कृषि कंपनी समाचार (Industry News)

आईटीसी की टेक्नीको अपनी एरोपोनिक आलू बीज उत्पादन की क्षमता को बढ़ाकर 10 करोड़ करेगी

24 जुलाई 2026, नई दिल्ली: आईटीसी की टेक्नीको अपनी एरोपोनिक आलू बीज उत्पादन की क्षमता को बढ़ाकर 10 करोड़ करेगी – आईटीसी लिमिटेड की कंपनी टेक्निको आलू फसल के लिए मिनी ट्यूबर उत्पादन क्षमता का विस्तार कर रही है। कंपनी के अनुसार, विस्तार के बाद उसकी कुल उत्पादन क्षमता बढ़कर 10 करोड़ मिनी ट्यूबर हो जाएगी। इन मिनी ट्यूबरों का उत्पादन कंपनी की TECHNITUBER® तकनीक के माध्यम से किया जाएगा।

संजीव पुरी

आईटीसी की वार्षिक आम बैठक (AGM) 2026 को संबोधित करते हुए कंपनी के चेयरमैन संजीव पुरी ने कहा कि जलवायु परिवर्तन और खाद्य सुरक्षा की चुनौतियों के बीच बेहतर गुणवत्ता वाले बीजों का विकास कृषि उत्पादकता बढ़ाने और किसानों की आय में सुधार के लिए महत्वपूर्ण है।

उन्होंने बताया कि टेक्निको अपने एरोपोनिक संयंत्र में 60 नियंत्रित वातावरण वाले ग्रीनहाउस जोड़ रही है। इससे आलू के रोगमुक्त रोपण सामग्री के उत्पादन में वृद्धि होगी और किसानों को बेहतर गुणवत्ता के बीज उपलब्ध कराए जा सकेंगे।

संजीव पुरी ने कहा कि आईटीसी का लाइफ साइंसेज एंड टेक्नोलॉजी सेंटर (LSTC) गेहूं, आलू, तंबाकू, यूकेलिप्टस और सुबबूल जैसी फसलों की नई किस्मों के विकास पर काम कर रहा है। इसके लिए उन्नत प्रजनन तकनीक, आणविक आनुवंशिकी और डिजिटल तकनीकों का उपयोग किया जा रहा है। कंपनी के अनुसार, इन प्रयासों से विभिन्न फसलों की उत्पादकता में 15 से 50 प्रतिशत तक वृद्धि दर्ज की गई है।

कंपनी ने बताया कि उसने अमेरिकी FDA मानकों के अनुरूप निकोटीन डेरिवेटिव प्रसंस्करण संयंत्र भी शुरू किया है, जहां तैयार उत्पाद यूरोप, अमेरिका और दक्षिण कोरिया को निर्यात किए जाएंगे। इसके अलावा आईटीसी औषधीय एवं सुगंधित पौधों की खेती, उनके प्रसंस्करण तथा किसानों को बेहतर कृषि पद्धतियों का प्रशिक्षण देने पर भी काम कर रही है।

आईटीसी के अनुसार, मूल्य संवर्धित कृषि (वैल्यू एडेड एग्रीकल्चर) उसके कृषि कारोबार का प्रमुख हिस्सा है। पिछले पांच वर्षों में इस कारोबार ने 33 प्रतिशत की चक्रवृद्धि वार्षिक वृद्धि दर (CAGR) दर्ज की है। इस पोर्टफोलियो में प्रमाणित जैविक फसलें, प्रोसेस्ड मसाले, बागवानी उत्पाद, कॉफी, जलीय कृषि तथा हाई-स्टार्च मक्का और हाई-ग्लूटेन गेहूं जैसी विशेष गुणवत्ता वाली फसलें शामिल हैं।

कंपनी अपने डिजिटल कृषि प्लेटफॉर्म आईटीसी MAARS के माध्यम से फार्मिंग ऐज़ ए सर्विस (FaaS) मॉडल को भी आगे बढ़ा रही है। इसके तहत किसानों को खरीदारों की जरूरत के अनुसार फसल उत्पादन, ट्रेसबिलिटी, प्रमाणन और बाजार से जोड़ने की व्यवस्था उपलब्ध कराई जा रही है।

आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture