कृषि कंपनी समाचार (Industry News)

बायर ने कपास के लिए नया कीटनाशक ‘ट्रांस’ लॉन्च किया

22 जुलाई 2026, नई दिल्ली: बायर ने कपास के लिए नया कीटनाशक ‘ट्रांस’ लॉन्च किया – बायर ने कपास की फसल में रस चूसने वाले कीटों के नियंत्रण के लिए नया कीटनाशक ‘ट्रांस‘ लॉन्च किया है। यह उत्पाद माहू (एफिड), जैसिड (हरा फुदका) और सफेद मक्खी के निम्फ (प्रारंभिक अवस्था) के नियंत्रण के लिए विकसित किया गया है। कंपनी के अनुसार, यह जुलाई 2026 से महाराष्ट्र, गुजरात, मध्य प्रदेश, तमिलनाडु, केरल, राजस्थान, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, पंजाब, हरियाणा और पश्चिम बंगाल सहित प्रमुख कपास उत्पादक राज्यों में उपलब्ध होगा।

भारत में कपास की खेती में किसानों को एक साथ कई प्रकार के रस चूसने वाले कीटों के प्रकोप, मौजूदा कीटनाशकों के प्रति बढ़ती प्रतिरोधक क्षमता और बढ़ती उत्पादन लागत जैसी चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है। कंपनी के मुताबिक, ट्रांस में दो सक्रिय तत्व—स्पाइरोटेट्रामेट और फ्लोनिकामिड शामिल हैं। ये दोनों अलग-अलग लेकिन एक-दूसरे की पूरक कार्यप्रणाली (मोड ऑफ एक्शन) के माध्यम से एक ही छिड़काव में रस चूसने वाले कीटों के प्रभावी नियंत्रण में मदद करते हैं।

कंपनी के अनुसार, यह कीटनाशक टू-वे सिस्टमिक मूवमेंट और ट्रांसलैमिनर एक्शन के साथ कार्य करता है, जिससे पहले से मौजूद पत्तियों के साथ-साथ नई निकलने वाली पत्तियों को भी सुरक्षा मिलती है। इसका फॉर्मूलेशन छिड़काव के लगभग दो घंटे बाद वर्षा होने पर भी प्रभावी रहता है और इसे एकीकृत कीट प्रबंधन (आईपीएम) कार्यक्रमों के साथ भी इस्तेमाल किया जा सकता है।

बायर का कहना है कि ट्रांस कीटों द्वारा रस चूसने की प्रक्रिया को तेजी से रोकता है, पत्तियों को सुरक्षित रखने में मदद करता है और बार-बार कीटनाशक के छिड़काव की आवश्यकता कम कर सकता है। इससे फसल की सेहत और उपज क्षमता बनाए रखने में सहायता मिलती है।

इस अवसर पर बायर क्रॉप साइंस डिवीजन (भारत) के चीफ ऑपरेटिंग ऑफिसर मोहन बाबू ने कहा, “बायर में नए समाधानों का विकास किसानों की बदलती चुनौतियों को समझने से शुरू होता है। एक साथ कई रस चूसने वाले कीटों के प्रकोप और उनमें बढ़ती प्रतिरोधक क्षमता के कारण उनका नियंत्रण कठिन होता जा रहा है। ट्रांस दो पूरक मोड ऑफ एक्शन को एक ही उत्पाद में उपलब्ध कराता है, जिससे प्रभावी और टिकाऊ कीट प्रबंधन के साथ किसानों को बेहतर फसल स्वास्थ्य, उत्पादकता और लाभप्रदता प्राप्त करने में मदद मिलती है।”

ट्रांस 100 मि.ली., 220 मि.ली. और 500 मि.ली. के पैक में उपलब्ध होगा। इसके लॉन्च के साथ बायर ने भारत में कपास फसल के लिए अपने फसल सुरक्षा उत्पादों के पोर्टफोलियो का विस्तार किया है।

आपने उपरोक्त समाचार कृषक जगत वेबसाइट पर पढ़ा: हमसे जुड़ें
> नवीनतम कृषि समाचार और अपडेट के लिए आप अपने मनपसंद प्लेटफॉर्म पे कृषक जगत से जुड़े – गूगल न्यूज़व्हाट्सएप्प
> कृषक जगत अखबार की सदस्यता लेने के लिए यहां क्लिक करें – घर बैठे विस्तृत कृषि पद्धतियों और नई तकनीक के बारे में पढ़ें
> कृषक जगत ई-पेपर पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: E-Paper
> कृषक जगत की अंग्रेजी वेबसाइट पर जाने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें: Global Agriculture