Uncategorized

प्रदेश में 121 लाख हेक्टेयर से अधिक रकबे में बोनी पूरी

Share

(विशेष प्रतिनिधि)
भोपाल। प्रदेश में इस वर्ष अब तक 121 लाख 43 हजार हेक्टेयर क्षेत्र में खरीफ की बोनी की जा चुकी है। राज्य में बोयी गयी खरीफ फसलों की स्थिति सामान्य रूप से संतोषजनक है। वर्तमान में किसी कीट-बीमारी का विशेष प्रकोप देखने में नहीं आया है। राज्य के कुछ क्षेत्रों में वर्षा सामान्य से कम होने के बाद भी आवश्यक नमी होने के कारण फसलों का विकास बराबर बना हुआ है। प्रदेश में आदानों के गुण नियंत्रण की कार्यवाही तेजी से की जा रही है। बुवाई में निर्धारित लक्ष्य पूरा होने की संभावना है। यह जानकारी प्रदेश के संचालक कृषि श्री मोहनलाल ने कृषक जगत को दी।

श्री मोहनलाल ने बताया कि खरीफ फसलों की बोनी का काम लगभग पूरा हो चुका है। राज्य में 132 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में बोनी किये जाने का कार्यक्रम तय किया गया है। अब तक करीब 92 प्रतिशत बोनी का कार्य पूरा किया जा चुका है। गत वर्ष अब तक 117 लाख हे. में बोनी हुई थी। खरीफ सीजन में अनाज की फसलों में धान 23 लाख 60 हजार हेक्टेयर क्षेत्र में बोने का कार्यक्रम तय किया गया है।
अब तक धान की 18 लाख 6 हजार हेक्टेयर में बोनी की जा चुकी है। अनाज की अन्य फसल मक्का की 12 लाख 85 हजार हेक्टेयर क्षेत्र में बोनी किये जाने का लक्ष्य तय किया गया था। इसके विरुद्ध लक्ष्य से अधिक करीब 13 लाख 11 हजार हेक्टेयर में मक्का की बोनी की गयी है, जो पिछले वर्षों के मुकाबले में अधिक है। किसानों ने मक्का की बुआई में अच्छी दिलचस्पी दिखायी है। खरीफ सीजन में अनाज फसलों की कुल 36 लाख 20 हजार हेक्टेयर क्षेत्र में बोनी की गयी है।
संचालक कृषि ने बताया कि राज्य में अब तक सोयाबीन की 48 लाख हेक्टेयर में बोनी की गयी है। इस वर्ष सोयाबीन का 53 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में बोनी किये जाने का कार्यक्रम तय किया गया है। खरीफ सीजन में इस वर्ष तिलहनी फसलों में करीब 54 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में बोनी का कार्य पूरा किया जा चुका है। कपास की बुआई 5 लाख 78 हजार हेक्टेयर में की गयी है। राज्य में 25 लाख 88 हजार हेक्टेयर क्षेत्र में दलहन फसलों की बुआई की गयी है। इसमें तुअर की शत-प्रतिशत 6 लाख 35 हजार हेक्टेयर क्षेत्र में और उड़द की 17 लाख 16 हजार हेक्टेयर क्षेत्र में बोनी की गयी है। वहीं मूंग की बुवाई 2.50 लाख हेक्टेयर लक्ष्य के विरुद्ध 2.22 लाख हे. में की गई है।

   प्रदेश में बुवाई स्थिति (लाख हे. में)
फसल  लक्ष्य बुवाई
धान 23.6 18.06
ज्वार 2.32 1.51
मक्का 12.85 13.11
बाजरा 2.85 2.47
तुअर 6.5 6.35
उड़द 12 17.16
मूंग 2.5 2.22
सोयाबीन 53 47.95
मूंगफली 2.7 2.09
कपास 6.23 5.78

 

Share
Advertisements

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *