इंदौर में 12-13 जून को जुटेंगे ब्रिक्स देशों के कृषि मंत्री, खाद्य सुरक्षा और सतत कृषि पर होगी चर्चा
09 जून 2026, इंदौर: इंदौर में 12-13 जून को जुटेंगे ब्रिक्स देशों के कृषि मंत्री, खाद्य सुरक्षा और सतत कृषि पर होगी चर्चा – भारत की ब्रिक्स अध्यक्षता 2026 के तहत 16वीं ब्रिक्स कृषि मंत्रियों की बैठक का आयोजन 12 और 13 जून को मध्य प्रदेश के इंदौर में होने जा रहा है। इस बैठक में ब्रिक्स सदस्य देशों और साझेदार देशों के कृषि मंत्री, वरिष्ठ अधिकारी और कृषि विशेषज्ञ शामिल होंगे। बैठक का मुख्य उद्देश्य कृषि सहयोग को मजबूत करना तथा खाद्य सुरक्षा, जलवायु परिवर्तन और टिकाऊ कृषि से जुड़े मुद्दों पर साझा रणनीति तैयार करना है।
मंत्रियों की बैठक से पहले 9 से 11 जून तक वरिष्ठ अधिकारियों और उप-प्रतिनिधियों की बैठकें आयोजित की जा रही हैं, जिनमें कृषि क्षेत्र की प्रमुख चुनौतियों और संभावित समाधानों पर विचार-विमर्श होगा। इन बैठकों के निष्कर्ष मंत्रिस्तरीय चर्चा का आधार बनेंगे।
बैठक की तैयारियों के बीच 8 जून को ब्राजील, दक्षिण अफ्रीका, इथियोपिया सहित कई देशों के प्रतिनिधियों ने इंदौर का दौरा किया। इंदौर स्मार्ट सिटी परियोजना और नगर निगम की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में विदेशी मेहमानों को शहर की स्वच्छता, आधुनिक विकास और सांस्कृतिक विरासत से परिचित कराया गया। प्रतिनिधियों ने प्रसिद्ध 56 दुकान क्षेत्र का भी भ्रमण किया और स्थानीय व्यंजनों का स्वाद लिया।
ब्रिक्स कृषि मंत्रियों की बैठक में कृषि मूल्य श्रृंखलाओं को मजबूत बनाने, कृषि उत्पादों के लिए नए बाजार अवसरों की तलाश, तकनीकी नवाचार, ज्ञान के आदान-प्रदान और जलवायु-अनुकूल कृषि पद्धतियों को बढ़ावा देने जैसे विषयों पर चर्चा होगी। इसके अलावा मृदा स्वास्थ्य, प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण और पुनर्योजी कृषि को भी एजेंडे में प्रमुखता दी गई है।
बैठक में छोटे और सीमांत किसानों की आय बढ़ाने, कृषि क्षेत्र में महिलाओं और युवाओं की भागीदारी को मजबूत करने तथा खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित करने के उपायों पर भी विचार किया जाएगा। सदस्य देश कृषि क्षेत्र में अपने अनुभव, सफल मॉडल और नई तकनीकों को साझा करेंगे, जिससे परस्पर सहयोग को बढ़ावा मिल सके।
भारत की अध्यक्षता के दौरान ब्रिक्स कृषि कार्य समूह की चार बैठकें पहले ही आयोजित की जा चुकी हैं। इनमें खाद्य सुरक्षा, टिकाऊ कृषि, नवाचार, जलवायु लचीलापन और मजबूत खाद्य प्रणालियों जैसे विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई है। इसके अलावा खाद्य अपव्यय को कम करने, मत्स्य पालन और उन्नत पशुधन तकनीकों पर भी तकनीकी स्तर पर संवाद आयोजित किए गए हैं।
भारत 2026 में पूरे वर्ष ब्रिक्स की अध्यक्षता कर रहा है। इससे पहले भी भारत 2012, 2016 और 2021 में ब्रिक्स की अध्यक्षता कर चुका है। कृषि क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने और साझा चुनौतियों का समाधान खोजने के लिए इंदौर में होने वाली यह बैठक महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agricultur

