की गई है, जिससे किसानों को सीधा लाभ मिला है। साथ ही, उत्पादन लागत पर 50 प्रतिशत लाभ जोड़कर MSP तय किया जा रहा है, जिससे किसानों की आय में सुधार हुआ है।

कृषक जगत को व्हाट्सएप पर फॉलो करें
खेती-किसानी की ताज़ा खबरें, सीधे आपके फ़ोन पर
चैनल फॉलो करें

PM-आशा और भावांतर से कीमतों का संरक्षण

मंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री अन्नदाता आय संरक्षण अभियान (PM-आशा) योजना किसानों के लिए एक महत्वपूर्ण पहल है। इसके तहत उन फसलों को सुरक्षा दी जाती है, जिनके बाजार भाव MSP से नीचे चले जाते हैं।

उन्होंने कहा कि इस योजना में तीन प्रमुख व्यवस्था हैं—सीधी खरीद, मूल्य अंतर भुगतान और अन्य संरक्षण उपाय। इसके अलावा भावांतर भुगतान योजना के जरिए MSP और बाजार भाव के बीच का अंतर सीधे किसानों के खाते में जमा किया जाता है, जिससे उन्हें नुकसान नहीं होता।

बीमा और आपदा राहत से किसानों को सहारा

शिवराज सिंह चौहान ने प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना का जिक्र करते हुए कहा कि यह योजना किसानों के लिए सुरक्षा कवच की तरह काम कर रही है। उन्होंने बताया कि अब तक किसानों द्वारा जमा किए गए प्रीमियम के मुकाबले कई गुना अधिक राशि बीमा दावों के रूप में दी जा चुकी है।

उन्होंने कहा कि नई तकनीकों जैसे सैटेलाइट आधारित आकलन और फसल कटाई प्रयोगों के जरिए नुकसान का सटीक मूल्यांकन किया जा रहा है, जिससे किसानों को सही और समय पर मुआवजा मिल सके।

फल-सब्जियों के लिए भी सरकार सक्रिय

मंत्री ने बताया कि सरकार केवल अनाज तक सीमित नहीं है, बल्कि फल, सब्जियों और अन्य फसलों के लिए भी मार्केट इंटरवेंशन स्कीम (MIS) लागू की जा रही है। उन्होंने कहा कि यदि बाजार में दाम गिरते हैं तो सरकार या तो सीधे खरीद करती है या मूल्य अंतर की राशि किसानों को देती है। जरूरत पड़ने पर किसानों को बेहतर बाजार तक पहुंचाने के लिए परिवहन लागत भी सरकार वहन कर रही है।

हर हाल में किसान के साथ सरकार

शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि सरकार का स्पष्ट लक्ष्य है कि किसानों को उनकी उपज का पूरा मूल्य मिले और उनकी आय सुरक्षित रहे। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य की एजेंसियां मिलकर खरीद केंद्रों का संचालन कर रही हैं, ताकि किसानों को अपनी फसल बेचने में किसी प्रकार की परेशानी न हो।

उन्होंने दोहराया कि सरकार किसान हितों के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है और हर परिस्थिति में किसानों के साथ खड़ी रहेगी। किसानों की मेहनत और सम्मान की रक्षा करना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture