रायसेन में उन्नत कृषि महोत्सव का आगाज, कृषि यंत्र, बीज और नई तकनीकों का भव्य प्रदर्शन; 4 जिलों के लिए रोडमैप तैयार
13 अप्रैल 2026, नई दिल्ली: रायसेन में उन्नत कृषि महोत्सव का आगाज, कृषि यंत्र, बीज और नई तकनीकों का भव्य प्रदर्शन; 4 जिलों के लिए रोडमैप तैयार – दशहरा मैदान, रायसेन में शनिवार से शुरू हुए तीन दिवसीय उन्नत कृषि महोत्सव, प्रदर्शनी एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम का भव्य शुभारंभ देश के रक्षा मंत्री श्री राजनाथ सिंह, मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने किया। इस अवसर पर प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए हजारों किसान, कृषि वैज्ञानिक, विशेषज्ञ और कृषि से जुड़े प्रतिनिधि एक ही मंच पर एकत्र हुए।
कार्यक्रम के दौरान कृषि यंत्रों, आधुनिक मशीनों, बीज, सिंचाई तकनीक और कृषि नवाचारों का बड़ा प्रदर्शन किया गया। किसानों को बीज से लेकर बाजार तक की पूरी प्रक्रिया की जानकारी देने के लिए विभिन्न स्टॉल लगाए गए। साथ ही किसानों की सुविधा के लिए “ई-फॉर्म्स” मोबाइल ऐप भी लॉन्च किया गया। इस महोत्सव में कई योजनाओं के लाभार्थियों को हितलाभ भी वितरित किए गए। यह महोत्सव 13 अप्रैल तक जारी रहेगा।
किसानों को मिला बीज से बाजार तक का मार्गदर्शन
रक्षा मंत्री श्री राजनाथ सिंह ने किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि वे स्वयं किसान परिवार से आते हैं, इसलिए किसानों की मेहनत और संघर्ष को भली-भांति समझते हैं। उन्होंने कहा कि यह महोत्सव किसानों के जीवन में बदलाव लाने वाला साबित होगा। उन्होंने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, फसल बीमा योजना और मृदा स्वास्थ्य कार्ड जैसी योजनाओं को किसानों के लिए बड़ी राहत बताया और कहा कि अब सहायता सीधे किसानों के खाते में पहुंच रही है, जिससे बिचौलियों की भूमिका समाप्त हो गई है।
उन्होंने कहा कि किसान केवल अन्नदाता नहीं, बल्कि देश की पूरी अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं। यदि किसान उत्पादन न करें तो खाद्य श्रृंखला और उद्योग दोनों प्रभावित होंगे। उन्होंने युवाओं से कृषि क्षेत्र में स्टार्टअप, ड्रोन तकनीक, स्मार्ट फार्मिंग और फूड प्रोसेसिंग जैसे क्षेत्रों से जुड़ने की अपील की।
कृषि को हॉर्टिकल्चर हब बनाने पर जोर
केंद्रीय कृषि मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि मध्यप्रदेश को हॉर्टिकल्चर (बागवानी) का बड़ा केंद्र बनाने की दिशा में काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि किसान केवल अनाज उत्पादन तक सीमित न रहें, बल्कि इंटीग्रेटेड फार्मिंग अपनाएं जिसमें पशुपालन, बागवानी, मधुमक्खी पालन और सब्जी उत्पादन शामिल हो। इससे किसानों की आय कई गुना बढ़ सकती है।
उन्होंने बताया कि इस महोत्सव में किसानों को 20 से अधिक विषयों पर प्रशिक्षण दिया जा रहा है। करीब 4000 किसानों ने इसके लिए पंजीकरण कराया है। यहां वैज्ञानिकों और किसानों के बीच सीधा संवाद हो रहा है, जिससे खेती की नई तकनीकें जमीन पर उतर सकें।
चार जिलों के लिए तैयार हुआ कृषि रोडमैप
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि रायसेन, विदिशा, सीहोर और देवास जिलों के लिए एक विशेष कृषि रोडमैप तैयार किया गया है, जिसे जल्द लागू किया जाएगा। इस रोडमैप में यह तय किया गया है कि किस क्षेत्र में कौन-सी फसल, बागवानी और तकनीक बेहतर रहेगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने पूरे वर्ष को “किसान कल्याण वर्ष” के रूप में मनाने का निर्णय लिया है।
उन्होंने बताया कि प्रदेश में सिंचाई क्षेत्र का विस्तार हुआ है और किसानों को दिन में बिजली उपलब्ध कराई जा रही है। साथ ही गेहूं के समर्थन मूल्य में वृद्धि और बोनस देकर किसानों को 2625 रुपये प्रति क्विंटल का लाभ दिया जा रहा है।
आधुनिक तकनीक और किसानों का भविष्य
महोत्सव के दौरान ड्रोन, सोलर पंप, माइक्रो इरिगेशन, कॉर्न कटर मशीन और अन्य आधुनिक कृषि उपकरणों का लाइव प्रदर्शन किया गया। इसके अलावा मृदा स्वास्थ्य सुधार, पशुपालन, मत्स्य पालन और फसल विज्ञान से जुड़े स्टॉल भी लगाए गए। किसानों को मोबाइल आधारित नए ऐप के जरिए मिट्टी की जांच और खाद की सही मात्रा की जानकारी भी दी जाएगी।
कार्यक्रम में प्रदेश के कई मंत्री, सांसद, विधायक, कृषि वैज्ञानिक और वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। तीन दिनों तक चलने वाला यह महोत्सव किसानों को आधुनिक खेती, तकनीक और बाजार से जोड़ने का एक बड़ा मंच साबित हो रहा है।
आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़, व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture

