Uncategorized

गेहूं में दोगुनी उत्पादकता के लिए अरुणा और रमेश को मिलेगा कर्मण पुरस्कार

भोपाल। गेहूं में दोगुनी उत्पादकता लेने के लिए होशंगाबाद जिले की प्रगतिशील कृषक श्रीमती अरुणा जोशी एवं नरसिंहपुर जिले के श्री नरेश पटेल को कृषि कर्मण पुरस्कार मिलेगा। कृषि विभाग द्वारा इन दोनों कृषकों का नाम चयनित कर भारत सरकार को भेजा गया है। श्रीमती जोशी ने 10460 किलोग्राम प्रति हेक्टेयर गेहूं की उत्पादकता ली है जबकि होशंगाबाद जिले की उत्पादकता 4800 किलोग्राम प्रति हेक्टेयर है। वहीं श्री नरेश पटेल ने 9980 किलोग्राम प्रति हेक्टेयर उत्पादकता ली है जबकि नरसिंहपुर जिले की उत्पादकता 4200 किलोग्राम प्रति हेक्टेयर है। ज्ञातव्य है कि म.प्र. को लगातार 5वीं बार भारत सरकार का प्रतिष्ठित कृषि कर्मण अवार्ड दिया जा रहा है। यह अवार्ड वर्ष 2015-16 में सर्वाधिक गेहूं उत्पादन के क्षेत्र में दिया जाएगा। इस अवार्ड कार्यक्रम के लिये प्रधानमंत्री जल्द ही सहमति देंगे।
उल्लेखनीय है कि सर्वाधिक गेहूं उत्पादन के लिये म.प्र. को 2 करोड़ रुपये की राशि एवं प्रशस्ति पत्र दिया जाएगा। इसके साथ ही प्रदेश के दो कृषक एक पुरूष एवं एक महिला को भी गेहूं उत्पादन के लिये 2-2 लाख रुपये की राशि एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा। इसलिये कृषि विभाग ने सम्मानित होने वाले कृषकों में श्रीमती अरूणा जोशी एवं श्री नरेश पटेल का नाम चयनित कर भारत सरकार को भेजा है।

श्रीमती अरूणा जोशी– होशंगाबाद जिले के विकासखंड पिपरिया के ग्राम पनारी की प्रगतिशील कृषक श्रीमती जोशी के पास 7.2 हेक्टेयर सिंचित भूमि है। उन्होंने गेहूं की जी.डब्ल्यू. 322 किस्म लगाई थी। उसमें खाद का संतुलित प्रयोग किया। 129 दिन की फसल कटाई के बाद 10460 किलो ग्राम प्रति हेक्टेयर की उत्पादकता प्राप्त की। जबकि इस विकासखंड की उत्पादकता 5200 किलोग्राम प्रति हेक्टेयर तथा जिले की उत्पादकता 4800 किलोग्राम प्रति हे. है।

Advertisement
Advertisement

श्री नरेश पटेल– नरसिंहपुर जिले के विकासखंड चीचली के ग्राम कनवास के प्रगतिशील कृषक श्री नरेश पटेल के पास 7.3 हेक्टेयर सिंचित भूमि है। उन्होंने गेंहू की जी.डब्ल्यू 366 किस्म लगाई थी। बीजोपचार कर खाद का संतुलित उपयोग किया। 130 दिन बाद फसल कटाई पर 9980 किलोग्राम प्रति हेक्टेयर उत्पादकता प्राप्त की। जबकि इस विकासखंड की उत्पादकता 4000 किलोग्राम प्रति हेक्टेयर तथा जिले की उत्पादकता 4200 किलोग्राम प्रति हेक्टेयर है।

Advertisements
Advertisement5
Advertisement