अतिश चंद्र ने कृषि एवं किसान कल्याण विभाग के सचिव का पदभार संभाला
02 मार्च 2026, नई दिल्ली: अतिश चंद्र ने कृषि एवं किसान कल्याण विभाग के सचिव का पदभार संभाला – अतिश चंद्र, भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारी, ने 28 फरवरी 2026 से भारत सरकार के कृषि एवं किसान कल्याण विभाग के सचिव के रूप में पदभार ग्रहण कर लिया है।
अतिश चंद्र वर्ष 1994 बैच के भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारी हैं और बिहार कैडर से संबंधित हैं। मूल रूप से उत्तर प्रदेश के निवासी अतिश चंद्र ने दिल्ली विश्वविद्यालय से राजनीति विज्ञान विषय में प्रथम श्रेणी से स्नातक एवं स्नातकोत्तर उपाधि प्राप्त की है।
भारतीय प्रशासनिक सेवा में शामिल होने के बाद उन्होंने उत्तर त्रिपुरा जिले में परिवीक्षा अवधि पूरी की तथा धलाई जिले, त्रिपुरा में अतिरिक्त परियोजना निदेशक के रूप में कार्य किया। वर्ष 1997 में बिहार कैडर में स्थानांतरण के बाद उन्होंने सहारसा में अनुमंडल पदाधिकारी तथा मधेपुरा में उप विकास आयुक्त के रूप में सेवाएं दीं। इसके पश्चात उन्होंने बिहार के शिवहर, सीतामढ़ी, गया, मधुबनी, मधेपुरा और वैशाली जिलों में जिलाधिकारी के रूप में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाईं। वे कोसी प्रमंडल के प्रमंडलीय आयुक्त भी रहे।
आपदा प्रबंधन के क्षेत्र में उन्हें विशेष दक्षता प्राप्त है। ऑस्ट्रेलिया में ‘इंसिडेंट कमांड सिस्टम’ के अंतर्गत प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद उन्होंने वर्ष 2008 की कोसी बाढ़, जिसे राष्ट्रीय आपदा घोषित किया गया था, के दौरान मधेपुरा जिले में प्रभावी नेतृत्व प्रदान किया और राहत एवं पुनर्वास कार्यों का सफल संचालन किया।
कृषि एवं संबद्ध क्षेत्रों में भी उनका व्यापक अनुभव रहा है। उन्होंने बिहार में कृषि निदेशक, सहकारिता निबंधक तथा बिहार राज्य दुग्ध सहकारी संघ के प्रबंध निदेशक के रूप में कार्य किया। इन दायित्वों के दौरान उन्होंने कृषि नीतियों, सहकारी तंत्र और दुग्ध क्षेत्र के सुदृढ़ीकरण में सक्रिय भूमिका निभाई। इसके अतिरिक्त, वे सेतु निर्माण निगम के अध्यक्ष तथा महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना के आयुक्त भी रहे, जिससे उन्हें ग्रामीण अवसंरचना और रोजगार आधारित विकास कार्यक्रमों की गहन समझ प्राप्त हुई।
लगभग आठ वर्षों तक उन्होंने मुख्यमंत्री के सचिव के रूप में कार्य किया। इस अवधि में वे लोक सेवा का अधिकार, लोक शिकायत निवारण का अधिकार, कृषि रोडमैप, मिशन मानव विकास, सुशासन कार्यक्रम, सात निश्चय तथा बिहार विकास मिशन जैसी महत्वपूर्ण पहलों में नीतिगत स्तर पर सक्रिय रूप से जुड़े रहे। सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के सचिव के रूप में उन्होंने राज्य सरकार की नीतियों और कार्यक्रमों के प्रभावी प्रचार-प्रसार में भी योगदान दिया।
अपने वर्तमान दायित्व से पूर्व वे मार्च 2021 से भारतीय खाद्य निगम के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक के पद पर कार्यरत थे और उन्हें अतिरिक्त सचिव का दर्जा प्राप्त था। साथ ही उनके पास केंद्रीय भंडारण निगम के अध्यक्ष का अतिरिक्त प्रभार भी था, जहां उन्होंने देशभर में खाद्यान्न खरीद, भंडारण और वितरण व्यवस्था की निगरानी की।
आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture

