राष्ट्रीय कृषि समाचार (National Agriculture News)

तोतापुरी आम के दाम गिरने पर केंद्र का बड़ा फैसला, किसानों की राहत के लिए विशेषज्ञ समिति गठित

04 जुलाई 2026, नई दिल्ली: तोतापुरी आम के दाम गिरने पर केंद्र का बड़ा फैसला, किसानों की राहत के लिए विशेषज्ञ समिति गठित – आंध्र प्रदेश में तोतापुरी आम की कीमतों में आई भारी गिरावट के बाद केंद्र सरकार ने किसानों को राहत देने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (आईसीएआर) के माध्यम से एक उच्च स्तरीय विशेषज्ञ समिति गठित करने के निर्देश दिए हैं। यह समिति तोतापुरी आम की पूरी वैल्यू चेन का अध्ययन कर किसानों को बेहतर कीमत दिलाने और क्षेत्र के दीर्घकालिक विकास के लिए सुझाव देगी।

किसानों ने बताई कीमत गिरने की समस्या

हाल ही में आंध्र प्रदेश के दौरे के दौरान केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने तोतापुरी आम उत्पादक किसानों से मुलाकात की। किसानों ने बताया कि प्रसंस्करण के लिए बड़े पैमाने पर उगाई जाने वाली तोतापुरी आम की कीमतों में हाल के समय में काफी गिरावट आई है। इससे आम उत्पादकों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है और वे भविष्य को लेकर चिंतित हैं।

किसानों की इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए केंद्रीय मंत्री ने आईसीएआर को वैज्ञानिकों और संबंधित संस्थानों के विशेषज्ञों की समिति गठित करने के निर्देश दिए।

विशेषज्ञ समिति करेगी पूरे क्षेत्र का अध्ययन

आईसीएआर–केंद्रीय उपोष्ण बागवानी संस्थान (सीआईएसएच), लखनऊ द्वारा जारी कार्यालय आदेश के अनुसार, गठित समिति तोतापुरी आम की खेती, प्रसंस्करण, विपणन, घरेलू और निर्यात बाजार से जुड़े सभी पहलुओं का विस्तृत अध्ययन करेगी। समिति कीमतों में गिरावट के कारणों का पता लगाने के साथ-साथ किसानों के हित में समाधान भी सुझाएगी।

समिति में ये विशेषज्ञ शामिल

विशेषज्ञ समिति के अध्यक्ष आईसीएआर–सीआईएसएच, लखनऊ के निदेशक डॉ. टी. दमोदरन होंगे। इसके अलावा आईसीएआर–आईआईएचआर, बेंगलुरु के डॉ. एम. शंकरन, आईसीएआर–सीआईएसएच, लखनऊ के डॉ. एच.एस. सिंह, वाईएसआर हॉर्टिकल्चर यूनिवर्सिटी, आंध्र प्रदेश के डॉ. डी. श्रीनिवास रेड्डी तथा आंध्र प्रदेश के उद्यानिकी निदेशक या उनके नामित प्रतिनिधि समिति के सदस्य होंगे।

10 दिनों में किसानों और उद्योगों से करेगी बातचीत

केंद्रीय मंत्री ने समिति को निर्देश दिए हैं कि वह अगले 10 दिनों के भीतर आंध्र प्रदेश के प्रमुख तोतापुरी आम उत्पादक क्षेत्रों का दौरा करे। इस दौरान समिति किसानों, प्रसंस्करण उद्योगों, निर्यातकों, राज्य सरकार के उद्यानिकी अधिकारियों, किसान उत्पादक संगठनों (एफपीओ) और अन्य संबंधित पक्षों से चर्चा करेगी।

समिति खेती की वर्तमान स्थिति, उत्पादन लागत, किसानों की आय, प्रसंस्करण उद्योग की क्षमता, मांग और आपूर्ति की स्थिति, घरेलू एवं निर्यात बाजार में कीमतों में गिरावट के कारणों तथा वैल्यू चेन में मौजूद चुनौतियों का विस्तृत आकलन करेगी। इसके आधार पर कीमतों में गिरावट का वैज्ञानिक और आर्थिक विश्लेषण तैयार किया जाएगा।

सरकार को सौंपी जाएगी विस्तृत रिपोर्ट

क्षेत्रीय दौरे और अध्ययन के बाद समिति अपनी विस्तृत रिपोर्ट केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान को सौंपेगी। रिपोर्ट में मूल्य स्थिरीकरण के उपाय, वैल्यू एडिशन को बढ़ावा देने की रणनीति, प्रसंस्करण और निर्यात क्षमता बढ़ाने के सुझाव, एफपीओ, प्रोसेसर और निर्यातकों के बीच बेहतर समन्वय तथा क्षेत्र के दीर्घकालिक और सतत विकास के लिए नीतिगत अनुशंसाएं शामिल होंगी। इन सुझावों के आधार पर केंद्र और राज्य सरकार मिलकर व्यापक कार्ययोजना तैयार करेंगी।

किसानों की आय बढ़ाना सरकार की प्राथमिकता

केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि तोतापुरी आम उत्पादक किसानों की आय और आजीविका की सुरक्षा सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि विशेषज्ञ समिति की सिफारिशों के आधार पर ऐसे कदम उठाए जाएंगे, जिनसे किसानों को स्थायी राहत मिले, उनकी आय में वृद्धि हो और इस क्षेत्र में रोजगार तथा निवेश के नए अवसर पैदा हों।

आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agric